विज्ञापन

Jharkhand: चतरा जेल में अचानक पहुंचे डीसी-एसपी, 350 कुख्यात कैदियों के वार्डों का कोना कोना खंगाला

झारखंड के चतरा मंडल कारा में उपायुक्त रवि आनंद और एसपी अनिमेष नैथानी ने भारी सुरक्षा बल के साथ औचक छापेमारी की. वार्डों की तलाशी और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा के बाद अधिकारियों ने कड़े निर्देश दिए . पढ़ें सूर्यकांत कमल की ये रिपोर्ट.

Jharkhand: चतरा जेल में अचानक पहुंचे डीसी-एसपी, 350 कुख्यात कैदियों के वार्डों का कोना कोना खंगाला
चतरा मंडल जेल ( झारखंड)
NDTV

Chatra Jail inspection News: झारखंड के चतरा मंडल जेल में सोमवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब जिले के उपायुक्त (DC) रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक (SP) अनिमेष नैथानी भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचे. बिना किसी पूर्व सूचना के हुई इस कार्रवाई से जेल परिसर में तैनात कर्मियों और सुरक्षाबलों में खलबली मच गई.

बारीकी से खंगाला गया जेल का कोना-कोना

निरीक्षण के दौरान DC और SP ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से मुआयना किया. अधिकारियों ने मुख्य प्रवेश और निकास बिंदुओं, प्रहरियों की तैनाती और विशेष रूप से सीसीटीवी (CCTV) निगरानी प्रणाली की जांच की. साथ ही टीम ने बंदियों के वार्डों में जाकर तलाशी ली और वहां वेंटिलेशन, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और भोजन की गुणवत्ता की भी समीक्षा की.

सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर

उपायुक्त रवि आनंद ने निरीक्षण के बाद कहा कि जेल की सुरक्षा और बंदियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमित निरीक्षण से व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होती है. यदि कहीं भी लापरवाही या आपत्तिजनक सामान पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

वहीं, एसपी अनिमेष नैथानी ने सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने नियमित पेट्रोलिंग, कैदियों से मिलने आने वालों की सघन जांच और रिकॉर्ड का रखरखाव को और अधिक मजबूत करने का आदेश दिया.

 DC और SP ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए

DC और SP ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए
Photo Credit: NDTV

स्वास्थ्य और आपातकालीन तैयारियों का आकलन

प्रशासनिक टीम ने जेल अस्पताल का भी दौरा किया. वहां नियमित मेडिकल जांच, दवाओं की उपलब्धता और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए किए गए इंतजामों को परखा गया. राहत की बात यह रही कि सघन तलाशी के बावजूद जेल परिसर से कोई भी आपत्तिजनक सामान या गंभीर अनियमितता नहीं पाई गई. अधिकारियों ने वर्तमान व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया.

मौके पर मौजूद रहे आला अधिकारी

इस औचक निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ जहूर आलम, एसडीपीओ संदीप सुमन, सीओ अनिल कुमार और थाना प्रभारी अवधेश सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा.

लेखक के बारे में
img
अनामिका मिश्रा
Senior Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand News, Jharkhand, Local News, Chatra Jail Raidm Chatra News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com