दिल्ली की सरकार राजधानी की बेटियों के लिए एक खास योजना लेकर आई है, जिसके तहत बच्चियों को 1 लाख रुपये तक दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को इस योजना की घोषणा करते हुए कहा था, उनकी सरकार 2008 की लाडली योजना के स्थान पर 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' शुरू करेगी. यह योजना महिला एवं बाल विकास विभाग की और से 2008 में शुरू की गई मौजूदा 'दिल्ली लाडली योजना' का की जगह लेगी.
'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल
कब से शुरू होगी 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना'
दिल्ली में 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' एक अप्रैल से शुरू होने जा रही है. इस योजना के शुरू होते ही पुरानी लाडली योजना को बंद कर दिया जाएगा.
कितने रुपये का मिलेगा लाभ
नई योजना के तहत सरकार हर लाभार्थी बेटी को अधिकतम 56,000 रुपये की वित्तीय सहायता देगी. यह राशि शिक्षा और आयु से जुड़े विभिन्न चरणों के अनुसार दी जाएगी. ये पैसे किस्तों में दिए जाएंगे. जिसकी शुरुआत जन्म से ही हो जाएगी. इस योजना के तहत मिलने वाली किस्त स्नातक या डिप्लोमा स्तर की पढ़ाई तक जारी रहेगी.
कैसे मिलेगी ये राशि
ये पैसे लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में सीधे जारी किए जाएंगे. 56,000 रुपये की वित्तीय सहायता ब्याज के साथ मिलकर अंत में 1 लाख रुपये बन जाएंगी. याद रखें की जब लड़की 21 साल की हो जाएगी या अपनी ग्रैजुएशन या डिप्लोमा की पढ़ाई पूरी कर लेगी, तब उसे ये राशि दी जाएगी. 21 साल की उम्र होने पर कुल 1 लाख रुपये लड़की के खाते में आंएगे
कैसे करें आवेदन
इस योजना के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया फिलहाल शुरू नहीं हुई है. इस योजना के लिए सरकार जल्द ही एक अलग डिजिटल पोर्टल बनाएगी. जिसके जरिए आवेदन की जा सकेगी.
कौन उठा सकता है लाभ
इस योजना का लाभ केवल वही बेटियां उठा सकती हैं जिनका जन्म दिल्ली में हुआ होगा. साथ ही जिनका परिवार कम से कम तीन वर्षों से शहर में रह रहे हों. परिवार की वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक न हो. इस योजना के तहत एक परिवार की दो लड़कियों को ही लाभ मिलेगा. यानी तीसरी लड़की होने पर इस योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे. प्रति परिवार दो लड़कियों को वित्तीय सहायता ही दी जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं