- कानपुर के हाई-प्रोफाइल लैंबॉर्गिनी हादसे में आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर कोर्ट ने जमानत दी है.
- शिवम मिश्रा को गिरफ्तार करने में पुलिस को करीब चार दिन लगे और जमानत कुछ घंटों में मिल गई.
- रविवार को तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी ने ऑटो और बुलेट सवारों को टक्कर मारी, जिसमें चार लोग घायल हुए थे.
Kanpur Lamborghini Accident Case: कानपुर के हाई-प्रोफाइल लैंबॉर्गिनी हादसे में गिरफ्तार आरोपी शिवम मिश्रा को कोर्ट से जमानत मिल गई है. उसे आज ही गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के चंद घंटों बाद ही शिवम मिश्रा को जमानत मिल गई. इससे पहले शिवम मिश्रा की गिरफ्तारी में करीब 4 दिन का समय लगा था. लेकिन जमानत उसे महज कुछ घंटों में मिल गई. इस दौरान शिवम मिश्रा करीब 7 घंटे तक पुलिस के कब्जे में रहा. मालूम हो कि शिवम कानपुर के मशहूर तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है. उस पर आरोप है कि रविवार को तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी से ऑटो और बुलेट सवारों को टक्कर मारी थी, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे.
कानपुर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया शिवम
पुलिस ने उसे गुरुवार को कानपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया. जहां वह बीमार नजर आ रहा था. उसके हाथ में वीगो लगी दिखी. पुलिसवाले और रिश्तेदार उसे सहारा देते नजर आए. शिवम के साथ दिल्ली के एक फैमिली डॉक्टर भी नजर आए. इसके कुछ ही देर बाद कोर्ट से उसे जमानत मिलने की खबर सामने आई. वकील ने बताया कि उसे 20 हजार रुपए के मुचलके पर रिहा किया गया.
शिवम मिश्रा के वकील नरेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा, "कोर्ट ने रिमांड देने से मना कर दिया है. उन्हें (शिवम मिश्रा) अब 20,000 रुपये के अंडरटेकिंग और 20,000 रुपये के पर्सनल बॉन्ड पर रिहा किया जा रहा है. पुलिस दबाव में काम कर रही थी. पुलिस ने उन्हें (शिवम मिश्रा) गलत तरीके से गिरफ्तार किया था."
शिवम की पेशी से जमानत तक की तस्वीरें, एंबुलेंस से ले जाया गया बाहर



शिवम की गिरफ्तारी के लिए लगी थी पुलिस की 5 टीम
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई थीं. सूचना मिली थी कि शिवम मिश्रा कानपुर में मौजूद है. इसके बाद टीमें सक्रिय हुईं और उसे हिरासत में लेकर अदालत में प्रस्तुत किया गया. जहां से उसे 20 हजार के मुचलके पर रिहा कर दिया गया.
रविवार दोपहर कानपुर में लैंबॉर्गिनी से बुलेट और ऑटो में मारी थी टक्कर
गौरतलब है कि रविवार दोपहर ग्वालटोली क्षेत्र स्थित वीआईपी रोड पर लैंबॉर्गिनी कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पहले ऑटो और बुलेट से टकराई, फिर फुटपाथ पर चढ़ गई. हादसे में वाहन सवारों समेत कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने कार को घेर लिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लैंबॉर्गिनी के पीछे चल रही एक अन्य कार से आए सुरक्षाकर्मियों ने चालक को निकालने का प्रयास किया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया. इस दौरान कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया और निजी अस्पताल पहुंचाया गया.
चालक की ओर से दौरा पड़ने के कारण हादसा होने का दावा किया गया था, हालांकि पुलिस जांच में पाया गया है कि घटना के समय कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था. पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें - टक्कर से लेकर गिफ्तारी तक, कानपुर के लैम्बॉर्गिनी वाले रईसजादे की पूरी टाइमलाइन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं