विज्ञापन
This Article is From Jun 05, 2025

RCB के जश्न में मातम: बेंगलुरु भगदड़ में 11 की मौत, 33 घायल, जानिए घटना से जुड़ी 10 बड़ी बातें

बेंगलुरु में इस दुर्घटना ने IPL के उत्सव को काले दिन में बदल दिया और पूरी दुनिया में इसपर शोक की लहर फैल गई है.

RCB के जश्न में मातम: बेंगलुरु भगदड़ में 11 की मौत, 33 घायल, जानिए घटना से जुड़ी 10 बड़ी बातें
नई दिल्ली:
  1. आरसीबी फ्रेंचाइज़ी भी सदमे में : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने भी इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया. फ्रेंचाइज़ी ने कहा कि हम सभी की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं. हादसे की जानकारी मिलते ही कार्यक्रम में बदलाव किया गया और प्रशासन के निर्देशों का पालन किया गया. टीम ने सभी प्रशंसकों से सुरक्षित रहने की अपील की है.

  2. भीड़ प्रबंधन में चूक बनी हादसे की वजह: स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, आयोजकों और पुलिस प्रशासन ने भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे. बिना किसी बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के उपायों के अभाव में यह हादसा हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भीड़ अचानक आगे बढ़ने लगी जिससे भगदड़ मच गई.

  3. प्रशंसकों की दीवानगी बनी मौत की वजह : RCB की जीत के बाद प्रशंसकों में जबर्दस्त उत्साह था. हजारों लोग खिलाड़ियों के स्वागत के लिए सड़क पर जमा हो गए. काफी समय से इंतजार करते-करते लोग धैर्य खो बैठे और आगे बढ़ने लगे. इसी हड़बड़ी में कई लोग जमीन पर गिर गए और कुचलने से मौत हो गई.

  4. प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल : हादसे के बाद प्रशासन पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल क्यों नहीं था? ट्रैफिक डायवर्जन और इमरजेंसी निकासी के इंतजाम नाकाफी क्यों रहे? सोशल मीडिया पर लोग प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं.

  5. घायलों का अस्पतालों में इलाज जारी : घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. चिकित्सकों की टीम लगातार इलाज में जुटी है. सरकार ने घायलों को बेहतर इलाज देने का भरोसा दिया है. परिजनों को अस्पताल प्रशासन की तरफ से हरसंभव सहयोग किया जा रहा है.

  6. RCB ने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित किए: RCB टीम प्रबंधन ने घटना के बाद अपने सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया. खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम को सीमित कर दिया गया है. टीम मैनेजमेंट ने स्थानीय प्रशासन से भी लगातार संपर्क में रहने की बात कही.

  7. सोशल मीडिया पर संवेदनाओं का सैलाब : हादसे की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर संवेदना जताने वालों का तांता लग गया. फैंस, सेलिब्रिटीज और नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति सहानुभूति जताई. कई लोगों ने इस हादसे को टालने योग्य बताते हुए बेहतर भीड़ प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया.

  8. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने क्या कहा? कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हमारी उम्मीद से कहीं अधिक लोग  जश्न मनाने के वास्ते इकट्ठा हुए थे. चिन्नास्वामी स्टेडियम के निकट 2-3 लाख से अधिक लोग आ गए, किसी को इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी. स्टेडियम में एक छोटा सा द्वार था, बड़ी संख्या में लोग पहुंच गये थे, उन्होंने इसे तोड़ दिया, जिससे भगदड़ मच गई.

  9. बीजेपी ने लगाया कुप्रबंधन का आरोप:  बेंगलुरु में भगदड़ से मौत के बाद बीजेपी ने राज्य सरकार पर कुप्रबंधन का आरोप लगाया है. बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कहा कि जश्न का जश्न का माहौल दुःस्वप्न में बदल गया. इस दिल दहला देने वाली घटना को टाला जा सकता था. राज्य सरकार ने बुनियादी प्रशासनिक दूरदर्शिता की कमी और भीड़ नियंत्रण में विफलता के कारण अपूरणीय क्षति हुई है. जवाबदेही तय की जानी चाहिए. लापरवाही के कारण जान गई, ये संयोग से नहीं है.

  10. राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राहुल गांधी ने जताया दुख: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को बेंगलुरू में हुई भगदड़ की घटना को “बेहद हृदय विदारक” बताया. मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही हृदयविदारक है. इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.” राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि बेंगलुरू में मची भगदड़ में लोगों की मौत दुखद और हृदयविदारक है. सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की.

    मुर्मू ने कहा, 'बेंगलुरू के एक स्टेडियम में हुई दुखद घटना में लोगों की मौत खौफनाक और हृदयविदारक है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.' कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी भगदड़ में कई लोगों की मौत पर दुख जताया और कहा कि राज्य सरकार को ऐसे आयोजनों के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल की तुरंत समीक्षा करनी चाहिए और उन्हें मजबूत करना चाहिए.
     

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bengaluru Stampede, Chinnaswamy Stadium Tragedy, IPL Celebration Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com