- उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवा, बारिश और आंधी के कारण भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है
- अगले चार से पांच दिन मानसून के सक्रिय होने से उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है
- IMD ने MP, झारखंड और राजस्थान सहित कई राज्यों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है.
पिछले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल रहा है. उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवा, आंधी और बारिश के बाद अब लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से थोड़ी राहत मिली है. अगले कुछ दिन भी मौसम एक्टिव रहने वाला है. बारिश और तेज हवाओं के कारण कई राज्यों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी. हालांकि 3-4 जून के बाद मौसम के साफ होते ही तापमान में फिर से तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है.
1 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा. 2 जून को कई इलाकों में तापमान बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग के अनुसार 3 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा.

वहीं 4 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इस दौरान मौसम साफ रहने के आसार हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से अगले दो दिनों तक राहत का दौर जारी रहेगा.
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. नागरिकों को आंधी-तूफान के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले में न रहने, ढीली वस्तुओं को सुरक्षित रखने और पशुओं तथा खड़ी फसलों को ओलावृष्टि व तेज हवाओं से बचाने की सलाह दी गई है. किसानों से भी खेतों में विशेष सावधानी बरतने और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न जाने को कहा गया है.

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की यह शुरुआती सक्रियता प्रदेश में लू की स्थिति को काफी हद तक कम करेगी और कृषि गतिविधियों के लिए भी लाभकारी साबित हो सकती है, हालांकि मौसम विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में शनिवार को मौसम अचानक बदल गया और देखते-ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने भीषण गर्मी में राहत की सांस ली. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 31 मई को भी एनसीआर में मौसम सुहावना बना रहेगा और कई स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. पूर्वानुमान में 'थंडरस्टॉर्म विद रेन,' यानी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है. दोपहर और शाम के समय बहुत हल्की से हल्की वर्षा, बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हालांकि जून की शुरुआत के साथ मौसम फिर से गर्म होने लगेगा.

उत्तर प्रदेश में बारिश से लोगों को गर्मी से मिली राहत
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी से त्रस्त उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को वर्षा होने से लोगों ने राहत महसूस की. राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम है. यहां न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है. मौसम विभाग ने कहा है कि रविवार को भी राज्य में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाओं के साथ आंधी चलने एवं बिजली गिरने की संभावना है.
एमपी में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मध्य प्रदेश में और आगे बढ़ते हुए राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर शुरू कर दिया है. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, हालांकि फसलों और बुनियादी ढांचे को नुकसान की आशंका भी बढ़ गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी दिनों के लिए कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. 31 मई को मंदसौर और नीमच जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

इसके अलावा ग्वालियर, दतिया, भिंड, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में भी मौसम के तीव्र बने रहने का अनुमान है. 31 मई से 3 जून के बीच राजगढ़, आगर मालवा, शहडोल, सीहोर, देवास, इंदौर, उज्जैन, झाबुआ समेत राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
झारखंड में मौसम का कैसा रहेगा हाल
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रांची, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और गोड्डा सहित 13 जिलों के लिए रविवार को गरज के साथ बारिश का अनुमान जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट' (तैयार रहें) जारी किया है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि मौसम में यह बदलाव दो निम्न दबाव प्रणालियों के कारण हुआ है. उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड में अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है. अगले चार दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.''
राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट, अगले 4-5 दिन तक बदला रहेगा मौसम
राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई संभागों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.

आईएमडी के अनुसार वर्तमान मौसम गतिविधियों के पीछे कई वायुमंडलीय प्रणालियां सक्रिय हैं. उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है, जो समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इसके साथ ही मध्य पाकिस्तान के ऊपर भी एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय बना हुआ है.
केरल समेत देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम रहेगा मानसून
मौसम विभाग ने मानसून को लेकर अहम जानकारी दी है. केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की निदेशक नीथा के. गोपाल ने कहा कि इस बार केरल समेत भारत के अधिकांश हिस्सों में मानसून सामान्य से कम रहने का अनुमान है. जून महीने में भी केरल में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है.

हालांकि मानसून की शुरुआत के बाद 10 जून के आसपास अच्छी बारिश मिल सकती है, लेकिन इसके बाद फिर बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं. ऐसे में पूरे जून महीने का कुल वर्षा स्तर सामान्य से नीचे रहने की आशंका है.
इसे भी पढ़ें: Delhi NCR Weather: मौसम ने ले ली आज फिरकी, गाड़ियों को दिन में ही जलानी पड़ी लाइट, समझिए क्यों बदला मौसम
इसे भी पढ़ें: पसीना छुड़ाने वाली खबर- इस बार 10 साल में सबसे कम बारिश, जुलाई में भी चलेगी लू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं