विज्ञापन
This Article is From Sep 10, 2020

सुशांत केस : रिया चक्रवर्ती को जमानत मिलेगी या नहीं, इसपर मुंबई कोर्ट कल करेगी फैसला

सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ड्रग्स कनेक्शन को लेकर गिरफ्तार हुईं एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती की जमानत पर कल फैसला होगा.

सुशांत केस : रिया चक्रवर्ती को जमानत मिलेगी या नहीं, इसपर मुंबई कोर्ट कल करेगी फैसला
रिया की जमानती याचिका पर शुक्रवार को फैसला सुनाएगी मुंबई की सेशन कोर्ट.
  • रिया चक्रवर्ती की जमानती याचिका पर सुनवाई
  • कल कोर्ट सुनाएगी फैसला
  • रिया ने याचिका में अपने बयान बदले हैं
मुंबई:

सुशांत सिंह राजपूत की मौत (Sushant Singh Rajput Death Probe) के मामले में ड्रग्स कनेक्शन को लेकर गिरफ्तार हुईं एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती की जमानत (Rhea Chakraborty Bail Petition) पर कल फैसला होगा. गुरुवार को मुंबई की एक कोर्ट ने रिया की जमानती याचिका पर कहा कि इसका फैसला शुक्रवार को सुनाया जाएगा. बता दें कि ड्रग्स इस्तेमाल के आरोपों की जांच कर रहे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने रिया चक्रवर्ती को मंगलवार को तीन दिनों की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से कोर्ट ने उन्हें 22 सितंबर तक के लिए जेल भेज दिया था. रिया को इसके बाद भायखला जेल में शिफ्ट कर दिया था.

बता दें कि रिया चक्रवर्ती की जमानत याचिका पर गुरुवार को सेशन कोर्ट में सुनवाई हुई है. फैसला कल के लिए टाल दिया गया है. मजिस्ट्रेट अदालत पहले ही रिया की जमानत याचिका खारिज कर चुका है. लेकिन इस बार रिया ने अपने बयान में बदलाव किए हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि NCB की पूछताछ के दौरान उन्हें ‘दोष स्वीकारोक्ति वाले बयान' देने पर मजबूर किया गया. वहीं अपनी याचिका में रिया ने यह दावा भी किया है कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है और उन्हें इस मामले में फंसाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: NCB ने कोर्ट में बताया- सुशांत राजपूत के इस्तेमाल के लिए ड्रग्स मंगवाती थीं रिया चक्रवर्ती

रिया के वकील सतीश मानशिंदे की ओर से दाखिल जमानत याचिका में कहा गया है कि 'हिरासत (NCB की) के दौरान याचिकाकर्ता को दोष स्वीकारोक्ति वाले बयान देने पर मजबूर किया गया. अभिनेत्री ऐसे सभी कबूलनामे औपचारिक तौर पर वापस लेती हैं.' इस याचिका में रिया की गिरफ्तारी को ‘गैरजरूरी' बताया गया है और कहा गया है कि 'गिरफ्तारी बिना किसी कारण के की गई है'.

रिया ने यह भी कहा है कि 'ड्रग्स मिले थे लेकिन इतनी मात्रा में नहीं और ऐसे अपराध जमानती होते हैं.' उन्होंने यह भी कहा है कि 'जब एनसीबी के अफसर उनसे घंटों लंबी पूछताछ कर रहे थे तो उस वक्त उन्हें कोई कानूनी सहायता नहीं मिली और न ही वहां कोई महिला अफसर मौजूद थी.'

सुशांत सिंह मामले की जांच में ड्रग एंगल को लेकर नारकोेटिक्स विभाग NCB ने अब तक  कुल 10 गिरफ्तारियां की है, इनमें करन अरोड़ा, के अब्बास, ज़ैद, बासित परिहार, शोविक चक्रवर्ती, सैमुअल मिरांडा, कैज़ान इब्राहिम, दीपेश सावंत, अनुज और रिया चक्रवर्ती शामिल हैं. रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 (c), 20 (b) (ii), 27(a), 28  और 29 में मामला दर्ज किया गया है.

Video: कोर्ट में रिया चक्रवर्ती ने बदला अपना बयान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rhea Chakraborty, Rhea Chakraborty Bail, Mumbai Court, Sushant Singh Rajput Death Probe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com