- टाइगर श्रॉफ गोलीकांड के तीनों आरोपियों को पुलिस मुंबई लेकर आ रही है
- पुलिस कोटा से एक ही गाड़ी में तीनों आरोपियों को लेकर आ रही है
- रविवार की रात अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर इन आरोपियों ने फायरिंग की थी
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस कोटा से मुंबई लेकर आ रही है. राजस्थान पुलिस ने कोटा में तीनों आरोपियों को 15 मिनट के भीतर एक ट्रेन से पकड़ा था. टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर अनिल पंडित ने ली थी. वो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है. उसने एक ऑडियो जारी कर कहा था कि अगर सलमान खान काले हिरण शिकार मामले में माफी नहीं मांगते हैं तो वो उनसे जुड़े सभी लोगों को निशाना बनाएगा.
कोटा से गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे. कोटा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्विनी गौतम ने सोमवार को बताया था कि बिहार के बेगूसराय के रहने वाले रितिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले रेहान समेत तीन लोगों को पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे से पकड़ा गया. यह ट्रेन सुबह 10:17 बजे कोटा में रुकी थी.
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम हुई घटना की जांच के गति पकड़ने पर, पुलिस ने बताया कि रेहान, अनिल पंडित के संपर्क में था जो लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित सहयोगी माना जाता है। इसी गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक (अपुष्ट) पोस्ट के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी ली है।
सोमवार शाम को मुंबई में संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उन शुरुआती खबरों का खंडन किया, जिनमें कहा गया था कि पकड़े गए तीन लोगों में से एक नाबालिग हैं. पुलिस उपायुक्त राज तिलक रोशन ने कहा कि एक व्यक्ति 18 साल का है और बाकी दो 22 वर्ष के हैं. गैंगस्टर अनिल पंडित का नाम दिल्ली, पुणे, हरियाणा, कनाडा, थाईलैंड और दुबई में जबरन वसूली, गोलीबारी की घटनाओं और धमकियां देने के मामलों से जुड़ा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं