विज्ञापन
6 months ago

महाराष्ट्र के पुणे जिले में बुधवार को बारामती हवाई अड्डे के पास एक ‘टेबलटॉप रनवे' से महज 200 मीटर की दूरी पर एक विमान के दुर्घनटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई. दादा (बड़े भाई) के नाम से मशहूर अजित पवार (66) के निधन से न केवल महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में एक बड़ा खालीपन पैदा हुआ है, बल्कि उनकी अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के भविष्य पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. अजित पवार के चाचा और राकांपा के संस्थापक शरद पवार ने कहा कि यह एक दुर्घटना थी और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए. एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विमान से बरामद किए जाने वाले ‘ब्लैक बॉक्स' (जिसमें फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर शामिल हैं) का विश्लेषण किया जाएगा.

Today Breaking News LIVE Updates...

मेघालय में 'आईएसआईएस-के' के धमकी भरे पोस्टरों की जांच, केंद्र से मदद ले सकती है राज्य सरकार

मेघालय सरकार पश्चिम गारो हिल्स में सामने आए आतंकी संगठन आईएसआईएस-के के नाम से जारी कथित धमकी भरे पोस्टरों की गहन जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों की मदद लेने पर विचार कर रही है. इन पोस्टरों के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.

यूरोपीय संघ से 25 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली कारों पर ही शुल्क रियायत, कोटा भी लागू

भारत ने यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ हुए व्यापार समझौते में व्यापक बाजार में बिकने वाली कारों को पूरी तरह सुरक्षित रखा है और सिर्फ 25 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली यात्री कारों पर ही आयात शुल्क में क्रमिक छूट दी जाएगी। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने कहा कि 25 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली कारों पर दी जाने वाली छूट सालाना 2.5 लाख कारों तक ही दी जाएगी. इसके अलावा, यह कोटा मुख्य रूप से यूरोपीय संघ की पुरानी और मशहूर कार विनिर्माता कंपनियों को दिया जाएगा.

एएआईबी की टीम बारामती विमान दुर्घटनास्थल पर पहुंची; फॉरेंसिक जांच शुरू की

एएआईबी की एक विशेषज्ञ टीम बारामती में हुए विमान हादसे की फॉरेंसिक जांच शुरू करने के लिए दुर्घटनास्थल पर पहुंची. सुबह हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मृत्यु हो गई. जांच में दिल्ली स्थित वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित ‘लीयरजेट 45’ विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के तकनीकी कारणों पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है.

अंडमान के मायाबंदर में मछली पकड़ने वाले बंदरगाह के लिए 199 करोड़ रुपये मंजूर

मत्स्य पालन मंत्रालय ने बुधवार को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के मायाबंदर में 199.24 करोड़ रुपये की लागत से मछली पकड़ने वाले स्मार्ट और एकीकृत बंदरगाह के निर्माण को मंजूरी दी. यह परियोजना प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के तहत 100 प्रतिशत केंद्रीय वित्तपोषण से लागू की जाएगी.

गृह मंत्री अमित शाह जा रहे हैं बारामती

गृह मंत्री अमित शाह बारामती जा रहे हैं. प्लेन क्रैश में बारामती में ही महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन हो गया है. जिसके बाद देशभर के नेताओं का बारामती पहुंचने का सिलसिला जारी है.

बिहार प्रशासनिक सेवा के 51 अफसरों का तबादला

बिहार प्रशासनिक सेवा के 51 अफसरों का तबादला कर दिया गया है. राज्य सरकार की इस व्यापक फेरबदल सूची में विभिन्न जिलों और विभागों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

ED ने रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप की ₹1,885 करोड़ की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच कीं

ईडी ने रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹1,885 करोड़ की संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है. चार अलग-अलग प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर में बैंक बैलेंस, रिसीवेबल्स, अनक्वोटेड इन्वेस्टमेंट्स में शेयरहोल्डिंग और कई अचल संपत्तियां शामिल हैं. यह कार्रवाई रिलायंस होम फाइनेंस, रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस, यस बैंक फ्रॉड केस और रिलायंस कम्युनिकेशन बैंक फ्रॉड केस में की गई है. ईडी के अनुसार, पहले भी समूह की ₹10,117 करोड़ की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं, जिससे कुल अटैचमेंट लगभग ₹12,000 करोड़ तक पहुंच गया है. जांच में समूह पर सार्वजनिक धन को सर्किटस रूट के जरिए गलत तरीके से इस्तेमाल करने और विभिन्न कंपनियों के बीच लोन को घुमा‑फिराकर भुगतान करने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं.

राहुल गांधी की दोहरी नागरिकता मामले की याचिका ख़ारिज

एमपी-एमएलए कोर्ट थर्ड के जज आलोक वर्मा ने राहुल गांधी की दोहरी नागरिकता के आरोप वाले मामले में याचिकाकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की याचिका खारिज कर दी. कोर्ट ने कहा कि याचिका में दोहरी नागरिकता नहीं बल्कि एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई थी, जो अदालत के दायरे में नहीं आता. विग्नेश शिशिर ने बताया कि वे इस आदेश के खिलाफ रिवीजन पिटिशन दायर करेंगे और मामले को नए सिरे से उठाएंगे, क्योंकि उनकी याचिका नागरिकता नहीं बल्कि एफआईआर दर्ज करने पर केंद्रित थी.

'इतनी नीच बातें नहीं...', ममता बनर्जी के बयान पर कंगना रनौत का पलटवार

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के विमान क्रैश में निधन के बाद राजनीति में भूचाल आ गया है. विपक्ष मामले की जांच की मांग कर रहा है. वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ममता बनर्जी के बयान पर कंगना रनौत ने पलटवार करते हुए बयान को नीच करार दिया है.

श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर ट्रैफिक और एयरपोर्ट पर फ्लाइट का संचालन शुरू

श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे पर बुधवार को दोनों तरफ से ट्रैफिक शुरू हो गया, जबकि एक दिन के सस्पेंशन के बाद श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विमानों का संचालन सामान्य रूप से संचालित है. यातायात विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (एनएच-44) पर दोनों तरफ से जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू की ओर पैसेंजर ट्रैफिक को इजाजत दे दी गई है.

अजित पवार प्लेन हादसे की जांच एएआईबी ने अपने हाथ में ली

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत एक दर्दनाक हवाई दुर्घटना में हो गई. यह हादसा बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हुआ, जहां उनका चार्टर विमान क्रैश हो गया और आग लग गई. विमान मुंबई से बारामती जा रहा था, जहां अजित पवार स्थानीय निकाय चुनावों के लिए चार सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करने वाले थे. इस हादसे की जांच एआईबी ने अपने हाथ में ले ली है.

दिल्ली: सेना के पूर्व अधिकारी से 90 हजार की ठगी, तीन गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने गैस कंपनी का प्रतिनिधि बनकर सेना के 61 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी से 90,000 रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित को बहकाकर उनके मोबाइल फोन पर कथित तौर पर एक हानिकारक एपीके फाइल इंस्टॉल करवाई, जिससे उन्हें पीड़ित के बैंक खाते से संबंधित जानकारियां मिल गईं.

महाराष्ट्र: जिला परिषद चुनाव में लातूर से कांग्रेस प्रत्याशी ने उम्मीदवारी वापस ली

लातूर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस की एक महिला उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली. अंजलि सुनील चौधरी का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था. मंगलवार को चौधरी भारी सुरक्षा के बीच निलांगा तहसील में एक कॉलेज पहुंचीं और महाराष्ट्र में पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव से उम्मीदवारी वापस ले ली.

दिल्ली: वसंत कुंज में बीड़ी जलाने को लेकर हुए झगड़े में युवक की चाकू मारकर हत्या

दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में बीड़ी जलाने के लिए माचिस की तीली देने को लेकर हुए विवाद के चलते कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, उसे मंगलवार रात करीब 11:40 बजे जेजे बंधु कैंप से इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची. टीम ने पाया कि पीड़ित युवक करण (21) को पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था.

द्वारका अदालत को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल से मिली

राष्ट्रीय राजधानी स्थित द्वारका अदालत को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद बुधवार सुबह अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई तथा इलाके को खाली करा लिया गया. पुलिस ने बताया कि बाद में यह सूचना अफवाह साबित हुई. पुलिस के अनुसार, अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल सुबह करीब साढ़े नौ बजे मिला था. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'डॉग एंड बम निरोधक दस्ते को तुरंत मौके पर भेजा गया और हमने गहन जांच की. हालांकि, कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने के कारण धमकी को अफवाह घोषित कर दिया गया.'

कब्जा मुक्त कराएं जमीन, बख्शे न जाएं भू माफिया: मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि किसी व्यक्ति की जमीन पर यदि किसी दबंग या भूमाफिया ने कब्जा किया है तो तत्काल जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाए. मुख्यमंत्री ने कहा है कि दूसरे की जमीन कब्जा करने वाले दबंगों, कमजोरों को उजाड़ने वालों तथा भूमाफिया को कतई न बख्शा जाए। उन्होंने कहा कि उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और सबक सिखाया जाए. मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने देने और हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने को संकल्पित है.

अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र में तीन दिनों के राजकीय शोक

उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र में तीन दिनों के राजकीय शोक और 28 जनवरी, 2026 को सभी सरकारी कार्यालयों को बंद रखने की घोषणा की गई है. वहीं, पुणे समेत कई शहरों के बाजार भी अजित पवार की मौत के बाद बंद हो गए हैं. पूरे राज्‍य में शोक की लहर है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और वे तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दोनों ही थोड़ी देर में बारामती के लिए रवाना हो रहे हैं.

उन जैसा नेता खोना बहुत बड़ा नुकसान... अजित पवार के निधन पर CM फडणवीस

अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई है. राज्य में दुख का माहौल है. उनके जैसा नेता खोना एक बहुत बड़ा नुकसान है. निजी जीवन में वे एक अच्छे दोस्त थे. हमने मिलकर कई चुनौतियों का सामना किया, जिस समय वे महाराष्ट्र के विकास में योगदान दे रहे थे, उस समय उनका असमय निधन एक बड़ा नुकसान है. हम उनके परिवार के साथ हैं. मैं एकनाथ शिंदे के साथ आज बारामती जाऊंगा. मैंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इस घटना के बारे में बताया है और उन्होंने इस पर दुख जताया है.'

‘जी राम जी अधिनियम’ से गांवों के विकास को नई गति मिलेगी, भ्रष्टाचार रुकेगा : राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘विकसित भारत- जी राम जी अधिनियम’ की सराहना करते हुए कहा कि इस कानून से गांवों के विकास को नई गति मिलेगी तथा भ्रष्टाचार एवं लीकेज पर रोक सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.  उन्होंने संसद के बजट सत्र के पहले दिन लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि इस अधिनियम से किसान, पशुपालक और मछुआरों के विकास के लिए नई सुविधाएं विकसित होंगी. राष्ट्रपति ने जैसे ही ‘विकसित भारत- जी राम जी अधिनियम’ का उल्लेख किया, विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया और इस कानून को वापस लेने की मांग करने लगे. विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के बीच राष्ट्रपति ने कहा, 'ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास के लिए जी राम जी कानून बनाया गया है। इस नए सुधार से गांव में 125 दिनों का रोजगार मिलेगा तथा भ्रष्टाचार और लीकेज पर रोक सुनिश्चित होगी.'

बरेली: राम जन्म यादव को नगर मजिस्ट्रेट का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया

बरेल प्रशासन द्वारा प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बरेली के अपर उप जिलाधिकारी (सदर), राम जन्म यादव को उनके वर्तमान कार्यों के साथ-साथ प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट, बरेली का अतिरिक्त कार्यभार सौंप दिया गया है. जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा 28 जनवरी, 2026 को जारी इस आदेश के अनुसार, यादव अगले आदेश तक अपने पद के साथ नगर मजिस्ट्रेट के दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे, जिसके लिए उन्हें कोई अलग से वेतन नहीं दिया जाएगा. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और इसकी प्रतिलिपि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दी गई है.

अजित पवार के निधन पर फूटकर रोए धनंजय मुंडे!

अजित पवार गुट नेता, पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे गहरे सदमे में हैं. वह बारामती के लिए रवाना हो गए हैं. सफर के दौरान अपने एक सहयोगी से बात करते हुए धनंजय मुंडे अपने आंसू नहीं रोक पाए और फफक कर रो पड़े. भावुक होते हुए उन्होंने कहा, 'मेरे पिता के जाने के बाद दादा ने मुझे कभी पिता की कमी महसूस नहीं होने दी थी.' बता दें कि राजनीति से परे इन दोनों नेताओं के बीच एक बेहद अटूट और निजी रिश्ता था. अजित पवार अक्सर सार्वजनिक मंचों से धनंजय मुंडे को अपना सबसे प्रिय साथी बताते थे. पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे, जिन्होंने कुछ समय पहले इस्तीफा दिया था, उन्हें फिर से मंत्री पद देने की बात चल रही थी.

अजित पवार का प्‍लेन क्रैश कैसे हुआ?

अजित पवार का विमान कैसे क्रैश हुई, इस‍े लेकर अभी जांच की जा रही है. लेकिन सूत्रों के अनुसार, विमान में तकनीकी खराबी आई थी. विमान के पायलट को तकनीकी खराबी का एहसास हुआ, तो पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी. पायलट ने 'मे डे कॉल' किया और आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी थी. एटीसी ने अनुमति मिलने के बाद पायलट विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करा था. फिलहाल AAIB पूरे मामले की जांच करेगी. जांच के बाद प्लेन क्रैश की सही वजह साफ हो पाएगी. 

अजित पवार के निधन की खबर सुनकर NCP के विधायक फूट-फूट कर रोने लगे

अजित पवार के निधन की खबर सुनकर NCP के विधायक फूट-फूट कर रोने लगे. लोहा-कंधार निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रवादी के विधायक प्रताप पाटिल चिखलीकर इस खबर को सुनकर अपने आंसू नहीं रोक पाए और कैमरे के सामने ही भावुक हो गए. प्रताप पाटिल चिखलीकर नांदेड जिले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एकमात्र विधायक हैं.

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान क्रैश

महाराष्ट्र के उपमुख्‍यमंत्री अजित पवार का विमान क्रैश हो गया है. हादसा बारामती में हुआ है. शुरुआती जानकारियों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान की क्रैश लैंडिंग हुई है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इस विमान में अजित पवार मौजूद थे या नहीं. 

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती आज अपना अनशन स्थगित करेंगे

ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती आज अपना अनशन स्थगित करेंगे. वह आज दोपहर मेला क्षेत्र छोड़ देंगे. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मेला क्षेत्र से निकलकर प्रयागराज में ही अपने आश्रम चले जाएंगे. अनशन स्थगित कर मेला क्षेत्र छोड़ने से पहले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. शंकराचार्य के अनशन का आज 11वां दिन है. उनका आज दोपहर 12 बजे मेला क्षेत्र से निकलने का कार्यक्रम है.

यूजीसी के नाम पर मंडल कमीशन वाला माहौल दोहराया जा रहा?

1990 का साल था. देश में राम लहर चल रही थी. इस राम लहर के बीच केंद्र की वीपी सिंह सरकार ने बीपी मंडल की अध्यक्षता वाली मंडल कमेटी की शिफारिशों को मानने का फ़ैसला कर लिया. देशभर में मानों बवाल मच गया. सवर्ण सड़कों पर थे. सवर्णों के बच्चों के भविष्य के खतरे के नाम पर कहीं विरोध प्रदर्शन हुआ तो कहीं पुतले जलाये गए. किसी ने मशाल जुलूस निकाला, तो कोई खून से चिट्ठी लिखकर अपना विरोध दर्ज करा रहा था. नौबत ये आ गई थी कि प्रदर्शनकारी आगजनी और तोड़ फोड़ करने लगे. कुछ-कुछ वैसा ही माहौल 36 साल बाद यूजीसी की गाइडलाइन को बनाए जाने की कोशिश होती दिखाई दे रही है. 

गोवा में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन की तैयारी

गोवा सरकार 16 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक पहुंचने से प्रतिबंधित करने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है. यह प्रस्ताव ऑस्ट्रेलिया में हाल ही में लागू किए गए सोशल मीडिया उपयोग के लिए न्यूनतम आयु सीमा संबंधी कानून से इंस्‍पायर्ड है. हालांकि, यह विचार अभी शुरुआती दौर में है और राज्य सरकार कोई भी ठोस निर्णय लेने से पहले इसकी कानूनी वैधता और लागू करने संबंधी चुनौतियों का आकलन कर रही है.

दिल्ली के शाहाबाद डेरी इलाके में पुलिस और बदमाशों में मठभेड़

दिल्ली के शाहाबाद डेरी इलाके में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई है. बताया जा रहा है कि पुलिस की गोली से तीन बदमाश घायल हुए हैं. बदमाशों के पैर में गोली लगी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये तीनों बदमाश हाल ही में शास्त्री पार्क में समीर हत्याकांड में वांटेड थे. पुलिस कई दिनों से इनकी तलाश में जुटी हुई थी.

कर्नाटक के शिवमोग्गा में निजी स्लीपर बस में लगी आग, कई यात्री घायल

कर्नाटक के चित्रदुर्ग में बस में आग लगने के कुछ दिनों बाद अब शिवमोग्गा से एक और घटना सामने आई है. होसांगारा तालुक से गुजरते समय एक स्लीपर बस पूरी तरह से आग की लपटों में घिर गई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई. यह घटना अरसालू और सुदुरू गेट के बीच हुई, जब निजी स्लीपर बस नित्तूर से बेंगलुरु जा रही थी. अन्नपूर्णेश्वरी ट्रेवल्स द्वारा संचालित इस बस में चालक और सफाईकर्मी सहित लगभग 40 यात्री सवार थे. शुरुआती जानकारी के अनुसार, अरसालू के पास पहुंचते ही सबसे पहले इंजन के पास धुआं दिखाई दिया. कुछ ही क्षणों में धुआं आग में बदल गया.

तमिलनाडु में सीट बंटवारे को लेकर आज राहुल गांधी से मिलेंगी कनिमोझी

तमिलनाडु में सीट बंटवारे को लेकर आज राहुल गांधी से कनिमोझी मिलेंगी. सूत्रों के मुताबिक, डीएमके और कांग्रेस में सीट बंटवारे पर पेंच फंसा हुआ है. पिछले विधानसभा चुनाव में 25 सीटों पर लड़ी कांग्रेस इस बार ज़्यादा सीटें और सत्ता में भागीदारी चाहती है. वहीं, डीएमके, कांग्रेस को पिछली बार से भी कम सीटें ऑफर कर रही है और साथ ही सरकार में हिस्सेदारी से साफ मना कर चुकी है. डीएमके पर दबाव बनाने के लिए कांग्रेस के कुछ नेता टीवीके के साथ गठबंधन की पैरवी कर रहे हैं.

जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में दरके पहाड़

मंगलवार देर रात जम्मू कश्मीर के सोनमर्ग पर्यटक स्थल पर हिमस्खलन हुआ, लेकिन इसमें किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मंगलवार रात 10.12 बजे मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग रिसॉर्ट में हिमस्खलन हुआ.

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले संसद के बजट सत्र के लिए दिल्ली पहुंचे. आईजीआई एयरपोर्ट से तस्वीरें

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Today Big News Snowfall Delhi-NCR Rain UGC Controversy Budget Session 2026 President Droupadi Murmu PM Modi Breaking News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com