विज्ञापन

तेलंगाना में वैज्ञानिक की 5 साल की बेटी की हत्या, CCTV में पीछे-पीछे जाता दिखा सिक्योरिटी गार्ड

पुलिस के अनुसार मामले में संदेह की सुई सिक्योरिटी गार्ड विक्रम की ओर घूमी है. पुलिस अब इन वीडियो की बारीकी से जांच कर घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है.

तेलंगाना में वैज्ञानिक की 5 साल की बेटी की हत्या, CCTV में पीछे-पीछे जाता दिखा सिक्योरिटी गार्ड
NDTV

तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरि जिले में एक रिहायशी सोसाइटी से पांच साल की मासूम बच्ची के अपहरण और हत्या की वारदात ने हर किसी को झकझोर दिया है. कृषि वैज्ञानिक की बेटी शनिवार को अचानक लापता हो गई थी. परिवार और पुलिस उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कुछ घंटों बाद उसका शव उसी रिहायशी परिसर के क्लब हाउस के सेलर से बरामद हुआ.  शुरुआती जांच में सोसाइटी का एक सिक्योरिटी गार्ड मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया है. इसके फरार होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की हैं.

सिक्योरिटी गार्ड की ओर घूमी शक की सुई

मिली जानकारी के मुताबिक बच्ची अपने पिता के साथ तेलंगाना के कोवकूर स्थित एक विला रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में रहती थी. शनिवार को उसके गायब होने के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया. देर शाम करीब 9 बजे बच्ची का शव क्लब हाउस के सेलर में मिला. 

पुलिस के अनुसार मामले में संदेह की सुई सिक्योरिटी गार्ड विक्रम की ओर घूमी है. जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वह घटना से पहले बच्ची के साथ दिखाई देता है. फुटेज में उसे बच्ची के पीछे-पीछे जाते हुए भी देखा गया है. पुलिस अब इन वीडियो की बारीकी से जांच कर घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है.

20 लाख रुपये की मांगी गई थी फिरौती

जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची को अगवा करने के बाद उसकी रिहाई के बदले 20 लाख रुपये की मांग की थी. हालांकि पुलिस अभी इस पहलू की भी जांच कर रही है और उपलब्ध सबूतों के आधार पर पूरे मामले की पुष्टि करने में जुटी है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी घटना के बाद फरार हो गया. मोबाइल फोन लोकेशन से संकेत मिले हैं कि वह संभवतः सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन की ओर गया था. उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए डिजिटल ट्रेल, मोबाइल डेटा और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है.

बोलारम पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, जबकि मलकाजगिरि पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 10 विशेष टीमें बनाई हैं. जांच दल फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटा रहे हैं ताकि बच्ची की मौत की परिस्थितियों और आरोपी के मकसद का स्पष्ट पता लगाया जा सके.

यह भी पढ़ें: IAS अतहर आमिर खान बडगाम से विदाई पर हुए भावुक, कभी UPSC में AIR-2 लाकर रातों-रात सुर्खियों में आए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Crine News In Hindi, Murder, Kidnap
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com