विज्ञापन
This Article is From Feb 27, 2018

श्रीदेवी की ‘दुर्घटनावश डूबने’ से हुई थी मौत, बोनी कपूर का बयान रिकॉर्ड किया गया, 10 बातें

श्रीदेवी के आकस्मिक मौत से हैरान फिल्म जगत के लोग और प्रशंसक आज उनके देवर अभिनेता अनिल कपूर के घर पहुंचे. अनिल के बंगले पर माहौल गमगीन है, जहां श्रीदेवी और उनके पति बोनी कपूर की बेटियां खुशी और जाह्णवी कल से रह रही हैं.

श्रीदेवी की ‘दुर्घटनावश डूबने’ से हुई थी मौत, बोनी कपूर का बयान रिकॉर्ड किया गया, 10 बातें
श्रीदेवी (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:
  1. दुबई पुलिस ने बोनी कपूर को बर दुबई पुलिस थाने में पूछताछ के लिए बुलाया. पुलिस ने इस दौरान उनका बयान लिया, जिसके बाद उन्हें अपने होटल में जाने की इजाजत मिली.
  2. दुबई सरकार के मीडिया अधिकारी ने ट्विटर पर कहा, ‘‘पोस्टमार्टम विश्लेषण होने के बाद दुबई पुलिस मुख्यालय ने सोमवार को बताया कि भारतीय अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत उनके होटल के कमरे में बाथटब में बेहोश होने के बाद डूबने से हुई.’’
  3. दुबई सरकार ने ट्विटर पर लिखा कि पुलिस ने मामला ‘‘दुबई लोक अभियोजन’’ को सौंप दिया है जो इस तरह के मामलों में अपनायी जाने वाली कानूनी प्रक्रिया का पालन करेगा.
  4. दुबई के अखबार खलीज टाइम्स ने अपनी एक खबर में कहा कि कल दोपहर (स्थानीय समयानुसार) शव पर लेप लगाया जा सकता है. अभिनेत्री का शव लाने की प्रक्रिया तेज करने के लिए भारतीय दूतावास एवं वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर प्रयास कर रहे हैं.
  5. अभी यह साफ नहीं हुआ है कि 54 वर्षीय अभिनेत्री किस कारण से बेहोश हुईं और क्या दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत की शुरूआती खबर सच है. उनकी मौत से पूरे देश में उनके प्रशंसक और फिल्म जगत हैरान है.
  6. दुर्घटनावश डूबने की इस ताजा खबर से श्रीदेवी की मौत को लेकर बना रहस्य और गहरा गया है. उनके परिवार ने अभिनेत्री की मौत के बाद दिए गए शुरूआती बयान के बाद से कुछ नहीं कहा है और मीडिया से दुख के इस समय में उन्हें अकेला छोड़ देने का अनुरोध किया है.
  7. श्रीदेवी के परिवार में उनके पति फिल्म निर्माता बोनी कपूर और दो बेटियां हैं. दुबई के अखबार गल्फ न्यूज ने सोमवार को एक खबर में कहा कि श्रीदेवी की मौत नशे की हालत में दुर्घटनावश बाथटब में डूबने से हुई.
  8. अखबार ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यूएई सरकार की फोरेंसिक रिपोर्ट के हवाले से यह जानकारी दी. रिपोर्ट में मौत की वजह दुर्घटनावश डूबना बताई गई है.
  9. पोस्ट के साथ फोरेंसिक रिपोर्ट की एक कॉपी भी लगाई गई है, जिस पर यूएई स्वास्थ्य मंत्रालय और दुबई के निवारक दवा निदेशक की मुहर लगी है. अखबार ने अपनी खबर में अदाकारा का पूरा नाम ‘‘श्रीदेवी बोनी कपूर अय्यपन’’ उनके पासपोर्ट का नंबर, हादसे की तारीख और मौत की वजह बताई है.
  10. गल्फ न्यूज ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि ‘‘फोरेंसिक रिपोर्ट में केवल डूबने की बात कही गयी है, इसलिए हादसे से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने की अब भी कोशिश की जा रही है.’’ 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sridevi, Boney Kapoor
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com