- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को पहली बार 24 घंटे की रिमांड पर लिया है
- पुलिस ने कोर्ट से अविनाश की 48 घंटे की रिमांड मांगी थी लेकिन कोर्ट ने 24 घंटे की मंजूरी दी है
- अविनाश शुक्ला ने पूछताछ में चोरी और गबन की बात स्वीकार की है और कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है. इस मामले में अभी तक पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की है. गुरुवार को इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहली बार आरोपी अविनाश शुक्ला को 24 घंटे के लिए रिमांड पर लिया है. सूत्रों के अनुसार पुलिस ने कोर्ट से अविनाश शुक्ला की 48 घंटे की रिमांड मांगी थी लेकिन कोर्ट ने फिलहाल पुलिस को 24 घंटे की रिमांड की मंजूरी दी है.
अविनाश से पूछताछ में कई राज खुलेंगे - पुलिस
अविनाश शुक्ला के रिमांड को लेकर गुरुवार को कोर्ट में सुनवाई हुई. पुलिस ने अपनी दलील दी और कोर्ट को बताया कि आखिर अविनाश शुक्ला को रिमांड पर लेना क्यों जरूरी है. कोर्ट ने पुलिस की दलील सुनने के बाद अविनाश शुक्ला की रिमांड को मंजूरी दे दी है. सूत्रों के अनुसार पुलिस ने कोर्ट को बताया कि अविनाश से जेल में पूछताछ के बाद कुछ बातों का पता चला है.इसलिए इसकी पुलिस रिमांड की जरूरत है.इसके अलावा इसके गांव में इसकी बाइक बरामद करनी है.और आगे की पूछताछ करनी है.

आपको बता दें कि पुलिस की जांच में अविनाश शुक्ला से जुड़ी कई बड़े खुलासे हुए हैं. गिरफ्तारी के समय तैयार किए गए पुलिस दस्तावेज़ों के अनुसार, उसने पूछताछ में कथित तौर पर स्वीकार किया कि चढ़ावे की रकम की गिनती के दौरान चोरी और गबन किया गया था. उसकी निशानदेही पर ट्रस्ट की मौजूदगी में 20 लाख 39 हजार 220 रुपये, 1,121 अमेरिकी डॉलर, चांदी जैसी धातु की एक वस्तु, दो सोने की चेन और एक अंगूठी बरामद की गई. अब तक की जांच में यह सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है.
आरोपियों ने पूछताछ में चोरी और गबन की बात स्वीकारी
वहीं, दूसरे आरोपी अनुकल्प मिश्रा के बारे में भी पुलिस दस्तावेज़ों में दावा किया गया है कि उसने पूछताछ के दौरान चोरी और गबन की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर 16 लाख 82 हजार 40 रुपये बरामद किए गए. लवकुश मिश्रा के पास से 14 लाख 25 हजार रुपये बरामद हुए, जबकि रमाकांत मिश्रा के कब्जे से 7 लाख 32 हजार 170 रुपये मिले. करूणेश पांडेय के पास से 18 लाख 7 हजार 63 रुपये बरामद होने का उल्लेख दस्तावेज़ों में है. वहीं मनीष कुमार यादव के पास से 2 लाख रुपये और राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू के पास से 1 लाख रुपये बरामद किए गए.
यह भी पढ़ें: राम जी न्याय करेंगे... राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में महंत दिनेंद्र दास का बड़ा खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं