Jharkhand News: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बार फिर रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है. बिरनी थाना क्षेत्र के सिमराडीह गांव में एक पति ने अपनी 55 वर्षीय दिव्यांग पत्नी की हत्या बेहद निर्मम तरीके से कर दी. आरोपी पति दौलत साव ने अपनी पत्नी कुर्सी देवी की गर्दन टाइल्स-मार्बल काटने वाली ग्राइंडर मशीन से रेत दी. यह दिल दहला देने वाली घटना शनिवार देर शाम को हुई लेकिन इसका खुलासा रविवार को हुआ.
अवैध संबंधों के शक ने ली जान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी. बताया जा रहा है कि उनके बीच अवैध संबंधों को लेकर अक्सर विवाद होता था. शनिवार की शाम जब घर के अन्य सदस्य अपने कार्यों में व्यस्त थे, तब दौलत ने कमरे के भीतर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलने पर गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने तुरंत मामले को संज्ञान में लिया और सरिया-बगोदर के एसडीपीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए. बिरनी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति दौलत साव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस इस मामले में मृतका की बहू से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके.
इलाके में आक्रोश
घटना की सूचना पर स्थानीय प्रखंड प्रमुख रामू बैठा और उपप्रमुख शेखर ने घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने मृतका के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है और अवैध संबंधों के कोण के साथ अन्य पहलुओं पर भी गौर किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें-
झारखंड: बंद खदान में कोयला खोदने गए लोग, जहरीली गैस से 4 की दर्दनाक मौत; प्रशासन ने उठाया बड़ा कदम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं