विज्ञापन
This Article is From Apr 23, 2016

IPL9 : रोहित की साहसिक पारी बेकार, दिल्ली डेयरडेविल्स ने मुंबई इंडियंस को 10 रन से हराया

IPL9 : रोहित की साहसिक पारी बेकार, दिल्ली डेयरडेविल्स ने मुंबई इंडियंस को 10 रन से हराया
रोहित शर्मा ने 65 रन बनाए, लेकिन अपनी टीम की हार नहीं बचा सके (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: दिल्ली डेयरडेविल्स ने शनिवार को फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले गए आईपीएल-9 के 17वें और अपने चौथे मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 10 रनों से हरा दिया। यह दिल्ली की लगातार तीसरी जीत है। दिल्ली ने मुंबई के सामने 165 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में खेलने उतरी दो बार की चैंपियन टीम कप्तान रोहित शर्मा (65) की बेहतरीन पारी के बावजूद निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 154 रन ही बना सकी। अंतिम पांच ओवरों में मुंबई ने 40 रनों पर तीन विकेट गंवाए।

मुंबई की शुरुआत रही खराब
मुंबई को छह में से दो मैचों में जीत मिली है, लेकिन चार मैचों में उसे हार का स्वाद चखना पड़ा है। मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने नौ रन के कुल योग पर ही पार्थिल पटेल (1) का विकेट गंवा दिया। पटेल को श्रेयस अय्यर ने रन आउट किया। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने अंबाती रायुडू (25) के साथ मिलकर 53 रनों की साझेदारी की। रायुडू को 62 के कुल योग पर अमित मिश्रा ने बोल्ड किया।

रायुडू की विदाई के बाद विकेट पर आए क्रूनाल पंड्या ने भी कप्तान का अच्छा साथ दिया और उनके साथ तीसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़े। यह साझेदारी 25 गेंदों पर हुई। क्रूनाल 36 रन के निजी योग पर कप्तान जहीर खान द्वारा रन आउट किए गए। उन्होंने 17 गेंदों का सामना कर चार चौके और दो छक्के लगाए।

अंतिम क्षणों में बढ़ता गया दबाव
110 के कुल योग पर मुंबई को जोस बटलर (2) के रूप में एक और झटका लगा। बटलर को अमित मिश्रा ने पगबाधा आउट किया। मुंबई पर दबाव बढ़ता जा रहा था, लेकिन चूंकि कप्तान विकेट पर थे, लिहाजा मुंबई जीत के बारे में सोच सकता था। जीत हालांकि थोड़ी मुश्किल दिखाई दे रही थी। हुआ भी यही, रोहित तथा उनके नए साथी केरन पोलार्ड (19) बड़े शॉट्स नहीं खेल सके। नतीजा हुआ कि मुंबई दबाव में आ गया और अंतिम ओवरों में उसके खाते में जीत के लिए 21 रन बनाने की चुनौती आई।

क्रिस मौरिस ने इस ओवर में अपना संयम बनाए रखा और रोहित तथा हरभजन सिंह (0) का विकेट लेकर दिल्ली की जीत पक्की की। इस ओवर में मौरिस ने हालांकि एक छक्का भी दिया। दिल्ली की ओर से मौरिस ने तीन सफलता हासिल की, जबकि अमित मिश्रा को दो और कप्तान जहीर को एक विकेट मिला।

दिल्ली की पारी
दिल्ली डेयरडेविल्स ने संजू सैमसन (60) के अर्धशतक और जेपी ड्यूमिनी (नाबाद 49) के साथ चौथे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी से फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ चार विकेट पर 164 रन का स्कोर खड़ा किया।

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने दिल्ली की चिलचिलाती गर्मी में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। उसके लिए मिशेल मैक्लानेघन ने दो, जबकि हार्दिक पांड्या और हरभजन सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किया।
 
शॉट जमाते हुए संजू सैमसन (फोटो साभार : BCCI)

सैमसन और डुमिनी ने 71 रनों की साझेदारी की
दिल्ली के कप्तान जहीर खान ने मैच के शुरू में कहा था कि वे घरेलू मैदान पर अच्छी साझेदारी बनाने की कोशिश करेंगे और उनके लिए बड़ी साझेदारी सैमसन और ड्यूमिनी ने बनाई, जिन्होंने 8.3 ओवर में 71 रन जोड़े। सैमसन ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन बनाते ही अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इसके लिए 40 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का जड़ा। ड्यूमिनी ने 31 गेंद में तीन चौके और दो छक्के से 49 रन की पारी खेली।

सस्ते में लौटे डिकॉक
सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (9) ने पहली दो गेंद पर दो चौक्के जड़कर अच्छी शुरुआत की, लेकिन दिल्ली और टीम के प्रशंसकों की उम्मीद दूसरे ओवर में ही टूट गई, जब वह मैक्लेनाघन की गेंद पर हार्दिक पांड्या को कैच देकर पैवेलियन लौट गए। डिकॉक के जाने के बाद श्रेयस अय्यर ने सतर्कता से खेलते हुए चौथे ओवर में मैक्लेनाघन की गेंद पर पहले चौका और फिर पारी का पहला छक्का लगाया। दूसरे छोर पर सैमसन ने भी अगले ओवर में चौका लगाया।

अय्यर और नायर भी नहीं जम पाए
अय्यर (19) ने सातवें ओवर में हार्दिक पांड्या की गेंद को ऊंचा शॉट खेल दिया, जिससे अम्बाती रायुडू ने इसे आसानी से लपककर उनकी पारी का अंत किया। करुण नायर (5) ने आते ही हरभजन के पहले ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाया, लेकिन इस ओवर की अंतिम गेंद पर वह चलते बने।

मेजबान टीम का स्कोर 10 ओवर में तीन विकेट पर 65 रन था। 11वें ओवर में सैमसन ने हरभजन की गेंद पर एक छक्का और चौका जमाया। सैमसन और ड्यूमिनी ने मिलकर एक-दो रन जुटाने के अलावा बीच-बीच में बाउंड्री लगाकर रन गति बढ़ाना जारी रखा। मेजबान टीम का चौथा विकेट सैमसन के रूप में 125 रन के स्कोर पर गिरा, जिन्हें मैक्लेनाघन ने आउट किया। सैमसन ने 48 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के जड़े।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुंबई इंडियंस, दिल्ली डेयरडेविल्स, आईपीएल9, Mumbai Indians, Delhi Daredevils, IPL 9, जहीर खान, रोहित शर्मा, आईपीएल2016, Zaheer Khan, Rohit Sharma, IPL2016