तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में मंगलवार शाम महज 15 मिनट के अंतराल पर हुए दो भीषण सड़क हादसों ने आठ लोगों की जान ले ली, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. पहला हादसा जहीराबाद-बीदर रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार टैंकर ने एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी. इसके कुछ ही देर बाद कोहिर थाना क्षेत्र में तीन वाहनों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई. घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है. दोनों हादसों के कारण हैदराबाद-बीदर मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया.
टैंकर की टक्कर से छह लोगों की मौत
पहला हादसा मंगलवार शाम करीब 7:45 बजे जहीराबाद-बीदर रोड पर महिंद्रा एंड महिंद्रा प्लांट के पास हुआ. जानकारी के मुताबिक एक तेज रफ्तार टैंकर ने यू-टर्न ले रहे एक ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस के अनुसार मृतक बीदर के रहने वाले मजदूर थे, जो काम खत्म कर घर लौट रहे थे. मृतकों की पहचान रेखा, श्रीदेवी, देवदास, कविता, रेश्मा और निकिता के रूप में हुई है.
VIDEO | Telangana: Eight people were killed and six others seriously injured in two separate road accidents in Sangareddy district.
— Press Trust of India (@PTI_News) August 11, 2026
Six died after a tanker rammed an auto-rickshaw near Satwar village, while two were killed in a three-car collision near Kaveli.
(Source: Third… pic.twitter.com/PTUz1cDk2N
कई लोग घायल, दो वेंटिलेटर पर
हादसे में राधिका, शिल्पा और शोभा समेत कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधिकारी CI रवि के अनुसार निर्मलम्मा, तुलजम्मा और चंद्रकला की हालत गंभीर बनी हुई है. उन्होंने बताया कि घायलों में से दो लोगों को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और उनका इलाज जारी है.
PHOTO | Telangana: Eight people were killed and six others seriously injured in two separate road accidents in Sangareddy district.
— Press Trust of India (@PTI_News) August 11, 2026
Six died after a tanker rammed an auto-rickshaw near Satwar village, while two were killed in a three-car collision near Kaveli.
(Image Source:… pic.twitter.com/trAZyZulzO
कुछ ही मिनट बाद हुआ दूसरा हादसा
पहले हादसे के लगभग 15 मिनट बाद कोहिर थाना क्षेत्र में एक और गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई. पुलिस के मुताबिक हैदराबाद की ओर जा रही एक अर्टिगा कार ओवरटेक करने की कोशिश में सड़क के डिवाइडर को पार कर दूसरी लेन में चली गई. इसके बाद उसकी पहले दूसरी अर्टिगा से और फिर सामने से आ रही इनोवा कार से टक्कर हो गई.
इस हादसे में दो लोगों की मौत
इस हादसे में अर्टिगा में सवार दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान एमआरएफ कंपनी के कर्मचारी मल्लिकार्जुन और शंकर के रूप में हुई है. वहीं दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहीराबाद टाउन के सर्किल इंस्पेक्टर रवि ने बताया कि पहले हादसे में ऑटो यू-टर्न ले रहा था, तभी तेज रफ्तार टैंकर ने उसे टक्कर मार दी. दूसरे हादसे के बारे में उन्होंने कहा कि अर्टिगा कार ओवरटेक करने के दौरान डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा की लेन में पहुंच गई, जिससे तीन वाहनों की टक्कर हो गई.
5 किलोमीटर लंबा जाम
दोनों हादसों के बाद हैदराबाद-बीदर मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और बचाव कार्य के कारण सड़क पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया. पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया.
यह भी पढ़ें : जलगांव सड़क हादसा: खुशियां मातम में बदलीं; कार, बाइक और ST बस की टक्कर में 5 लोगों की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं