- मध्य प्रदेश सरकार ने ट्विशा शर्मा केस की जांच सीबीआई को सौंपने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है
- ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सीबीआई जांच की मांग की थी और आश्वासन भी मिला था
- राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कोर्ट से ट्विशा की मौत की सीबीआई जांच का आदेश देने की अपील की है
ट्विशा शर्मा केस से जुड़ी नई खबर सामने आई है. पीड़ित परिवार की मांग मानते हुए मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है. मध्य प्रदेश सरकार के गृह विभाग ने मोदी सरकार को यह प्रस्ताव भेजा है. बता दें कि इससे पहले ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा रिटायर्ड सैनिकों के साथ CM से मुलाकात की थी. उस दौरान सीएम ने उनको आश्वासन दिया था. जिसके बाद सीएम ने मांग मानते हुए आज यह सिफारिश सरकार को भेज दी.

विवेक तन्खा ने भी की CBI जांच की मांग
राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी ट्विशा की मौत की जांच सीबीआई से कराने की मांग उठाई है. उन्होंने एक्स पर लिखा, "समय आ गया है कि MP हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट अपने आप संज्ञान लेकर ट्विशा शर्मा अप्राकृतिक मौत केस में CBI जांच का आदेश दे. MP सरकार और कानूनी बिरादरी की बेवजह बदनामी हो रही है. आज 10वां दिन है और ट्विशा अंतिम संस्कार का इंतजार कर रही है."
— Vivek Tankha (@VTankha) May 22, 2026
ट्विशा की सास को पद से हटाने की मांग
ट्विशा के पिता नवीनिधि शर्मा ने सीएम डॉ मोहन यादव और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर बेटी के लिए न्याय की मांग की है. उन्होंने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को मध्य प्रदेश उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग उठाई है. परिवार ने भी इंसाफ की मांग करते हुए सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाया है. पुलिस जांच में पता चला है कि सास ने ट्विशा की मौत के दिन लगभग 46 फोन कॉल्स की थीं.
10 दिन बाद भी क्यों नहीं हुआ ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार?
मौत के 10 दिन बाद भी ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है. ट्विशा के परिवार का कहना है कि अगर सब कुछ विधिवत और उचित था तो एक स्वतंत्र जांच से सामने आ जाएगा. अगर ऐसा नहीं था तो पद, प्रतिष्ठा और प्रभाव की परवाह किए बिना उत्तरदायित्व निर्धारित होना चाहिए. उन्होंने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह के फोन कॉल्स को लेकर भी सवाल पूछे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं