विज्ञापन

पंचायतीराज चुनाव पर घमासान: कांग्रेस बोली- उम्मीदवारों की सूची बनवा रही सरकार, भाजपा बोली- हार के डर से आरोप

इस मामले में कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीतिक बयानबाजी करार दिया है.

पंचायतीराज चुनाव पर घमासान: कांग्रेस बोली- उम्मीदवारों की सूची बनवा रही सरकार, भाजपा बोली- हार के डर से आरोप
राजस्थान में पंचायती राज चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने या गई है.
  • डोटासरा ने प्रशासनिक अधिकारियों से विपक्षी उम्मीदवारों की सूची मांगने का आरोप लगाया है
  • भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया और डोटासरा की बयानबाजी को जनता से दूरी का परिचायक बताया है
  • गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कांग्रेस पर आंतरिक कलह छिपाने और चुनाव हारने पर आरोप लगाने का आरोप लगाया है

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव से पहले एक बार फिर सियासी घमासान छिड़ गया है. कांग्रेस एक बार फिर सरकार पर प्रशासन का दुरुपयोग करने का आरोप लगा रही है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक आदेश की प्रति साझा करते हुए लिखा कि सरकार द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों से संभावित उम्मीदवारों की सूची मांगी जा रही है.

डोटासरा ने लगाए गंभीर आरोप

गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को विपक्ष के संभावित उम्मीदवारों की सूची बनाने के लिए कहा जा रहा है, ताकि उन उम्मीदवारों के घर बुलडोजर भेजे जा सकें. उनके खिलाफ कोई बकाया निकाला जा सके, जिससे उनके नामांकन पत्र खारिज किए जा सकें. यदि ऐसा भी नहीं हो, तो जैसे पार्षदों को उठवाया गया था, वैसे ही पुलिस के जरिए उन्हें उठाया जा सके.

नगर निगम चुनाव का भी किया जिक्र

डोटासरा ने कहा कि नगर निगम चुनाव में पुलिस और प्रशासन द्वारा जो तानाशाही की गई, वह देश के इतिहास में दर्ज हो गई है. उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह की कार्रवाई गांवों में की गई, तो किसान और ग्रामीण इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे और सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा.

अधिकारियों को दी चेतावनी

डोटासरा ने सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार काम किया गया, तो चुनावों से किसी बड़े आंदोलन या क्रांति की शुरुआत हो सकती है. उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी बात कही.

उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी सरकार के कहने पर नियमों, संविधान और कानून के खिलाफ काम करेंगे, तो उन्हें केवल चिह्नित ही नहीं किया जाएगा, बल्कि सजा भी भुगतनी पड़ेगी. उन्होंने कहा कि समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता और जो लोग बेईमानी में शामिल होंगे, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी. कानून अनुमति देगा तो उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है.

टीकाराम जूली ने भी दोहराए आरोप

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी कांग्रेस के आरोपों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है और कांग्रेस इसके खिलाफ लड़ रही है तथा आगे भी लड़ती रहेगी.

भाजपा ने आरोपों को बताया निराधार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के आरोपों को कोरी बयानबाजी बताया. उन्होंने कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा अक्सर अनर्गल बयानबाजी करते हैं. कांग्रेस जनता के बीच जाने से घबराती है. उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करती, तो कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो जाता.

राठौड़ ने कहा कि डोटासरा अपने क्षेत्र में कांग्रेस का नगर पालिका बोर्ड तक नहीं बनवा पाए. कांग्रेस कभी जनादेश का सम्मान नहीं करती और हार के बाद हमेशा किसी न किसी बहाने का सहारा लेती है. कभी ईवीएम पर सवाल उठाती है तो कभी सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाती है.

गृह राज्यमंत्री का कांग्रेस पर पलटवार

गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस में संस्कारों की कमी आ गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अधिकारी वर्ग और अपने नेताओं के लिए भी हल्के शब्दों का इस्तेमाल करती है. बेढम ने कहा कि जब-जब कांग्रेस चुनाव हारती है, तब-तब वह अलग-अलग तरह के आरोप लगाती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अनैतिक साधनों से चुनाव जीतने की कोशिश की है और अब उन्हें हर जगह वही नजर आता है.

कांग्रेस की अंदरूनी कलह का आरोप

जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि कांग्रेस के भीतर आंतरिक संघर्ष चल रहा है. उन्होंने कहा कि इसी अंदरूनी लड़ाई को छिपाने के लिए कांग्रेस नेता इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रशासन और पुलिस के दुरुपयोग के आरोप लगा रही है, लेकिन यदि सरकार वास्तव में ऐसा करती तो कांग्रेस को 91 सीटें नहीं मिलतीं. उन्होंने प्रशासन और पुलिस के दुरुपयोग संबंधी आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया.

यह भी पढ़ें- राजस्थान कांग्रेस में कलह: विश्वेंद्र सिंह ने डोटासरा का इस्तीफा मांगा, कहा- परिवार की भर्तियों की जांच हो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Politics, Rajasthan Congress, Rajasthan BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com