- मार्च की शुरुआत में उत्तर-पश्चिम भारत समेत कई राज्यों में तापमान औसत से कई डिग्री ऊपर दर्ज हुआ है
- दिल्ली में मार्च के पहले सप्ताह का 50 साल पुराना तापमान रिकॉर्ड टूटकर 35.7डिग्री सेल्सियस पहुंचा
- 9 से 11 मार्च के बीच सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी ला सकता है
इस बार मार्च के महीने की शुरुआत सामान्य से ज्यादा गर्म रही है. उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर मध्य, पूर्वी और दक्षिणी राज्यों तक कई इलाकों में दिन का तापमान औसत से कई डिग्री ऊपर जा चुका है. दिल्ली में 50 साल का रिकॉर्ड टूटने से लेकर विदर्भ में पारा 40 डिग्री के पार जाने तक, मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. फिलहाल गर्म हवाओं और उमस का असर बना हुआ है, लेकिन 9–11 मार्च के बीच सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के साथ कुछ राहत भी दे सकता है. अगले एक सप्ताह में कई राज्यों में तापमान में उतार-चढ़ाव दिखेगा और कुछ जगहों पर येलो अलर्ट भी जारी है.
उत्तर-पश्चिम भारत में लगातार चढ़ रहा पारा
देश में मार्च की शुरुआत ही असामान्य गर्मी के साथ हुई है. उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर इलाकों में तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च तक जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 से 12 डिग्री ज्यादा रह सकता है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में यह बढ़त 6 से 8 डिग्री तक रहने का अनुमान है, वहीं 10 और 11 मार्च को तापमान में 5 से 7 डिग्री की गिरावट संभव है क्योंकि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है. यह विक्षोभ पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी लाएगा.
ये भी पढ़ें : मार्च में ही रिकॉर्डतोड़ गर्मी, दिल्ली-यूपी से पंजाब तक लू की आहट, जानें मौसम का हाल
दिल्ली में टूटा 50 साल का रिकॉर्ड, उत्तर भारत भी तप रहा
राजधानी दिल्ली में शनिवार के दिन सफदरजंग केंद्र पर अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो मार्च के पहले सप्ताह का पिछले 50 साल का सबसे ज्यादा तापमान है. न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा. हरियाणा के हिसार में तापमान 36.3 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि उत्तराखंड के देहरादून में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है. जम्मू में दिन का तापमान 30 डिग्री रहा और कटरा में भी पारा सामान्य से ऊपर बना रहा. हिमाचल के ऊना में 32.8 डिग्री तक गर्मी रही, जबकि ताबो में रात का न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री दर्ज किया गया.
देशभर में विदर्भ का अमरावती सबसे गर्म
देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रिकॉर्ड किया गया. विदर्भ के अमरावती में तापमान 40.8 डिग्री तक पहुंच गया, जो देश का सबसे अधिक तापमान रहा. पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में तापमान सामान्य से 8 से 12 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में यह बढ़त 3 से 7 डिग्री तक रही. गुजरात, कोंकण, झारखंड और उत्तरी कर्नाटक में तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री अधिक रहा. कुछ स्थानों को छोड़ दें तो देश के बाकी हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहा.
ये भी पढ़ें ; मार्च की शुरुआत में ही अप्रैल जैसी गर्मी, दिल्ली समेत उत्तर भारत के किस राज्य में क्या हाल, जानिए
अगले सात दिनों में कई राज्यों के तापमान में बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय में अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद चार दिनों में तापमान 5 से 7 डिग्री तक गिर सकता है और 9 से 11 मार्च के बीच वहां बारिश और बर्फबारी संभव है. उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में अगले 5 दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है और 10–11 मार्च के आसपास हल्की गिरावट आएगी. मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटे में तापमान 2–3 डिग्री बढ़ेगा, फिर छह दिन तक स्थिर रहेगा. विदर्भ और छत्तीसगढ़ में पांच दिन स्थिरता के बाद तापमान बढ़ने के संकेत हैं. पूर्वी भारत में तीन दिन स्थिर रहने के बाद 2–3 डिग्री की बढ़त संभव है.
दक्षिण भारत भी नहीं बचेगा गर्मी से, कई राज्यों के लिए अलर्ट
महाराष्ट्र और गुजरात में अगले चार दिन तापमान 2–3 डिग्री बढ़ सकता है जबकि उसके बाद तीन दिन स्थिरता रहेगी. दक्षिण भारत में 5 दिन तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. उष्ण लहर यानी हीटवेव की स्थिति 7–8 मार्च को हिमाचल प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में बन सकती है, जबकि 10–11 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के लिए चेतावनी जारी है. गुजरात तट, सौराष्ट्र-कच्छ, उत्तरी कोंकण, आंध्र प्रदेश, उत्तरी तमिलनाडु में गर्म और आद्र मौसम की संभावना है. ओडिशा, कर्नाटक, केरल, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर में मेघगर्जन वज्रपात के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं