- राहुल गांधी ने पीएम मोदी को अमेरिका से हुए ट्रेड डील को रद्द करने की चुनौती दी
- कांग्रेस ने भोपाल से किसान महा चौपाल की शुरुआत की है, जहां किसान व्यापार समझौते के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर ट्रम्प के दबाव में देश का सम्मान गिरवी रखने का आरोप लगाया
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी को अमेरिका से ट्रेड डील रद्द करने की चुनौती दी है. भोपाल में किसान महा चौपाल को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ये डील किसानों के दिल में तीर है. उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रम्प के दबाव में बिना मंत्रिमंडल से बात किए पीएम मोदी ने समझौता कर लिया. भारत–अमेरिका व्यापार समझौते के ख़िलाफ़ किसानों को गोलबंद करने के लिए कांग्रेस ने “किसान महा चौपाल” की शुरुआत भोपाल से की है. सात मार्च को महाराष्ट्र के यवतमाल में और इसके बाद राजस्थान के श्रीगंगानगर में सभा होगी, जिसे राहुल गांधी और खरगे संबोधित करेंगे. कांग्रेस उन इलाकों पर फ़ोकस कर रही है जहां सोयाबीन, मक्का, कपास और फल के किसान बड़ी संख्या में हैं. ट्रेड डील के पहले चरण में इन फसलों के आयात का जिक्र है.
संसद के बजट सत्र के दौरान राहुल गांधी ने किसान नेताओं से मुलाकात की थी और ट्रेड डील के ख़िलाफ़ देशव्यापी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की थी. भोपाल के किसान महाचौपाल के मंच से राहुल गांधी ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रति भी समर्थन जताया. एआई सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम में प्रदर्शन करने के बाद से यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष समेत आधा दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. राहुल गांधी ने कहा, “यूथ कांग्रेस के बब्बर शेर, आप किसी से नहीं डरोगे”.
किसान महाचौपाल में भोपाल के आसपास के इलाकों से कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान इकट्ठे हुए थे. हालांकि ट्रेड डील को लेकर आशंकाओं से भरे किसानों ने पूछने पर लागत और आमदनी से जुड़ी स्थानीय समस्याओं की ज़्यादा बात की. किसानों का मानना था कि भारत के किसान अमेरिका के किसानों का मुक़ाबला नहीं कर पाएंगे. सभा में उज्जैन के कुछ ऐसे लोग भी मिले जो ख़ुद को बीजेपी का वोटर बता रहे थे लेकिन ट्रेड डील के विरोध में भी थे!
बहरहाल, किसानों का मुद्दा हमेशा से सियासी तौर संवेदनशील रहा है. ट्रेड डील के बहाने कांग्रेस को मोदी सरकार को घेरने बड़ा मुद्दा मिल गया है. हालांकि केंद्र सरकार यह दावा कर रही है कि इस डील में देश के किसानों का हित पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है.
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी पर मणिशंकर अय्यर का निशाना, बोले- 'INDIA ब्लॉक की कमान 'दीदी' को संभालने दें'
यह भी पढ़ें: सम्मान को ठेस, फुल सियासी क्लेश, AI समिट में शर्टलेस प्रोटेस्ट पर कांग्रेस घिरी, SP, RJD,TMC ने उठाए सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं