- बॉलीवुड और पंजाबी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों पर फायरिंग की घटनाओं के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं
- लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल साबरमती जेल की हाई-सिक्योरिटी सेल में बंद है, लेकिन गैंग का नेटवर्क सक्रिय है
- गैंग के प्रमुख सहयोगी विदेशों से डिजिटल कमांड के जरिए ऑपरेशंस की योजना बनाते और निर्देश देते हैं
बॉलीवुड स्टार्स पर हमले और फायरिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. हाल ही के सालों में बॉलीवुड और पंजाबी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों पर गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें से ज्यादातर मामलों के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं. सलमान खान से शुरू हुआ ये सिलसिला अब कई अन्य कलाकारों तक पहुंच चुका है. अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के बाद एक बार फिर से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई चर्चा में है. हालांकि सवाल ये भी है कि लॉरेंस जेल में है तो इस पूरे नेटवर्क को कौन चला रहा है?
लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल गुजरात के साबरमती जेल की एक हाई-सिक्योरिटी सेल में बंद है. बताया जाता है कि ऐसे में इस गैंग को लॉरेंस के खास सहयोगियों की एक 'शैडो कैबिनेट' चला रही है, जो विदेशों में बैठकर इंटरनेशनल लेवल पर अपने ऑपरेशंस को अंजाम देती है. टीओआई की खबर के मुताबिक, इस मेन ग्रुप में टाइसन बिश्नोई, अनिल पंडित, हरि बॉक्सर, हरमन संधू और हिमांशु सोनीपत शामिल हैं. ये लोग नए लोगों को भर्ती करने, उन्हें काम देने और हथियार का इंतजाम करने का काम करते हैं, और आपस में ऐसी जानकारी भी शेयर करते हैं.

वहीं, आरजू बिश्नोई, शुभम लोणकर और रणदीप मलिक का एक अलग ग्रुप है, जो प्लानिंग, फाइनेंसिंग और टारगेट चुनने का काम संभालता है. गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों भी इसका हिस्सा था, लेकिन FBI के 'ऑपरेशन हार्डबॉल' शुरू किए जाने के बाद से वो अंडरग्राउंड हो गया है.
अमेरिका, कनाडा और यूरोप के कुछ हिस्सों से काम करते हुए, यह कमांड स्ट्रक्चर डिजिटल तरीके से डराने-धमकाने और जमीन पर वारदातों को अंजाम देने की निगरानी करता है. ये लोग सिग्नल, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए लोकल गुर्गों को निर्देश देते हैं.

सोशल मीडिया पर गैंग की धमकियां पोस्ट करता है अनिल पंडित
गैंगस्टर अनिल पंडित, इनका मेन प्रवक्ता है, जो सोशल मीडिया पर गैंग के घोषणापत्र और जबरन वसूली की धमकियां पोस्ट करता है. पानीपत का रहने वाला अनिल पंडित, सिद्धू मूसेवाला की हत्या के एक साल बाद कनाडा के रास्ते अमेरिका चला गया था. हाल ही में, उसने सोनीपत में हरियाणवी गायक दिलेर खड़किया की रेंज रोवर पर हुई गोलीबारी और 20 अगस्त को हिसार कोर्ट परिसर के बाहर विरोधी गैंगस्टर विनोद काना की हत्या की जिम्मेदारी ली है.
ग्रुप में जहां टाइसन लोगों को ऑनलाइन धमकियां देता है, वहीं हरि जमीनी स्तर पर जबरन वसूली का काम संभालता है, और हरमन लोकल गुर्गों के जरिए विदेशों से लॉजिस्टिक्स का कॉर्डिनेशन करता है. कमांड की ये व्यवस्था बताती है कि क्यों FBI और उसके ग्लोबल पार्टनर्स का चलाया गया अंतरराष्ट्रीय अभियान भी इस सिंडिकेट को पूरी तरह से ठप करने में नाकाम रहा है.
इसे भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर हमला क्या अंडरवर्ल्ड के लौटने की दस्तक, छोटा राजन और दाऊद क्या धर्म के आधार पर लड़ रहे थे?
इसे भी पढ़ें: लॉरेंस नया अंडरवर्ल्ड? फिल्मी दुनिया में कब हुई डॉन की एंट्री; अमिताभ की 'दीवार' का क्या कनेक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं