पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी. हादसे में घायल व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया. लेकिन बाद में पुलिस ने आरोपी को वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 45 साल के उदय कुमार के रूप में हुई है, जो ख्याला इलाके का रहने वाला था. वह राजौरी गार्डन की एक निजी दुकान में काम करता था. उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं.
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय उदय कुमार अपने सहकर्मी और दोस्त सुभाष कुमार के साथ पैदल घर लौट रहे थे. जैसे ही दोनों भारत पेट्रोल पंप, राजौरी गार्डन के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो-एन ने उदय कुमार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया था.
घटना के बाद सुभाष कुमार ने घायल उदय को तुरंत गुरु गोबिंद सिंह (जीजीएस) अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को फरार वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर भी बताया है. सूचना मिलते ही राजौरी गार्डन थाना पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. हालांकि, आरोपी वाहन मौके पर नहीं मिला. दिल्ली पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि हादसे में इस्तेमाल हुई स्कॉर्पियो हिमाचल प्रदेश परिवहन प्राधिकरण में पंजीकृत है.
ये भी पढ़ें : कर्ज पहले, पढ़ाई बाद में... भारत समेत 113 देशों में शिक्षा से ज्यादा 'किस्तों' पर खर्च!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं