- मार्च के महीने में पश्चिमी विक्षोभ के कारण भारत के कई राज्यों में अचानक मौसम ठंडा और बारिश वाला हो गया है.
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है.
- 21 मार्च तक मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
Weather Update: मार्च के महीने में मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को हैरान कर रखा है. आम तौर पर इस समय हर साल गर्मी की धमक महसूस की जाती है. इस बार भी मार्च के शुरुआत में ऐसा ही कुछ था. लेकिन बीते दो-तीन दिनों में मौसम में आए बदलाव ने ठंड की दस्तक ला दी है. उत्तरी पाकिस्तान से लेकर भारत में राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश, बिहार तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है. पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी जमकर बर्फबारी और बारिश हो रही है. मौसम के इस बदले तेवर के पीछे पश्चिमी विक्षोभ को कारण बताया जा रहा है. मौसम विशेषज्ञों की माने तो शनिवार 21 मार्च को भी आसमान में काले बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कहीं-कहीं बारिश और ओले भी गिर सकते हैं.
नॉर्थ पाकिस्तान से साउथ-वेस्ट एमपी तक बदला मौसम का मिजाज
शुक्रवार को IMD वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने कहा, "पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव आज सुबह नॉर्थ पाकिस्तान से साउथ-वेस्ट मध्य प्रदेश तक था. दिल्ली में आज शाम रुक-रुक कर बारिश की संभावना है. कल से बारिश की ये गतिविधियां कम हो जाएंगी. लेकिन पूरी तरह से मौसम साफ होने में समय लगेगा. जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज बिजली और गरज के साथ बारिश की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज ओलावृष्टि भी हो सकती है. उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उड़ीसा में आज बिजली और गरज के साथ बारिश की संभावना है."
⚠️ IMD Weather Warning !
— India Meteorological Department (@Indiametdept) March 20, 2026
Scattered thunderstorm activities accompanied with Gusty winds likely to continue over Central India and East India till 21st March along with isolated hailstorm activity over Madhya Pradesh, Vidarbha, Chhattisgarh, Bihar and Jharkhand on 20th March and… pic.twitter.com/lgbTWaQRiV
21 मार्च को बंगाल, सिक्किम, ओडिशा में भी ओलावृष्टि
दूसरी ओर IMD की ओर से जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि मध्य भारत और पूर्वी भारत में 21 मार्च तक छिटपुट गरज के साथ तूफान आने की संभावना है, साथ ही 20 मार्च को मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में तथा 20 और 21 मार्च को पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है.
23 से 25 मार्च तक मौसम साफ रहने की उम्मीद
मौसम विभाग के 7 दिन के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 मार्च को बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बारिश और गरज-चमक की संभावना है. 21 और 22 मार्च को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा, जबकि 23 मार्च से 25 मार्च तक मौसम साफ रहने और धूप खिलने की संभावना जताई गई है. इन दिनों अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तेज हवाओं और बारिश के कारण प्रदूषण में गिरावट आई है, जिससे लोगों को राहत मिली है. हालांकि, तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

दिल्ली में ठंड की वापसी
इधर, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली एनसीआर में मौसम ने बीते दो दिनों की तरह आज भी अपना रुख बरकरार रखा है. मौसम विभाग ने बताया कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं कभी-कभी 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली.
यह भी पढ़ें - बेमौसम बारिश से किसानों की फसल तबाह, खेतों में खड़ी मेहनत पर फिरा पानी, मुआवजे की आस में किसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं