- तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग और सरकार पर भाजपा के इशारों पर काम करने का आरोप लगाया
- वोटर रिकॉर्ड की अवधि घटाकर चालीस-पैंतालीस दिन कर दी गई है, जिससे चुनाव आयोग की स्वतंत्रता प्रभावित हुई है
- चुनाव आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में CJI को हटाकर केंद्रीय मंत्री को शामिल किया जाना सवालों के घेरे में है
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी विधायक तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग और SIR को केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. NDTV से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने की जरूरत है और चुनाव आयोग भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा की कठपुतली की तरह काम कर रहा है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार ने ऐसा कानून बनाया है ताकि चुनाव आयुक्तों को बचाया जा सके. वोटर रिकॉर्ड से जुड़ी अवधि एक साल से घटाकर 45 दिन कर दी गई है. चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में सरकार ने CJI को हटाकर मंत्री को शामिल कर दिया. SIR की शुरुआत जब बिहार में हुई थी, तब भी हमने इसका विरोध किया था. किसका नाम वोटर लिस्ट से हटाना है और किसका जोड़ना है, यह भाजपा तय करती है, चुनाव आयोग सिर्फ उसे लागू करता है.
उन्होंने कहा कि हम अपनी 'वोट अधिकार यात्रा' के दौरान भी लगातार कहते रहे कि 'दाल में कुछ काला है.' विपक्ष के खिलाफ एक बड़ा षड्यंत्र रचा जा रहा है. अब जब भाजपा को लग रहा है कि यह मामला उजागर हो रहा है, तो वह परिसीमन की बात ला रही है.
बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग
तेजस्वी यादव ने एक बार फिर EVM पर सवाल उठाते हुए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की. उन्होंने कहा, 'चुनाव बैलेट पेपर से होने चाहिए. अगर चुनाव बैलेट से होते तो हम 50 हजार वोटों से जीतते.'
चुनाव आयोग पर सवाल
आरजेडी नेता ने आरोप लगाया कि बिहार में चुनाव के दौरान खुलेआम पैसे बांटे गए, लेकिन चुनाव आयोग ने कार्रवाई नहीं की. उन्होंने कहा, 'बिहार में चुनाव आयोग कहां था जब मतदान के दिन दस-दस हजार रुपये बांटे जा रहे थे?'
जब उनसे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान द्वारा उठाए गए सवालों के बारे में पूछा गया तो तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा, 'वो तो हनुमान हैं, उनके बारे में क्या कहें.' उन्होंने आगे कहा कि अगर उन्हें शर्म आ रही है तो केंद्र और राज्य सरकार से इस्तीफा दे दें. लेकिन सरकार छोड़ देंगे तो न मकान बचेगा और न ही पार्टी.
यह भी पढ़ें: क्या लालू परिवार में नाराजगी हो गई दूर ? रोहिणी आचार्य बोलीं- बेटी होने का फर्ज निभाने आ रही हूं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं