विज्ञापन
This Article is From Mar 18, 2022

योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को यूपी के CM पद की लेंगे शपथ, लगातार दूसरी बार संभालेंगे प्रदेश की कमान

भाजपा ने राज्य के चुनावों में एक ऐतिहासिक जीत हासिल की. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को जारी किए गए थे.

योगी आदित्यनाथ.
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश की नवनिर्वाचित भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 25 मार्च को शाम चार बजे होगा. आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण सामारोह का आयोजन राजधानी में शहीद पथ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में किया जाएगा. भाजपा सूत्रों के अनुसार इससे पहले संभवत: 21 मार्च को भाजपा विधायक मंडल दल का नेता चुना जाएगा. समझा जाता है कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा.

भाजपा सूत्रों ने बताया कि शपथ ग्रहण से पहले, योगी आदित्यनाथ, जिन्होंने हाल ही में संपन्न चुनावों में पार्टी को प्रचंड जीत दिलाई, को सदन का नेता चुना जाएगा और वह लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे. भाजपा सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के शपथ ग्रहण में शामिल होने की संभावना है.

उन्होंने बताया कि इसके अलावा अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी समारोह में शामिल होने की उम्मीद है, विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं को भी निमंत्रण दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि समारोह की व्यापक तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं, जिसमें योगी सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, को भी आमंत्रित किया जाएगा.

भाजपा सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय का आकार या कौन कौन विधायक मंत्री पद शपथ लेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है.

बता दें, भाजपा ने 403 सदस्यीय विधानसभा में 255 सीटें जीतीं और उसके सहयोगियों ने 18 अन्य सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी का मार्ग प्रशस्त किया. उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव हुए और 10 मार्च को नतीजे घोषित किए गए.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yogi Adityanath, UP CM Oath
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com