विज्ञापन

अखिलेश के गढ़ में सपाई गायब; PDA सम्मेलन में कुर्सी खाली रहने पर एक्शन, जिलाध्यक्ष हटाया, पूरी कार्यकारिणी भंग

कन्नौज में PDA सम्मेलन में अपेक्षित भीड़ नहीं पहुंचने के बाद समाजवादी पार्टी ने बड़ा कदम उठाते हुए जिलाध्यक्ष कलीम खान को पद से हटा दिया और पूरी जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया.

अखिलेश के गढ़ में सपाई गायब; PDA सम्मेलन में कुर्सी खाली रहने पर एक्शन, जिलाध्यक्ष हटाया, पूरी कार्यकारिणी भंग
PDA सम्मेलन की खाली कुर्सियां पड़ीं भारी; अखिलेश यादव का एक्शन मोड
अल्टर्ड बाय NDTV
  • PDA सम्मेलन की खाली कुर्सियां पड़ीं भारी, अखिलेश ने जिलाध्यक्ष को हटाया
  • कन्नौज में सपा संगठन पर बड़ी कार्रवाई, पूरी जिला कार्यकारिणी भंग
  • चुनाव से पहले अखिलेश का बड़ा संदेश, प्रदर्शन खराब तो कार्रवाई तय
कन्नौज:

समाजवादी पार्टी के महत्वपूर्ण राजनीतिक गढ़ कन्नौज में आयोजित PDA सम्मेलन के बाद पार्टी संगठन में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की मौजूदगी में हुए सम्मेलन में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटने और बड़ी संख्या में खाली कुर्सियां दिखाई देने के बाद सपा नेतृत्व ने कड़ा रुख अपनाया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जिलाध्यक्ष कलीम खान को पद से हटा दिया गया है और जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है. इस कार्रवाई को आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है. NDTV के लिए इसराइल खान की रिपोर्ट.

PDA सम्मेलन के बाद संगठन पर गिरी गाज

कन्नौज में आयोजित समाजवादी पार्टी के PDA सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल शामिल हुए थे. हालांकि कार्यक्रम में पार्टी की अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं पहुंच सकी. सम्मेलन स्थल पर खाली कुर्सियों की तस्वीरें और चर्चा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गईं. इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक समीक्षा की और कार्रवाई करते हुए जिलाध्यक्ष कलीम खान को पद से हटा दिया. साथ ही जिला कार्यकारिणी को भी भंग कर दिया गया.

सम्मेलन के दौरान खाली कुर्सियां

सम्मेलन के दौरान खाली कुर्सियां
Photo Credit: NDTV

अखिलेश यादव के निर्देश पर कार्रवाई

पार्टी सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर की गई है. कन्नौज सपा का पारंपरिक गढ़ माना जाता है और खुद अखिलेश यादव यहां से सांसद हैं. ऐसे में पार्टी नेतृत्व किसी भी बड़े कार्यक्रम में कमजोर उपस्थिति को गंभीरता से देख रहा है. राजनीतिक विश्लेषक भी इसे संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं में जवाबदेही तय करने की कोशिश मान रहे हैं.

नए जिलाध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज

संगठनात्मक फेरबदल के बाद अब जिले में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं. कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच इस बात की चर्चा है कि पार्टी आने वाले समय में नई टीम के साथ जिले में संगठन को मजबूत करने की रणनीति बना सकती है. कन्नौज में हुए इस बदलाव को आगामी चुनावों से पहले संगठनात्मक पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा है.

जिला कार्यकारिणी भंग करने का आदेश

जिला कार्यकारिणी भंग करने का आदेश
Photo Credit: NDTV

भाजपा ने साधा निशाना

इस पूरे घटनाक्रम पर उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के पास कभी कोई समर्थन था ही नहीं जो समर्थन वे जुटा पाते हैं, वह केवल उनके निजी परिवार का होता है. अन्य जातियों का कोई भी निष्पक्ष व्यक्ति उनके साथ नहीं है. कन्नौज में पीडीए पंचायत के कार्यक्रम के दौरान खाली कुर्सियाँ और खाली सभा देखने को मिली, जो कोई चौंकाने वाली बात नहीं है.

कन्नौज और पूरे उत्तर प्रदेश से कोई भी व्यक्ति उनके साथ नहीं है. केवल कुछ ऐसे लोग हैं जो सोचते हैं कि समाजवादी पार्टी की सरकार आ जाए तो उनकी बेईमानी की दुकान फिर चल पाएगी, लेकिन अब ऐसा होने नहीं वाला है. सभी लोग पूर्ण ईमानदारी से काम कर रहे हैं और बेईमानों को कभी सरकार में नहीं आने दिया जाएगा.

जिन लोगों ने कानून व्यवस्था खराब की और बहन-बेटियों के साथ अत्याचार या बलात्कार किया, ऐसे अपराधियों के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी जी ने लगातार कार्रवाई की है, जिसे जनता ने सराहा है. कार्यकारिणी भंग करने या दोबारा बनाने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है. जब नीयत और नीति दोनों ही खराब हैं, तो किसी भी व्यक्ति को लाकर खड़ा कर देने से कुछ नहीं बदलने वाला है.

यह भी पढ़ें : अखिलेश यादव 26 नवंबर को जारी करेंगे सपा का घोषणापत्र, कहा- संविधान दिवस को आएगा ‘जन-मन का मेनिफेस्टो'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PDA, Akhilesh Yadav, Kannauj, UP Politics, Samajwadi Party
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com