विज्ञापन
20 days ago
नई दिल्‍ली:

पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार का पहला पूर्ण बजट आज पेश होगा. इस दौरान शुभेंदु सरकार क्‍या-क्‍या घोषणाएं करती हैं, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज मध्‍य प्रदेश के ऐतिहासिक कूनो नेशनल पार्क में रहेंगी, इस दौरान वह यहां काम करने वाले लोगों से भी मिलेंगी. अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले पर SIT ने शुरुआती रिपोर्ट तैयार कर ली है, उसे आज मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को सौंपा जा सकता है. एसआईटी को जांच के दौरान कई बड़े पदाधिकारियों से पूछताछ की और करोड़ों की चोरी का पता लगाया है. चीनी विदेश मंत्री वांग यी आज भारत दौरे पर आ रहे हैं. भारत में वह  राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक में शामिल होंगे. इधर, महाराष्ट्र विधान परिषद की 16 सीटों के चुनाव नतीजे आज घोषित होंगे. उद्धव ठाकरे के बागी सांसद आज दिल्‍ली आ रहे हैं. उधर, झारखंड के देवघर में सोमवार से श्रावणी मेले की शुरुआत हो गई. देश-दुनिया की ताजा खबरें आपको सबसे पहले यहां मिलेंगी.

Breaking News LIVE Updates... 

एंडी बर्नहम 17 जुलाई तक बन पाएंगे ब्रिटेन के नए PM

कीर स्‍टार्मर के इस्‍तीफे के बाद ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहम (Andy Burnham) को प्रधानमंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है. एंडी बर्नहम एक सामान्‍य परिवार से आते हैं. एंडी के पिता रॉय ब्रिटिश टेलीकॉम में टेलीफोन इंजीनियर थे और उनकी मां आइलीन मेडिकल रिसेप्शनिस्ट थीं. वे मैनचेस्टर और लिवरपूल के बीच बसे गांव कल्चेथ में पले-बढ़े हैं. उम्‍मीद है कि एंडी बर्नहम 17 जुलाई तक ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बन जाएंगे. 

जयपुर से पकड़ी गई आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की स्लीपर सेल

राजस्‍थान के जयपुर से आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की एक स्‍पीपर सेल को गिरफ्तार किया गया है. इसका नाम बबीता बताया जा रहा है. बबीता को मिलिट्री इंटेलेंजेंस की सूचना के बाद एटीएस ने गिरफ्तार किया. बबीता ने ऑनलाइन कलमा पढ़कर धर्म परिवर्तन किया था और सोशल मीडिया से जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलर से कॉन्‍टैक्‍ट में थी. 

बंगाल में बीजेपी सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश, ये हुई बड़ी घोषणाएं

पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश हो गया है. वित्‍त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने बजट पेश करते हुए बताया कि भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासनिक ढांचा बनाना हमारे विजन का एक मुख्य स्तंभ है. हमें राज्य के लोगों का भरोसा फिर से जीतना होगा. राज्य सरकार ने नागरिकों तक पहुंचने के लिए 'आपकी सरकार, आपके साथ' नाम से एक नई पहल शुरू की है.

बंगाल बजट की बड़ी सौगातें 

  • MLA फंड 70 लाख से बढ़ाकर किया एक करोड़ रुपये
  • मुर्शिदाबाद में जमीन के कटाव को रोकने के लिए 50 करोड़ आवंटित किए गए हैं.
  • महिला योजना- 'अन्नपूर्णा भंडार' के लिए ₹3600 करोड़ आवंटित.
  • कॉलेजों और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में अविवाहित महिलाओं को पढ़ाई छोड़ने से रोकने के लिए एक बार में 50,000 दिए जाएंगे.
  • आने वाले दिनों में अनुमंडल-वार महिला पुलिस स्टेशन बनाए जाएंगे.
  • विधवाओं के लिए मासिक आर्थिक सहायता में 500 की बढ़ोतरी: स्वप्न दासगुप्ता.
  • महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा के लिए 550 करोड़ आवंटित किए जा रहे हैं. इसके लिए जल्द ही 'पिंक कार्ड' शुरू किए जाएंगे.
  • PPP मॉडल के तहत पूर्वी मिदनापुर जिले में गहरे समुद्र में बंदरगाह (डीप सी पोर्ट) का प्रस्ताव
  • कोलकाता का दूसरा हवाई अड्डा कल्याणी में बनेगा. जमीन की पहचान का काम चल रहा है.
  • राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की, जो अक्टूबर 2026 से लागू होगा.
  • आयुष्मान भारत योजना के तहत 3,100 करोड़ रुपये के फंड का आवंटन. 
  • श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर 6 जुलाई को राज्य में छुट्टी घोषित की गई है और उनकी 150वीं जयंती मनाने के लिए 200 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया गया है.

उद्धव को एक और झटका, 14 विधायक भी शिंदे के संपर्क में

उद्धव ठाकरे को एक और झटका लगा है. सांसदों के बाद कुछ विधायक भी एकनाथ शिंदे का दामन थाम सकते हैं ऐसे संकेत मिल रहे हैं. इस बीच आज दोपहर ढाई बजे उद्धव ठाकरे ने इमरजेंसी बैठक बुलाई है. बताया जा रहा है कि 6 सांसदों के बाद अब 14 विधायकों के भी एकनाथ शिंदे के संपर्क में होने की चर्चा है. उद्धव ठाकरे के कुल 20 विधायक हैं. इसे देखते हुए उद्धव ठाकरे ने 'शिवालय' में विधायकों की अहम बैठक बुलाई है.

यूपी के सीतापुर में समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर चला बुलडोजर

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सोमवार सुबह जिला प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया. प्रशासन का दावा है कि यह कार्यालय सरकारी नजूल भूमि पर अवैध रूप से चल रहा था. खास बात यह रही कि कार्रवाई के लिए सुबह 10 बजे का समय तय था, लेकिन अधिकारी तड़के 5 बजे ही मौके पर पहुंच गए और महज दो घंटे में पूरा भवन ध्वस्त कर दिया गया.

महाराष्ट्र में महायुति की बंपर जीत, 17 में से 16 सीटों पर लहराया परचम

महाराष्ट्र MLC चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं.  17 में से 16 सीटों पर महायुति की बड़ी जीत हासिल की है. लेकिन सिर्फ नासिक में निर्दलीय ने बाजी मार ली. भाजपा से उम्मीदवारी ना मिलने पर खड़े हुए थे ये निर्दलीय. कुल 17 सीटों में से सत्ताधारी महायुति (भाजपा, शिवसेना और एनसीपी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 सीटों पर अपना परचम लहराया है. इनमें से 6 सीटों पर महायुति के उम्मीदवार निर्विरोध विजयी हुए हैं, जबकि 11 सीटों पर हुए कड़े मुकाबलों में से 10 महायुति के खाते में गईं. वहीं, केवल नासिक की एक सीट पर भाजपा से उम्मीदवारी ने मिलने पर निर्दलीय कैंडिडेट की जीत बेहद अहम है. 

17 सीटों के नतीजे

  • 6 सीटें जहां महायुति के उम्मीदवार निर्विरोध विजयी हुए.
  • वर्धा-गढ़चिरौली-चंद्रपुर: अरुण लखानी (भाजपा)
  •  पुणे: विक्रम काकड़े (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी - NCP)
  • ठाणे: रवींद्र फाटक (शिवसेना)
  • रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग: अनिकेत तटकरे (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी - NCP)
  • यवतमाल: दुष्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना)
  • अहिल्यानगर: प्राजक्त तनपुरे (भाजपा)

रुद्रप्रयाग में निहंग और स्थानीय व्यापारियों के विवाद पर CM भगवंत मान ने की उत्‍तराखंड के मुख्‍यमंत्री से बात

रुद्रप्रयाग में निहंग और स्थानीय व्यापारियों के विवाद के मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी से बातचीत हुई है. इस दौरान भगवंत मान ने कहा कि दोनों पक्षों की बात सुनकर कोई फैसला किया जाए. मामले का शांतिपूर्वक हल होना बहुत जरूरी है. साथ ही सीएम भगवंत मान ने कहा है कि इस मामले में पंजाब सरकार किसी भी तरह की मदद के लिए तैयार है.

फिल्म एक्‍टर पंकज त्रिपाठी के भाई पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

बिहार के गोपालगंज में बॉलीवुड के मशहूर एक्टर पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर जानलेवा हमला हुआ है. विजेंद्र नाथ तिवारी को देर रात गोपालगंज मॉडल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें पटना के लिए रेफर कर दिया गया है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, पंकज त्रिपाठी का पैतृक गांव बरौली प्रखंड के बेलसंड है. बेलसंड गांव में ही उनके बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी अपने परिवार के साथ रहते हैं. बताया जा रहा है कि बिजेन्द्र नाथ तिवारी रविवार को अपने पैतृक गांव बेलसंड में थे. इसी दौरान जमीन के किसी मामले को लेकर पड़ोसी से विवाद हो गया, जिसके बाद इनके ऊपर लाठी डंडों से हमला कर दिया गया.

NEET परीक्षा के बारे में फैलाए जा रहा वीडियो फर्जी

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि NTA का ध्यान सोशल मीडिया पर NEET (UG) 2026 के बारे में फैलाए जा रहे एक मनगढ़ंत वीडियो की ओर दिलाया गया है. यह वीडियो फर्जी है और इसमें किए गए दावे झूठे हैं. परीक्षा कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच सफलतापूर्वक आयोजित की गई. छात्रों को धोखा देने या डराने के लिए ऐसी गलत जानकारी बनाना और जानबूझकर फैलाना एक गंभीर अपराध है. NTA, I4C और कानून लागू करने वाली एजेंसियों की मदद से, इस कंटेंट को शुरू करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है.

लखनऊ के चौराहों पर फिर लगे सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्‍टर

समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के खिलाफ एक बार फिर पोस्टर लगे हैं. ये पोस्‍टर लखनऊ के चौराहों पर लगाए गए हैं. पोस्टर में अखिलेश यादव पर निशाना साधा गया है. अखिलेश यादव पर यादववाद को बढ़ावा देने का लगाया गया है. सपा सरकार में यादव अधिकारियों पर कृपा बरसाने का आरोप लगाया गया है. पोस्टर में लिखा है,  'लाल टोपी साइकिल निशान, यादववाद इनकी पहचान. अंधेरनगरी अखिलेश राजा यादववाद से सारी नौकरी खाजा.'

PM मोदी ने दी तमिलनाडु के CM थलापति विजय को जन्‍मदिन की बधाई

तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री थलापति विजय का आज जन्‍मदिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्‍हें जन्‍मदिन की बधाई दी है. पीएम मोदी ने एक्‍स पोस्‍ट में लिखा, 'तमिलनाडु के मुख्यमंत्री, थिरु सी. जोसेफ विजय जी को जन्मदिन की बधाई. मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं.' 

मल्लिकार्जुन खरगे का राम मंदिर दान विवाद में बीजेपी पर बड़ा हमला

अयोध्‍या के श्री राम मंदिर में दान की कथित चोरी मामले में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर एक रैली के दौरान निशाना साधा. खरगे ने कहा, 'राम मंदिर बनने के बाद अब वहां लूट-पाट हो रही है. ऐसी खबरें आ रही हैं कि 5,000 करोड़ रुपये से ज्‍यादा की लूट हुई है. इस घोटाले में खुद पुजारी भी शामिल बताया जा रहे हैं. वे राम के नाम पर पूजा करते हैं और उन्हीं के नाम पर लूटते हैं.' बता दें कि इस मामले में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने एसआईटी का गठन किया है, जो अपनी रिपोर्ट आज सौंप सकती है. ऐसा माना जा रहा है कि एसआईटी की जांच रिपोर्ट में कई खुलासे हो सकते हैं. 

मुंबई में झमाझम बारिश, मुंबई के लोगों ने ली राहत की सांस

मुंबई शहर के कुछ हिस्सों में पिछले 30 मिनट से बारिश हो रही है. सबसे पहले दक्षिण मुंबई में बारिश शुरू हुई और फिर यह उत्तरी इलाकों की ओर बढ़ गई. पिछले कई दिनों से पानी की समस्‍या झेल रहे मुंबई के लोगों के लिए यह बारिश बड़ी राहत है.

बिहार में 16 IAS अधिकारियों का तबादला

बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने देर शाम भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 16 अधिकारियों के तबादले और नए नियुक्ति की अधिसूचना जारी की है. इस बड़े फेरबदल में 2010 से 2020 बैच के अधिकारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों और निगमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. तबादले के आदेश के तहत 2010 बैच के अधिकारी अनिमेष कुमार पराशर को नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. 2011 बैच के शीर्षत कपिल अशोक को प्रबंध निदेशक, कॉमफेड पटना नियुक्त किया गया है, जबकि निलेश रामचंद्र देवरे नगर विकास एवं आवास विभाग के विशेष सचिव के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे.

वर्षा ऋतु आने से पहले CM योगी ने प्रदेशवासियों को लिखा खत

मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों,

वर्षा ऋतु नवसृजन, संवर्धन और समृद्धि का आगमन है. वर्षा ऋतु के साथ चातुर्मास का यह पावन काल हमें प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व, संयम, संवेदनशीलता और संतुलित जीवन का संदेश देता है.

वर्षा के समय आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी होती हैं, अतः उस समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और पेड़ों के नीचे खड़े न हों. कई बार अतिवृष्टि के कारण नदियों एवं जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है. अतः इस दौरान नदियों एवं जलाशयों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें. 

सरकार ने इन सब चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं, फिर भी आप सभी सतर्क एवं सजग रहें. आप सभी का सहयोग ही हमारे प्रयासों को सार्थक करेगा.

उद्धव गुट के सभी बागी सांसद दिल्ली में आज करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

शिवसेना उद्धव गुट के सभी बागी सांसद आज दिल्ली पहुंचेंगे. इस दौरान सभी बागी सांसद मिलकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. उद्धव ठाकरे ने सांसदों को खरीदने का आरोप बीजेपी पर लगाया है. हालांकि, बीजेपी ने ऐसे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.

बंगाल में आज बीजेपी सरकार का पहला पूर्ण बजट आज होगा पेश

पश्चिम बंगाल में आज बीजेपी सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश होगा. विधानसभा में करीब 12 बजे बजट पेश किया जाएगा. ऐसा माना जा रहा है कि शुभेंदु सरकार इस दौरान कई घोषणाएं कर सकती है, जिस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
West Bengal Budget, President Draupadi Murmu, Ram Mandir Donation Row, PM Narendra Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com