विज्ञापन
This Article is From Jan 16, 2019

राहुल के कटाक्ष पर स्मृति का जवाब- गांधी परिवार ने खुद को ही भारत रत्न से सम्मानित किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष किए जाने पर कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया

राहुल के कटाक्ष पर स्मृति का जवाब- गांधी परिवार ने खुद को ही भारत रत्न से सम्मानित किया
केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी (फाइल फोटो).
नई दिल्ली:

फिलिप कोटलर प्रेसिडेंशियल पुरस्कार को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष किए जाने पर कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया. स्मृति ईरानी ने पलटवार करते हुए मंगलवार को कहा कि कांग्रेस प्रमुख का ‘‘परिवार'' दूसरों से पुरस्कृत होने के बजाय ‘‘खुद को ही'' देश का सर्वोच्च असैन्य सम्मान ‘भारत रत्न' प्रदान करता रहा.

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने मंगलवार को कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया, ‘‘मैं अपने प्रधानमंत्री जी को कोटलर प्रेसिडेंशियल अवार्ड हासिल करने की बधाई देता हूं.'' कांग्रेस अध्यक्ष ने तंज किया, ‘‘यह पुरस्कार इतना प्रसिद्ध है कि इसकी कोई ज्यूरी नहीं है, पहले किसी को दिया नहीं गया और अलीगढ़ की एक गुमनाम कंपनी द्वारा समर्थित है. इसके इवेंट साझेदार पतंजलि और रिपब्लिक टीवी हैं.''

 

स्मृति ने पलटवार किया और राहुल गांधी के ट्वीट से टैग करते हुए कटाक्ष किया कि मोदी को किसी और ने पुरस्कृत किया लेकिन गांधी परिवार के सदस्य खुद को ही देश के शीर्ष असैन्य पुरस्कार से सम्मानित करते रहे. उन्होंने गांधी की टिप्पणी पर चुटकी लेते हुए ट्वीट किया, ‘‘ यह एक ऐसे शख्स ने कहा है जिनके शानदार परिवार ने खुद को ‘भारत रत्न' देने का फैसला किया.''

 

प्रधानमंत्री मोदी को ‘फिलिप कोटलर प्रेसिडेंशियल अवार्ड' सोमवार को प्रदान किया गया. प्रधानमंत्री कार्यालय से सोमवार को जारी बयान में कहा गया कि यह पुरस्कार तीन आधार रेखा ‘पीपुल, प्रॉफिट और प्लानेट' पर केन्द्रित है. यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष किसी देश के नेता को प्रदान किया जाएगा.

पुरस्कार के प्रशस्ति पत्र के अनुसार नरेन्द्र मोदी का चयन ‘‘देश को उत्कृष्ट नेतृत्व'' प्रदान करने के लिए किया गया है.

VIDEO : मिशन 2019 का शंखनाद

(इनपुट भाषा से)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Philip Kotler Presidential Award
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com
//added to preserve the height