Ajmer Dargah Deg Case: देश अभी राम मंदिर के दान में हुई कथित हेराफेरी के मामले को पूरी तरह भुला भी नहीं पाया था कि अब राजस्थान के अजमेर में स्थित विश्व प्रसिद्ध सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती ( Ajmer Dargaah Sharif) की दरगाह से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आ गया है. अजमेर दरगाह( ajmer Dargaah) के प्रसिद्ध देग ठेका प्रकरण में 20 लाख रुपए की कथित हेराफेरी और गबन का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है. इस वित्तीय अनियमितता के सामने आने के बाद दरगाह से जुड़े हलकों में नया विवाद खड़ा हो गया है.
इस पूरे मामले को लेकर अंजुमन के वर्तमान सचिव शेखजादा लियाकत अली चिश्ती की ओर से पुलिस अधीक्षक को लिखित में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर दरगाह थाना पुलिस ने अंजुमन यादगार चिश्तिया शेखजादगान खुद्दाम ख्वाजा साहब के पूर्व सचिव शेखजादा एहतेशाम चिश्ती और देग ठेकेदार सैयद अनवर मोहम्मद नियाजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
साल 2018 के उर्स के ठेके से जुड़ा है विवाद
मामले की गंभीरता को देखते हुए दरगाह थाने के एसपी ने बताया कि थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, यह पूरा विवाद साल 2018 के वार्षिक उर्स के दौरान का है, उस समय दरगाह शरीफ की बड़ी और छोटी देग का ठेका 3 करोड़ 77 लाख 40 हजार 100 रुपए में दिया गया था. तयशुदा ठेका शर्तों के मुताबिक, कुल राशि अंजुमन संस्था के हिस्से में 1 करोड़ 25 लाख 80 हजार 33 रुपए आने थे.
इसके एवज में देग ठेकेदार सैयद अनवर मोहम्मद नियाजी ने बैंक चेक और नकद माध्यमों से संस्था के पास 1 करोड़ 5 लाख 80 हजार रुपए तो जमा करा दिए, लेकिन 20 लाख रुपए की राशि बकाया रह गई थी.

अजमेर शरीफ दरगाह देग
Photo Credit: website
रिकॉर्ड से दस्तावेज गायब कर लगाया संस्था को चूना
दर्ज एफआईआर के मुताबिक, आरोप है कि साल 2020 में तत्कालीन सचिव सचिव शेखजादा एहतेशाम चिश्ती ने बकाया राशि की वसूली के लिए ठेकेदा से 10-10 लाख रुपए के दो मूल चेक और एक वचन पत्र अपने कब्जे में लिए थे. आरोप है कि बाद में ठेकेदार से मिलीभगत कर इन दस्तावेजों को संस्था के रिकॉर्ड से गायब कर दिया गया और 20 लाख रुपए का कथित गबन कर संस्था को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया.
पुलिस ने शुरू की गहन जांच
मामले को लेकर दरगाह थाना के ए एस आई ने जानकारी देते हुए बताया है कि फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है. साथ ही मामले के दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद ही केस में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: Ajmer Sharif: अजमेर शरीफ की 'बड़ी देग' में कूदा शख्स,पैसे निकालते समय CCTV में कैद हुई हरकत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं