Kal ka Mausam 29 July 2026 : मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है, जिसरा असर उत्तर भारत समेत कई राज्यों में साफ दिखाई दे रहा है. दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे, जिसके बाद कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई. लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, हालांकि कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी देखने को मिली. IMD के अनुसार आने वाले 24 घंटों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार यानी कल के लिए दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है.
दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दिल्ली-NCR में पूरे हफ़्ते मौसम में नमी बनी रहेगी. बुधवार को मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि आने वाले दिनों में रुक-रुक कर बारिश, आंधी-तूफ़ान और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है.

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 से 30 जुलाई 2026 के दौरान बारिश बढ़ने की बहुत संभावना है. हरियाणा और चंडीगढ़ में बड़े पैमाने पर और पंजाब में काफी ज़्यादा बारिश का पूर्वानुमान है. पंजाब और हरियाणा के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश (12 सेमी से ज़्यादा) होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में लोगों को मॉनसून की स्थिति को देखते हुए ज़रूरी सावधानी और सुरक्षा उपाय करने की सलाह दी है. अगले तीन दिन इन दोनों राज्यों में मॉनसून के सक्रिय होने से बारिश की कमी कुछ कम होने के उम्मीद है और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी.

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, चार धाम यात्रा भी स्थगित
उत्तराखंड में अगले 48 घंटे तक लगातार कई जिलों में भारी बारिश का मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है उत्तराखंड मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी ,रुद्रप्रयाग ,चमोली, हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ ,नैनीताल मैं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है. इसके अलावा भारी बारिश को देखते हुए 29 जुलाई को उत्तराखंड की चार धाम यात्रा को स्थगित किया गया है.
मौसम विभाग ने 30 जुलाई तक और तीन अगस्त को हिमाचल प्रदेश के चार से पांच जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है.

राजस्थान के कई जिलों में बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है. साथ ही अन्य मानसूनी परिस्थितियों के कारण आज मंगलवार से पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा, 29 जुलाई से कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर व बीकानेर संभाग के कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. इस दौरान दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी एवं अतिभारी बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ें : पहली तेज बारिश में 'दरिया' बनी दिल्ली, संगम विहार में डूबी बाइकें, नोएडा का भी बुरा हाल, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं