एक ऐसा घर जहां हर रोज 100 किलो चावल, 60 किलो आलू और 30 मुर्गों की दावत उड़ती हो. कोई शादी-ब्याह या भंडारा नहीं, बल्कि ये तो इस घर का रोज का राशन था. 39 पत्नियां, 94 बच्चे, और कुल 181 सदस्यों का भरा-पूरा कुनबा. 66 साल की उम्र में भी इस शख्स ने सीना तान कहा था- 'मौका मिला, तो एक और शादी करूंगा.' ये शख्स हैं मिजोरम के जियोना चाना. जिनकी 76 साल में साल 2021 में मौत हो गई.
लेकिन सवाल ये उठता है कि देश में जहां दूसरी शादी करने पर सात साल की हवा खानी पड़ सकती है, वहां इस शख्स ने 39 शादियां रचा कैसे लीं? कानून के हाथ इन तक क्यों नहीं पहुंचे? इस 'क्यों और कैसे' का जवाब छुपा है मिजोरम की खूबसूरत वादियों में.

39 पत्नियों के साथ मिजोरम के जियोना चाना
दादा को चर्च से निकाला, फिर बनाया नया धार्मिक समुदाय
साल 1942. मिजोरम का बकतवांग गांव. इनके दादा को जब चर्च से बाहर का रास्ता दिखाया गया, तो उन्होंने अपनी एक अलग ही दुनिया बसा ली. अपना नया धार्मिक समुदाय बनाया, जिसका एक अनोखा नियम था- 'पुरुष जितनी चाहे, उतनी शादियां कर सकता है.' बस, यहीं से इस अनोखे परिवार की नींव पड़ी.
ये भी पढ़ें: रणथम्भौर के जंगल का वो खूंखार 'उस्ताद', नूर के प्यार में पागल टाइगर को क्यों मिली उम्रकैद, लैला-मजनूं जैसी है बाघ-बाघिन की ये लव स्टोरी
जियोना चाना ने 17 साल की कम उम्र में पहली बार सेहरा बांधा. दुल्हन इनसे 3 साल बड़ी थी. लेकिन इसके बाद का सफर महज कोई शौक नहीं था. जियोना ने गांव की उन बेसहारा और गरीब औरतों का हाथ थामा, जिनका इस दुनिया में कोई नहीं था. उन्हें छत और समाज में सिर उठाकर जीने की इज्जत देने के लिए, वो शादियां करते गए. देखते ही देखते ये कारवां 39 पत्नियों तक जा पहुंचा. इतना ही नहीं, एक बार उन्होंने दावा किया था कि एक साल में 10 शादी की हैं.

जियोना चाना अपनी पहली पत्नी के साथ
किलेनुमा घर में 100 कमरे, सबसे बड़ी पत्नी मैनेजर
इतने बड़े कुनबे को रखने के लिए कोई छोटा-मोटा घर तो चाहिए नहीं था. तो परिवार ने अपने ही हाथों से खड़ी की चार मंजिला इमारत. पूरे 100 कमरों का एक किलेनुमा घर. जरा इस घर के अनुशासन को समझिए. घर की सबसे बड़ी पत्नी एक मैनेजर की तरह पूरे घर को संभालती है. फिर ड्यूटी बांटी जाती है. बाकी पत्नियां एक विशाल हॉल में सोती थीं, और बकायदा एक 'रोस्टर' या लिस्ट बनती थी कि किस रात कौन सी पत्नी, पति के कमरे में जाएगी. यानी एकदम फौज वाला अनुशासन.
इनके इस अचरज भरे संसार का डंका सात समंदर पार अमेरिका तक बजा. दुनिया भर के अजूबे दर्ज करने वाली मशहूर किताब 'रिप्लीज बिलीव इट ऑर नॉट' ने भी माना कि जियोना चाना का परिवार दुनिया में सबसे बड़ा है.
एक साथ विधवा हो गईं 39 पत्नियां
जून 2021 में 76 साल की उम्र में जियोना चाना ने दुनिया को अलविदा कह दिया. जरा उस मंजर की कल्पना कीजिए. एक ही दिन, एक ही छत के नीचे 39 औरतें एक साथ विधवा हो गईं. परिवार को इस बात पर यकीन ही नहीं हुआ कि उनका मुखिया, उनका साया उठ चुका है. उन्हें लगा जैसे कोई चमत्कार होगा और वो लौट आएंगे. इसलिए पूरे 4 दिन तक अंतिम संस्कार रोक कर रखा गया कि काश वो जिंदा हो जाएं.

आज जियोना हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वो 100 कमरों वाला घर और वो विशाल परिवार आज भी एक साथ, उसी छत के नीचे रहता है. आज ये घर सिर्फ एक ईंट-पत्थर की इमारत नहीं, बल्कि एक मशहूर टूरिस्ट स्पॉट बन चुका है, जहां दुनिया भर से लोग इस अजूबे परिवार की कहानी को करीब से महसूस करने आते हैं.
ये भी पढ़ें: अमेरिकी से पढ़कर लौटी तो दादा ने 3 महीने नहीं की बात, 8000 करोड़ की तीन कंपनियां चला रही ये लड़की
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं