विज्ञापन
This Article is From May 04, 2018

नाबालिग को जिंदा जलाने का मामला : पुलिस छावनी में तब्दील हुआ झारखंड का राजा केंदुआ गांव

घटना के बाद से सभी आरोपी गांव छोड़कर फरार हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस सभी संभावित स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

नाबालिग को जिंदा जलाने का मामला : पुलिस छावनी में तब्दील हुआ झारखंड का राजा केंदुआ गांव
राजा केंदुआ गांव में पुलिस के वरिष्‍ठ अधिकारी कैम्‍प कर रहे हैं
रांची: झारखंड के चतरा जिले के ईटखोरी थाना क्षेत्र के राजा केंदुआ गांव में दुष्कर्म के बाद नाबालिग की जलाकर हत्या मामले ने तूल पकड़ लिया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राजा केंदुआ गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. इतना ही नहीं, गांव में डीएसपी मुख्यालय पीताम्बर सिंह खैरवार व एसडीपीओ सिमरिया प्रदीप कच्छप समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान कैम्प कर रहे हैं. पुलिस अधीक्षक अखिलेश बी वारियर व अनुमंडल अधिकारी राजीव कुमार ने भी देर शाम गांव में जाकर पीड़ित परिवार से पूछताछ की है.

इधर घटना के बाद से सभी आरोपी गांव छोड़कर फरार हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस सभी संभावित स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. मौके पर एसपी ने परिजनों को आश्‍वासन दिया कि अपराधियों कि खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अपराधी बख्‍शे नहीं जाएंगे. मामले को लेकर पीड़ित परिजनों की लिखित शिकायत पर ईटखोरी थाना में गांव के बारह लोगों के विरुद्ध दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया गया है. इधर डीसी के निर्देश पर रात करीब दस बजे अधिकारियों की एक विशेष टीम भी मौके के लिए रवाना हुई है. डीसी ने तत्काल राहत के तहत एक लाख रुपये का चेक अधिकारियों के माध्यम से पीड़ित परिवार को भिजवाया है. इसके अलावा उपायुक्त ने श्राद्ध कार्यक्रम में भी पीड़ित परिवार को सहयोग करने की घोषणा की है.

यह भी पढ़ें : गुजरात में चार साल के बच्चे से दुष्कर्म व हत्या में आरोपी को मौत की सजा

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी चतरा में एक 16 वर्षीया नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद जिंदा जलाए जाने की घटना पर गहरा क्षोभ प्रकट करते हुए कहा कि 'इस हृदयविदारक घटना से मैं काफी आहत हूं. सभ्य समाज में इस तरह की बर्बरता का कोई स्थान नहीं है.' मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्परता दिखाते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हर हाल में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

VIDEO : झारखंड : नाबालिग से गैंगरेप कर जिंदा जलाया​


तुगलकी फरमान सुनाने वाले पंचायत प्रतिनिधियों पर कार्रवाई कब
बलात्कार और उसके बाद हत्या जैसी घिनौनी और जघन्य वारदात पर पर्दा डालते हुये जिस तरह पंचायत की मुखिया तिलेश्वरी देवी और पंचायत समिति सदस्य रंजय रजक ने एक लड़की की अस्मत की कीमत महज पचास हजार लगाकर अपराधियों का मनोबल बढ़ा दिया, पूरे मामले में दोनों उतने ही कसूरवार हैं जितने बलात्कार और हत्या के आरोपी. ऐसे मे अब जरूरत इस बात की है कि पुलिस आरोपी पर कार्रवाई करने के साथ-साथ वैसे पंचायत प्रतिनिधियों पर भी कार्रवाई कर उन्‍हें जेल की सलाखों के पीछे भेजे जो अपने तुगलकी फरमान से समाज को दशा और दिशा विहीन करते हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gangrape In Jharkhand, Jharkhand Girl Burnt Alive
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com