- SP सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने महोबा कलेक्ट्रेट में PM मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया.
- सांसद ने प्रधानमंत्री को देश विरोधी करार देते हुए उनके विदेशी दौरों पर सवाल उठाए और गाली दी.
- प्रदर्शन में बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर, महंगाई, पेयजल संकट और खाद्यान्न सब्सिडी की मांग प्रमुखता से उठाई गई.
उत्तर प्रदेश के महोबा कलेक्ट्रेट में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन उस वक्त विवादों में घिर गया, जब सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी अपनी मर्यादा भूल गए. 11 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे सांसद ने मीडिया के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया गया. साथ ही सांसद ने पीएम मोदी को देश विरोधी प्रधानमंत्री करार दिया और उनके विदेशी दौरों पर सवाल उठाए. सांसद द्वारा पीएम को दी गई गाली का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उधर, इस मुद्दे पर भाजपा ने सपा पर जमकर हमला बोला है.
महोबा कलेक्ट्रेट परिसर नारों से गूंज रहा था. मौका था समाजवादी पार्टी द्वारा राज्यपाल को संबोधित 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपने का. सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और जिलाध्यक्ष शोभा लाल यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर और बढ़ती महंगाई के खिलाफ जमकर हुंकार भरी, लेकिन जन समस्याओं की आवाज उठाते-उठाते सांसद अजेंद्र सिंह लोधी अपनी गरिमा की सीमा लांघ गए.
ये भी पढ़ें: क्या अखिलेश यादव के 'PDA कार्ड' का जवाब है CM योगी का मंत्रिमंडल विस्तार? समझिए

पीएम मोदी के विदेश दौरों पर उठाए सवाल
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला और देखते ही देखते वे इतने अमर्यादित हो गए कि उन्होंने प्रधानमंत्री को सरेआम अपशब्द कहे और गाली तक दे डाली. सांसद ने पीएम मोदी को देश विरोधी प्रधानमंत्री करार देते हुए उनके विदेशी दौरों पर सवाल उठाए. विवादित बयान देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री न कभी हुआ है और न कभी होगा.
वहीं बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि यहां तो सारी सीटें हड़प कर दी गई, लाखों मतदाताओं के नाम काट दिए गए और फिर रातों-रात ईवीएम मशीनों को बदल दिया गया. इस प्रदर्शन में सपा ने स्मार्ट मीटर का विरोध, पेयजल संकट की जांच, रसोई गैस और खाद्यान्न पर सब्सिडी की मांग प्रमुखता से उठाई.
2027 चुनाव में सपा की जीत का दावा
सांसद ने सरकार पर आरोप लगाया कि किसानों को फसल बीमा का लाभ नहीं मिल रहा है और बिचौलिए हावी हैं. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर 15 जून से पहले नालों की सफाई और चरखारी की टूटी पुलिया ठीक नहीं हुई, तो अंजाम बुरा होगा. यही नहीं, सांसद लोधी ने पीडीए का मुद्दा उठाते हुए सरकार को 2027 की चुनौती दे डाली. उन्होंने बंगाल चुनाव का हवाला देते हुए ईवीएम में धांधली और पुलिस बल के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि वर्तमान सरकार सिर्फ भय का माहौल बनाकर देश चला रही है, लेकिन 2027 में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी.
सपा मुखिया के इशारे पर गाली गलौज: भाजपा
इस मुद्दे पर भाजपा ने सपा पर पलटवार किया है. भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देकर सपा ने किया सभी मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है. उन्होंने कहा कि सपा मुखिया के इशारे पर सपा नेता गाली गलौज करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं