विज्ञापन
This Article is From May 01, 2017

IPL MI Vs RCB: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु का सामना मजबूत मुंबई इंडियंस से

IPL MI Vs RCB: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु का सामना मजबूत मुंबई इंडियंस से
विराट कोहली के साथ रोहित शर्मा (फाइल फोटो)
नई दिल्‍ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है और अब टीम सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में जब मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी तो वह चाहेगी कि बाहर होने के बावजूद उसके बल्लेबाज दमदार प्रदर्शन करें. मुंबई की टीम आईपीएल तालिका में 14 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है जबकि बेंगलुरु की टीम ने अपने 10 मैचों में से केवल दो में जीत दर्ज की है जिससे वह नीचे से दूसरे स्थान पर है. मुंबई इंडियंस ने अभी तक नौ में से सात मैचों में जीत दर्ज की है और प्लेऑफ में जगह बनाने की ओर है. जब दोनों टीमें वानखेड़े स्टेडियम में भिड़ेंगी तो मेजबान टीम का पलड़ा निश्चित रूप से भारी होगा क्योंकि उन्होंने इस स्थल पर केवल एक ही मैच गंवाया है. सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल की फॉर्म मुंबई के टीम प्रबंधन के लिये अच्छी चीज है जिन्होंने गुजरात लायंस के खिलाफ 70 रन बनाये. वह जोस बटलर के साथ टीम को अच्छी शुरुआत देना चाहेंगे.

मुंबई ने बीती रात गुजरात पर सुपर ओवर में जीत दर्ज की जिसमें दोनों टीमें 153 रन के स्कोर से बराबर रहीं थी. टीम शुरू से ही बेंगलुरु पर दबदबा बनाना चाहेगी. मुंबई इंडियंस ने अपना पिछला मैच यहां वानखेड़े में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के खिलाफ गंवाया था. अब वे उम्मीद करेंगे कि पटेल, बटलर के साथ कप्तान रोहित शर्मा, नीतिश राणा और पंड्या बंधु (कृणाल और हार्दिक) एकजुट होकर मजबूत बल्लेबाजी करें. जहां तक गेंदबाजी का सवाल है तो श्रीलंकाई गेंदबाज लसिथ मलिंगा की वापसी से कोच शेन बांड खुश होंगे जिन्होंने बीती रात दो विकेट झटके.

लेकिन मुंबई के लिये सबसे सकारात्मक चीज उनकी डेथ ओवर में गेंदबाजी है जिसमें जसप्रीत बुमराह और हार्दिक शानदार रहे हैं. कृणाल और ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह प्रभावशाली रहे हैं जिससे टीम प्रबंधन चाहेगा कि ये सभी गेंदबाज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाजी क्रम को जल्द ही समेट दें. उम्मीद है कि मलिंगा टीम में कायम रहेंगे.


वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज इस टूर्नामेंट में बुरी तरह से विफल रहे हैं जबकि उनके बल्लेबाजी क्रम में दुनिया के कुछ बेहतरीन क्रिकेटर मौजूद हैं. कप्तान विराट कोहली ने पिछले मैच में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के खिलाफ अर्धशतक जड़ा और यह बीती रात का टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा. लेकिन अगर बेंगलुरु को वानखेड़े की बल्लेबाजों के मुफीद पिच पर बड़ा स्कोर बनाना है तो क्रिस गेल, शेन वाटसन, कोहली, एबी डिविलियर्स और केदार जाधव को अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी जो अभी तक टूर्नामेंट में नहीं हुआ है.

टीम को मुंबई के बल्लेबाजी लाइन अप को रोकने के लिये अपने मुख्य स्पिनर सैमुअल बद्री से भी उम्मीद करनी होगा कि वे रणनीति को योजनाबद्ध तरीके से कार्यान्वित करें. इसके लिये उन्हें श्रीनाथ अरविंद, यजुवेंद्र चहल, एडम मिलने और अनिकेत चौधरी की मदद चाहिए होगी.

टीमें इस प्रकार हैं:

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), लेंडिल सिमन्स, मिशेल जॉनसन, मिशेल मैकलेनगन, नीतिश राणा, पार्थिव पटेल, सौरभ तिवारी, श्रेयस गोपाल, टिम साउदी, लसिथ मलिंगा, कृणाल पंड्या, कीरोन पोलार्ड, अम्बाती रायुडू, असेला गुणरत्ने, हरभजन सिंह, हार्दिक पंड्या, जगदीश सुचित, जसप्रीत बुमराह, जोस बटलर, कर्ण शर्मा और विनय कुमार.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, क्रिस गेल, युजवेंद्र चाहल, हषर्ल पटेल, मंदीप सिंह, एडम मिलने, विष्णु विनोद, श्रीनाथ अरविंद, केदार जाधव (विकेटकीपर), शेन वाटसन, स्टुअर्ट बिन्नी, सैमुअल बद्री, इकबाल अब्दुल्ला, ट्रेविस हेड, सचिन बेबी, अवेश खान, तबरेज शम्सी, टाइमल मिल्स, अनीकेत चौधरी, प्रवीण दुबे, बिली स्टैनलेक.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
लेखक के बारे में
img
भाषा
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Indians, Rohit Sharma, Royal Challengers Bangalore, Virat Kohli, Indian Premier League 2017, IPL 10
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com