विज्ञापन
This Article is From Mar 25, 2026

बिहार में खौफनाक मंजर: थार के नीचे फंसा युवक, चालक ने 100 मीटर तक नहीं रोकी गाड़ी; 2 की चली गई जान

हादसे के बाद बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और 2 युवक सड़क पर दूर जा गिरे. जबकि बाइक चला रहा युवक थार के नीचे फंस गया. 

बिहार में खौफनाक मंजर: थार के नीचे फंसा युवक, चालक ने 100 मीटर तक नहीं रोकी गाड़ी; 2 की चली गई जान
थार चालक हादसे के बाद भाग निकला, पुलिस तलाश में जुटी है.

रोहतास (बिहार) जिले के दरिहट क्षेत्र में दर्दनाक हादसे की तस्वीर सामने आई है. भड़कुड़िया गांव के पास बुधवार (25 मार्च) को एक तेज रफ्तार थार ने कहर बरपाया. इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक विकास कुमार और रुस्तम अंसारी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है. घायल युवक नागा पासवान का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. बताया जाता है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव भड़कुड़िया से डेहरी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही थार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक सड़क पर दूर जा गिरे. जबकि बाइक चला रहा युवक थार के नीचे फंस गया. 

एक युवक ने मौके पर तोड़ा दम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और युवक को लगभग 100 मीटर तक घसीटता रहा. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.  

थार चालक गाड़ी छोड़कर फरार 

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने थार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक मौके से गाड़ी छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही दरिहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया है. दरिहट थानाध्यक्ष रविरंजन प्रियदर्शी ने बताया कि दुर्घटना के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है.

गांव में पसरा मातम 

एक ही गांव के दो युवकों की असमय मौत से भड़कुड़िया गांव में गहरा शोक व्याप्त है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में हर तरफ मातम का माहौल है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार वाहन चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rohtas Accident, Thar Accident Bihar, Bike Thar Accident Rohtas, Bihar Road Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com