- केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर लोहगढ़ किले से उसे नीचे धक्का दिया
- पुलिस ने सिया और चेतन को गिरफ्तार कर सात दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है और जांच जारी है
- चेतन चौधरी के चाचा ने कहा कि चेतन को फंसाया जा रहा है और उन्होंने सिया का नाम पहले कभी नहीं सुना था
पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की उनकी मंगेतर सिया गोयल ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी. सिया ने लोहगढ़ किले से 400 फीट गहरी खाई में केतन को धक्का दिया. इस पूरी वारदात को सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर अंजाम दिया. इस वारदात से कुछ घंटे पहले सिया एक कैफे में चेतन से मिली थी. पुलिस ने चेतन और सिया को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में चेतन के परिवार का पहला बयान सामने आया है. चेतन के चाचा ने कहा है कि उनके भतीजे को फंसाया जा रहा है. हमने इससे पहले कभी सिया का नाम तक नहीं सुना.
चाचा की दुकान पर फोन छोड़कर गया था चेतन
केतन हत्याकांड के आरोपी चेतन चौधरी के चाचा उदयराम ने बताया कि हमने इससे पहले कभी सिया का नाम भी नहीं सुना था. हमने भी खबरों में ही सिया का नाम सुना. मीडिया में सब एक तरफा चल रहा है. चेतन अपना फोन इसी दुकान में छोड़ कर गया था. उसे फंसाया जा रहा है. हम कानूनी मदद ले रहे हैं. चेतन का कभी किसी से झगड़ा नहीं था. आज सुबह पुलिस यहां आई थी.
उन्होंने आगे कहा कि अगर चेतन अपन फोन यहां छोड़कर गया था, तो इसमें क्या बड़ी बात है. हमसे भी कई बार ऐसा होता है. कई बार हम भी फोन छोड़ देते हैं.
चेतन अपने चाचा की किराने की दुकान पर ही फोन छोड़कर लोहगढ़ किले गया था. वह दुकान के एक वर्कर नीरज कुमार का फोन लेकर किले पर गया था, नीरज को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
सिया और चेतन को 7 दिन की कस्टडी में भेजा
बता दें कि केतन अग्रवाल की मौत के मामले में गिरफ्तार आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को कोर्ट ने सात दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. वहीं, इस केस को लेकर बचाव पक्ष और पीड़ित परिवार के दावे एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं. जहां बचाव पक्ष इसे एक दुर्घटना बता रहा है. दूसरी तरफ, पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह एक सुनियोजित हत्या और पहले से रची गई साजिश थी.
यह पूरा मामला 18 जून का है, जब महाराष्ट्र के पुणे के लोनावला स्थित लोहागढ़ में ट्रेकिंग के दौरान कारोबारी परिवार के 24 वर्षीय युवक केतन अग्रवाल की मौत की सूचना पुलिस को उसकी मंगेतर सिया गोयल ने दी, जिनकी इंगेजमेंट फरवरी में हुई थी और दोनों लोहागढ़ किले में घूमने के लिए आए हुए थे. सिया ने पुलिस को बताया कि केतन अग्रवाल फिसल के गिर गया और उसकी किले से नीचे गिरने से मृत्यु हो गई है.
यह भी पढ़ें: 2004 कॉल, 238 घंटे बातचीत.... केतन को धक्का देने वाली सिया और उसके बॉयफ्रेंड को लेकर खुले कई और राज
पुलिस ने जुटाए कई अहम सबूत
पहले इस घटना को हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने इस घटना में हत्या का मामला दर्ज किया. जांच, मृतक के रिश्तेदारों और दोस्तों से हुई बातचीत में पुलिस को कुछ ऐसे तथ्य प्राप्त हुए, जिससे हत्या की आशंका बढ़ गई.
पुलिस जांच में आगे पता चला कि सिया गोयल का चेतन चौधरी नाम का एक दोस्त है. इन दोनों के बीच आपस में कुछ एक वर्ष के आसपास से पहचान थी. इन दोनों ने ही केतन अग्रवाल की हत्या को लेकर योजना बनाई थी और उसी के तहत इस घटना को अंजाम दिया.
पुलिस ने बताया कि लोहागढ़ किले पर इन्होंने केतन अग्रवाल को धक्का दिया, जिससे वह नीचे गिरा और उसकी मौत हो गई. इसी आधार पर पुलिस ने सिया और चेतन को हिरासत में लिया और दोनों ने कड़ी पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया है. वहीं, पुलिस आगे की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: जिसके जन्मदिन के लिए बुक थे 5-स्टार होटल के 70 कमरे, उसी सिया ने मंगेतर केतन को 400 फीट नीचे खाई में धकेला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं