- तमिलनाडु में पूर्व अभिनेता विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनी है, जिसमें कांग्रेस भी शामिल है
- कांग्रेस के पर्यटन मंत्री राजेश कुमार ने कहा कि राहुल गांधी के बिना विजय कैबिनेट छोड़ देंगे
- विजय की पार्टी टीवीके लगातार प्रधानमंत्री पद के लिए विजय का समर्थन करती रही है
तमिलनाडु में पूर्व एक्टर विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनी है. एमके स्टालिन की सरकार में हिस्सेदार रही कांग्रेस इसमें भी शामिल है. विजय नए बने नेता हैं और पहली बार में ही सीएम बन गए हैं. अब उनकी महत्वाकांक्षा पीएम पद को लेकर भी दिखती है. खुलकर उन्होंने कभी कुछ नहीं कहा, लेकिन तमिलनाडु में 'विजय फॉर प्राइम मिनिस्टर' वाला कैंपेन चल रहा है. इसके चलते कांग्रेस में असहजता की स्थिति है. इस बीच राज्य सरकार में कांग्रेस कोटे के पर्यटन मंत्री राजेश कुमार ने इस कैंपेन को लेकर बयान दिया है. उनका कहना है कि यदि गठबंधन में रहते हुए टीवीके ने राहुल गांधी का पीएम बनने के लिए समर्थन नहीं किया तो हम विजय कैबिनेट छोड़ देंगे.
गठबंधन सरकार में कांग्रेस के दो मंत्री भी शामिल हैं. विजय की पार्टी टीवीके लगातार यह कैंपेन चला रही है. इस बीच राजेश कुमार ने कहा, 'मेरा मत स्पष्ट है. 2029 में हमारे नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे. यदि टीवीके का समर्थन न मिलने का कोई चांस बना तो फिर कांग्रेस कोटे के मंत्री कैबिनेट का हिस्सा नहीं रहेंगे.' उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब विजय को लेकर कैंपेन तेज है. टीवीके लगातार कहती रही है कि विजय अब पीएम के दावेदार होंगे. टीवीके लीडर ए. अर्जुन और शरद कुमार लगातार विजय के लिए कैंपेन तला रहा है. हाल ही में 'विजय फॉर पीएम' वाले पोस्टर देखे गए थे.
अब तक कांग्रेस के नेताओं ने ऐसे दावों से दूरी ही बनाकर रखी है. कार्ति चिदंबरम ने इसे लेकर एक बार कहा था कि यह फैन क्लब का माइंडसेट है. हालांकि राजेश कुमार ने जिस तरह चेतावनी भरे लहजे में कहा है, उससे साफ है कि ऑल इज वेल नहीं है. इसके चलते गठबंधन में तनाव की स्थिति बन रही है. अहम सवाल यह है कि क्या टीवीके फिलहाल जमीन ही भांप रही है या फिर विजय को तमिलनाडु से बाहर भी बड़े रोल के लिए प्रोजेक्ट करने की तैयारी है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि 'विजय फॉर पीएम' वाला कैंपेन 2029 लोकसभा चुनाव के लिए ही है या नहीं.
बता दें कि कांग्रेस कभी भी राहुल गांधी से इतर किसी अन्य दल के नेता को पीएम के रूप में स्वीकार करने के मूड में नहीं दिखती. कांग्रेस के किसी भी नेता के लिए यह मुश्किल है कि राहुल गांधी से इतर कोई और नेता पीएम पद का दावेदार बनेगा. दरअसल तमिलनाडु में नई बनी सरकार चला रहे विजय के लिए गठबंधन बनाए रखना जरूरी है. ऐसा इसलिए क्योंकि राज्य में बहुमत का आंकड़ा 118 का है, जबकि टीवीके के पास अपने दम पर 107 सीटें ही हैं. ऐसे में वह भी नहीं चाहेगी कि गठबंधन में किसी भी तरह से तनाव की स्थिति बने.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं