विज्ञापन

झारखंड: 5 साल से पढ़ाने नहीं आया शिक्षक, फंड में गड़बड़ी कर पैसे भी हड़पे; विभाग ने किया बर्खास्त

झारखंड के पाकुड़ में 5 साल से लापता शिक्षक पर बड़ी कार्रवाई हुई है. गबन और ड्यूटी से गायब रहने के आरोप साबित होने पर सेवा से बर्खास्त किया गया, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. पाकुड़ से जयदेव कुमार की रिपोर्ट

झारखंड: 5 साल से पढ़ाने नहीं आया शिक्षक, फंड में गड़बड़ी कर पैसे भी हड़पे; विभाग ने किया बर्खास्त
झारखंड के पाकुड़ में 5 साल से लापता शिक्षक पर बड़ी कार्रवाई हुई है.

Jharkhand News: झारखंड के पाकुड़ जिले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लापरवाह शिक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया है. जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार ने लिट्टीपाड़ा पश्चिमी स्थित बालक मध्य विद्यालय के निलंबित शिक्षक मो. अब्दुल हन्नान को सरकारी सेवा से हटाने का आदेश जारी किया. यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही जांच के बाद की गई है.

गबन और अनुपस्थिति ने बढ़ाई मुश्किलें

जांच में सामने आया कि शिक्षक पिछले पांच साल से अधिक समय से बिना किसी सूचना के स्कूल से गायब थे. इतना ही नहीं उन पर विद्यालय के फंड की राशि के गबन का भी गंभीर आरोप लगा. विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कारण पृच्छा नोटिस जारी किया था, जिसका जवाब 10 जनवरी 2026 को मिला, लेकिन वह संतोषजनक नहीं पाया गया.

जांच में खुली बड़ी लापरवाही

स्थापना समिति की जांच में स्पष्ट हुआ कि शिक्षक ने न केवल अपने कर्तव्यों की अनदेखी की, बल्कि वित्तीय नियमों का भी खुलकर उल्लंघन किया. स्कूल के शैक्षणिक कार्यों में रुचि न लेना और मनमाना रवैया अपनाना भी उनके खिलाफ प्रमुख बिंदु रहे. इन सभी तथ्यों के आधार पर विभाग ने कड़ा कदम उठाया.

नियमों के तहत सेवा से हटाने का आदेश

झारखंड सेवा संहिता की संबंधित धाराओं के तहत शिक्षक को सेवा से मुक्त करने का आदेश जारी किया गया. इस आदेश की प्रति उपायुक्त पाकुड़ और प्राथमिक शिक्षा निदेशक रांची को भी भेज दी गई है, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

डीएसई की सख्त चेतावनी

इस कार्रवाई के बाद जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार ने जिले के सभी शिक्षकों को स्पष्ट संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जो भी शिक्षक अपने कर्तव्यों से मुंह मोड़ेगा, उसके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई होगी.

यह भी पढ़ें- जयपुर में गर्भवती को पीछे से दबोचा, भागकर बचाई जान; घटना सीसीटीवी में कैद 

लेखक के बारे में
img
सौरभ कुमार मीणा
Trainee Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakur News, Jharkhand Education Department, Teacher Dismissed, School Fund Embezzlement
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com