- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले दर्जनभर नेताओं को सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट प्रदान की गई है
- सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बीएसपी प्रमुख मायावती सहित कई बड़े नेताओं को यह सुरक्षा उपाय दिए गए हैं
- केंद्रीय गृह मंत्रालय के सुझाव पर यूपी के चर्चित नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने का निर्देश दिया गया है
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के करीब दर्जन भर नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी गई हैं. इन नेताओं को लेकर जानकारी मिली है कि इनकी सुरक्षा को खतरा है और एहतियात के तौर पर सिक्योरिटी को बढ़ाया गया है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बीएसपी प्रमुख मायावती समेत कई मंत्रियों और बड़े नेताओं को सुरक्षा के लिए जैकेट दी गई है. केंद्रीय गृह मंत्रालय के सुझाव पर यूपी के चर्चित नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट दी गई है. इन मंत्रियों में जयवीर सिंह, सुरेश खन्ना, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, ओम प्रकाश राजभर, डॉ संजय निषाद समेत कुछ नाम हैं.
इनके अलावा सुरेश राणा और संगीत सोम समेत कुछ नेताओं को भीड़ में एहतियात बरतते हुए इमरजेंसी में बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने को कहा गया है. उत्तर प्रदेश राजनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील राज्य है. सूबे में राजनीतिक ध्रुवीकरण काफी तीखा होता है. ऐसे में नेताओं की सुरक्षा की चिंता होना भी वाजिब है. इन नेताओं को पहले ही जेड, वाई और एक्स श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, लेकिन राजनीतिक रैलियों में भीड़ के दौरान हालात बिगड़ने का डर भी रहता है. माना जा रहा है कि इसी वजह से इनकी सुरक्षा को सख्त किया गया है और बुलेटप्रूफ जैकेट्स दी गई हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं