- सूरत में बाढ़ से स्थिति बिगड़ गई है. यहां की इलाकों में जलभराव हो गया है .
- सूरत में बाढ़ से एक इलाके में 500 से ज्यादा गाड़ियां पानी में डूब गई. जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.
- गुजरात में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट शनिवार के दिन भी जारी किया है.
गुजरात में भारी बारिश से सूरत में भी बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. सूरत शहर में लगातार हो रही भारी बारिश और ऊपरी इलाकों से छोड़े गए पानी के चलते सूरत शहर के हालात बेहद गंभीर हो गए हैं. सबसे ज्यादा बाढ़ का असर सूरत के लिंबायत के कमरूनगर इलाके में हुआ है. यहां हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है. ड्रोन से सामने आई तस्वीरों में पूरा इलाका किसी झील की तरह दिखाई दे रहा है. आवास की इमारतों के नीचे कई फीट तक पानी भर जाने से लोगों का घरों से बाहर निकलना लगभग नामुमकिन हो गया है. सूरत शहर में 500 से ज्यादा गाड़ियां बाढ़ के पानी में डूबी है. जिसका एक ड्रोन वीडियो भी वायरल हो रहा है.
सूरत के कमरूनगर का वीडियो वायरल
कमरूनगर आवास का एक ड्रोन वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक गोदाम में खड़ी 500 से ज्यादा बाइक, कार और रिक्शा भी पानी में डूब गए हैं. कई वाहनों के इंजन, साइलेंसर और इलेक्ट्रिकल सिस्टम में पानी भर जाने से भारी नुकसान होने की आशंका है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है. क्योंकि यहां लगातार बारिश की वजह से पानी भरता जा रहा है. जिससे अचानक से हर जगह पानी भर गया. वहीं कई परिवार पिछले कई घंटों से अपने घरों में ही फंसे हुए हैं और प्रशासन लगातार सुरक्षा और बचाव में जुटा है.
ये भी पढे़ंः बाहुबली बनकर लौट रहा मॉनसून, 10 हजार KM में बादलों का दायरा, दिल्ली से गुजरात तक झमाझम बारिश
सूरत में जनजीवन अस्त-व्यस्त
जलभराव का असर सिर्फ लोगों की आवाजाही तक सीमित नहीं है. पीने के पानी, दूध, दवाइयों और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान पहुंचाना भी बड़ी चुनौती बन गया है. छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई जगहों पर लोगों को जरूरी सामान भी समय पर नहीं मिल पा रहा है, जिससे चिंता और बढ़ गई है. अचानक बने इन बाढ़ जैसे हालात ने खासकर मध्यमवर्गीय और मजदूर परिवारों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं. एक तरफ घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान खराब हो रहा है, तो दूसरी तरफ रोज कमाकर खाने वाले लोगों की आजीविका भी प्रभावित हुई है. प्रशासन की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है, लेकिन जब तक पानी का स्तर कम नहीं होता, तब तक लोगों की परेशानियां कम होती नजर नहीं आ रहीं.
गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट
गुजरात में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिसमें सूरत भी शामिल हैं. मौसम विभाग ने यहां लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. सूरत के आसपास ग्रामीण इलाकों में भी बारिश से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है.
इनपुट:अमित कुमार
ये भी पढे़ंः बारिश और बाढ़ का कहर: असम में 62 मौतें, गुजरात में 31 की जान गई; लाखों लोग प्रभावित
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं