- बिहार के कटिहार में रामनवमी पर हिंदुओं ने भगवान राम की शोभायात्रा निकालकर सामाजिक एकता का उदाहरण दिया
- शोभायात्रा मस्जिद के पास से गुजरते समय हिंदू संगठनों ने मानव शृंखला बनाकर सुरक्षा का घेरा बनाया
- मानव शृंखला का उद्देश्य दूसरे धर्म के लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाना और शांति बनाए रखना था
बिहार के कटिहार रामनवमी पर भाईचारे की मिसाल दिखाई दी. जहां हिंदुओं ने भगवान राम की शोभायात्रा निकाली और इसके साथ ही सामाजिक एकता का एक अनूठा उदाहरण भी पेश किया. जब यह शोभायात्रा मस्जिद के पास से गुजरी, तो हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कतार में खड़े होकर एक-दूसरे का हाथ थाम लिया और सुरक्षा घेरा बनाकर शांतिपूर्ण माहौल बनाया.
मस्जिद के सामने बनाया सुरक्षा घेरा
शोभायात्रा के दौरान सबसे खास नजारा तब दिखा जब वह एक मस्जिद के पास से गुजरी. किसी भी तरह की गलतफहमी या समस्या को टालने के लिए हिंदू संगठनों के युवाओं ने खुद आगे बढ़कर मस्जिद के सामने एक मानव शृंखला (Human Chain) बना ली. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि दूसरे धर्म के लोगों को कोई परेशानी ना हो और शांति सोहार्द माहौल बना रहे.

Bihar News
झांकियों से भी दिया सामाजिक संदेश
शोभायात्रा की शुरुआत एल.डब्ल्यू.सी. (LWC) मैदान से हुई, जो पूरे शहर का भ्रमण करते हुए डीएस कॉलेज मैदान में पूरी हुई. यात्रा में भगवान राम और वीर महापुरुषों की प्रतिमाओं के साथ-साथ बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद द्वारा रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों के प्रति जागरूकता फैलाने वाले मॉडल भी प्रदर्शित किए गए. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात दिखा.
राम सेना से जुड़े बिक्कू सिंह ने कहा, 'यह हमारे कटिहार की शांति और सौहार्द का प्रतीक है. हम यह संदेश देना चाहते हैं कि किसी भी समाज से आने वाले हमारे भाई को कोई दिक्कत न हो. हम सब एक ही हैं और इसी एकता के प्रतीक के रूप में हम यहां खड़े हैं.' वहीं अंकित सिंह का कहना था, 'हर साल की तरह इस बार भी हम आपसी भाईचारा का संदेश दे रहे हैं. पिछली बार भी हमने इसी तरह खड़े होकर सुरक्षा दी थी. हम समाज को यह दिखाना चाहते हैं कि हम शांति और एकता में विश्वास रखते हैं.'
यह भी पढ़ें: मीरारोड इलाके में मेड की बेरहमी से हत्या, आरोपी जबरन संबंध बनाने का डालता था दवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं