- पीएम मोदी ने अपनी विदेश यात्रा में स्वदेशी और पारंपरिक तोहफे विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों को भेंट किए
- इटली की पीएम मेलोनी को मणिपुर की दुर्लभ शिरुई लिली डिज़ाइन वाला रेशमी शॉल और असम का मूगा रेशम का शॉल दिया
- इटली के राष्ट्रपति को पंडित भीमसेन जोशी और एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी की संगीत सीडी वाला संगमरमर नक्काशी बॉक्स दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा के दौरान वहां के राष्ट्राध्यक्षों को बहुत ही यादगार तोहफे भेंट में दिए. ये तोहफे बहुत ही खास थे, क्यों कि ये पूरी तरह से स्वदेशी थे. इनमें भारतीय परंपरा और स्वाद और देश के किसानों की मेहनत दिखाई दे रही थी. पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी को मलोडी टॉफी के बाद दो और तोहफे दिए. साथ ही यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे के प्रमुखों को गिफ्ट में क्या दिया, देखें.
मेलोनी को दो खास शॉल गिफ्ट किए
पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को शिरुई लिली डिज़ाइन का रेशमी शॉल गिफ्ट में दिया. ये खास शॉल मणिपुर में स्थित शिरुई काशोंग शिखर की धुंध भरी ऊंचाइयों और दुर्लभ शिरुई लिली से प्रेरित है, जो एक नाजुक घंटी के आकार का फूल होता है. जिसकी पंखुड़ियां हल्के गुलाबी-सफेद रंग की होती हैं. खास बात यह है कि ये फूल दुनिया में कहीं और नहीं खिलता.

असम के मूगा रेशम से बना शॉल गिफ्ट किया
इसके साथ ही पीएम मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को एक और शॉल गिफ्ट किया जो कि मूगा रेशम से बना था. असम के "स्वर्ण रेशम" के नाम से मशहूर मूगा रेशम से बना यह शॉल पूर्वोत्तर भारत की ब्रह्मपुत्र घाटी का एक दुर्लभ और पारंपरिक वस्त्र है. यह अपने प्राकृतिक सुनहरे रंग और सादगी से भरी सुंदरता के लिए फेमस है.

इटली के राष्ट्रपति को सीडी से भरा बॉक्स दिया
पीएम मोदी ने इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला को पंडित भीमसेन जोशी और एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी की सीडी से भरा संगमरमर की नक्काशी वाला एक बॉक्स भेंट में दिया.

UN के FAO महानिदेशक को मिलेट बार गिफ्ट किए
पीएम मोदी ने UN के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के महानिदेशक डॉ. क्वू डोंग्यू को देने के लिए बहुत ही खास तोहफा चुना. उन्होंने क्वू को हेल्दी मिलेट बार गिफ्ट किए. ये हेल्दी बार बाजरा और ज्वार से बने थे, जिनकी खेती महाराष्ट्र के सोलापुर, अहमदनगर और मराठवाड़ा क्षेत्र में बड़े स्तर पर होती है. इसमें फाइबर, प्रोटीन और जरूरी खनिज अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. ये मिलेट बार स्वाद, स्वास्थ्य और भारतीय किसानों की मेहनत से भरे हैं.

अनाजों से भरा एक एक बॉक्स भी दिया
पीएम मोदी ने UN के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के महानिदेशक डॉ. क्वू डोंग्यू को भारत के सर्वश्रेष्ठ अनाजों का एक एक बॉक्स भी गिफ्ट में दिया. जिसमें केरल के पलक्कड़ की काली मिट्टी में उगाया गया लाल चावल, पश्चिम बंगाल का खुशबू वाला प्रीमियम गोबिंदोभोग चावल, इंडो-गंगा के मैदानों में पेदा होना वाला बासमती चावल, जिसे सुगंध की रानी के नाम से जाना जाता है. साथ ही असम में उगाया जाने वाला खुशबूदार प्रीमियम जोहा चावल, उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र में होने वाला खुशबूदार कलानमक चावल रखे हुए थे.

नीदरलैंड के राजा-रानी को दिया राजस्थानी गिफ्ट
पीएम मोदी ने नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा को ब्लू पॉटरी और मीनाकारी और कुंदन की बालियां भेंट कीं. बता दें कि राजस्थान के जयपुर की ब्लू पॉटरी एक फेमस जीआई-टैग वाली कला शैली है, जो अपने जीवंत कोबाल्ट नीले, सफेद और पीले डिज़ाइनों के लिए प्रसिद्ध है. वहीं मीनाकारी और कुंदन से बने झुमके भारतीय आभूषण शिल्प की उत्कृष्ट परंपराओं का प्रतीक हैं, जिनकी उत्पत्ति राजस्थान के शाही शिल्पकलाओं से हुई है.

बता दें कि अपनी पांच देशों यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने हर नेता को कुछ न कुछ गिफ्ट में दिया. ये तोहफे बहुत ही खास थे. इनमें भारतीय संस्कृति, यहां की मिट्टी की खुशबू, किसानों के खून पसीने की चमक मिली हुई थी. हर तोहफे की कहानी बहुत ही अनोखी है.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने मेलोनी को तोहफे में दी Melody टॉफी, Swiggy ने बताया 'गिफ्ट आइडिया', लोग बोले- पहले स्टॉक में तो लाओ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं