West Bengal Heavy Rain: पश्चिम बंगाल के पहाड़ी ज़िले कलिम्पोंग में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. पिछले कुछ घंटों में हुई भारी बारिश और तेज़ हवाओं के कारण पूरे इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. पानी का बहाव इतना तेज़ था कि सड़कों पर खड़ी कई बाइकें और दोपहिया वाहन ताश के पत्तों की तरह बह गए.
जलभराव से ठप हुआ जनजीवन
शहर के मुख्य हिस्सों में जलभराव के चलते यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है. सड़कों पर नदियां बहती नजर आ रही हैं जिससे लोगों को अपने घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में हाट बाज़ार तथा 9th Mile और 10th Mile जैसे क्षेत्र शामिल हैं, जहां पानी के तेज़ बहाव ने तबाही मचाई है. अचानक आई इस स्थिति से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है.
प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल
इस तबाही ने कलिम्पोंग नगरपालिका के ड्रेनेज प्रबंधन की पोल खोल दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की लचर व्यवस्था के कारण ज़रा सी बारिश में भी शहर का यह हाल हो जाता है. बिना किसी ठोस योजना के बनी ड्रेनेज व्यवस्था के चलते पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और इसका खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है.
सड़कों पर जमा मलबे और पानी के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें-
भिंड में कुदरत का कहर; महिला समेत तीन की मौत, आंधी-तूफान और बारिश से तबाही, पेड़-दीवार गिरे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं