भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी विवेक अग्रवाल को अंतरराष्ट्रीय संस्था फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) का उपाध्यक्ष चुना गया है. यह नियुक्ति भारत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि देश लंबे समय से आतंकवाद के वित्तपोषण और मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस' की नीति पर जोर देता रहा है.
विवेक अग्रवाल इससे पहले FATF में भारत के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर चुके हैं और वित्तीय खुफिया इकाई (FIU-IND) के निदेशक के रूप में भी कार्य कर चुके हैं. वित्तीय अपराधों और अवैध धन प्रवाह की निगरानी में उनके व्यापक अनुभव को देखते हुए माना जा रहा है कि उनकी नियुक्ति FATF के वैश्विक वित्तीय पारदर्शिता और वित्तीय अखंडता को मजबूत करने के मिशन को नई गति देगी. यह भूमिका वैश्विक आतंकवादी फंडिंग नेटवर्क और अवैध वित्तीय गतिविधियों पर अंकुश लगाने के भारत के प्रयासों को भी और मजबूती प्रदान करेगी.
इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (मध्य प्रदेश कैडर) के 1994 बैच के अधिकारी विवेक अग्रवाल वर्तमान में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय में सचिव हैं. अग्रवाल ने कहा कि यह नियुक्ति भारत की सामूहिक कोशिशों और मनी-लॉन्ड्रिंग व टेरर-फंडिंग को रोकने के हमारे मज़बूत सिस्टम की पहचान है. सेवा करने का मौका मिलना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है और मैं अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सिस्टम को सुरक्षित, समावेशी और मज़बूत बनाए रखने के लिए FATF ग्लोबल नेटवर्क के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं.
ये भी पढ़ें : बिहार सरकार ने क्रिकेटर आकाशदीप और मुकेश कुमार को DSP नियुक्त किया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं