विज्ञापन

उत्तराखंड के चुनावी रण में कूदे राहुल गांधी, पूर्व सैनिकों और युवाओं पर रहेगा फोकस

कांग्रेस नेता दो दिन के उत्तराखंड दौरे पर हैं. वे इस दौरान जनसभाएं करेंगे. इसे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है.

उत्तराखंड के चुनावी रण में कूदे राहुल गांधी, पूर्व सैनिकों और युवाओं पर रहेगा फोकस
Rahul Gandhi Uttarakhand Visit: उत्तराखंड के दौरे पर राहुल गांधी
NDTV.in
  • उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी शंखनाद हो चुका है
  • राहुल गांधी दो दिन के उत्तराखंड दौरे पर हैंवे अल्मोड़ा, पौड़ी और कोटद्वार में लोगों से मिलेंगे
  • राहुल गांधी पूर्व सैनिकों से मिलेंगे और अग्निवीर योजना, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर बात करेंगे

उत्तराखंड के विधानसभा चुनावों में अभी 7 महीने का समय है और उत्तराखंड में चुनावी शंखनाद का बिल्कुल बन चुका है. भाजपा और कांग्रेस दोनों राजनीतिक दल की सरगर्मियां उत्तराखंड में बढ़ गई हैं. राजनीतिक दलों के नेताओं के दौरे भी उत्तराखंड में तेजी बढे हैं. पीएम मोदी के लगातार कार्यक्रम उत्तराखंड में रहे हैं तो वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का हाल ही में 3 दिवसीय दौरा रहा है. अब नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 2 दिन के उत्तराखंड के दौरे पर हैं.

राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा क्यों है इतना अहम?

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा लगातार उत्तराखंड के दौरे पर हैं.वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी उत्तराखंड आ चुके हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड लगातार आते रहे हैं. तो वहीं भाजपा के नेताओं के ताबड़तोड़ दौरों के बाद अब उत्तराखंड में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं. राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा पौड़ी और कोटद्वार आएंगे. वहीं 5 जून को राहुल गांधी देहरादून में कांग्रेस संगठन के तमाम पदाधिकारी, प्रकोष्ठ, विधायक, पूर्व विधायक और पूर्व मंत्रियों के साथ पार्टी के बड़े नेताओं से मुलाकात करेंगे. राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस की तरफ से चुनावी शंखनाद है. राहुल गांधी अल्मोड़ा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे हैं जिसमें वह केंद्र और राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों को लेकर जनता के सामने अपनी बात रखेंगे. वहीं पौड़ी जिले में पूर्व सैनिकों के साथ मुलाकात कर चर्चा करेंगे. इसके अलावा कोटद्वार में राहुल गांधी दीपक कश्यप उर्फ मोहम्मद दीपक के जिम में जाएंगे वहां वर्कआउट करेंगे और मेंबरशिप भी लेंगे.

राहुल गांधी का यह दौरा विधानसभा चुनाव की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है. इस दौरे का राजनीतिक और चुनावी मतलब यह निकाला जा रहा है कि राहुल गांधी उत्तराखंड की आम जनता के सामने अपनी बात रखेंगे. इसके अलावा राहुल गांधी का सबसे महत्वपूर्ण कदम उत्तराखंड में पूर्व सैनिकों से मिलना है. उत्तराखंड में हर पांचवा व्यक्ति सेना, एयरफोर्स, नेवी या अर्ध सैनिकों बलों में अपनी सेवा दे रहे हैं. इसके साथ ही पूर्व सैनिकों की बड़ी संख्या भी है. राहुल गांधी इन सैनिक परिवारों में अपना संदेश पहुंचाना चाहते हैं. 

दूसरा अग्निवीर का मुद्दा भी राहुल गांधी उठाएंगे क्योंकि उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्र से हर युवा सेना में जाना चाहता है. राहुल गांधी अग्निवीर के अलावा महिला सुरक्षा, बेरोजगारी भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे पर बात करेंगे.

उत्तराखंड में चुनावी शंखनाद

वरिष्ठ पत्रकार भागीरथ शर्मा ने राहुल गांधी के दौरे पर कहा कि निश्चित तौर पर उत्तराखंड में अब राजनीतिक दलों के नेताओं के दौर शुरू हो चुके हैं. भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राष्ट्रीय राजनीतिक दल है और ऐसे में चुनावी दौरे जाहिर तौर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए हो रही है. भागीरथ शर्मा कहते हैं कि लगातार उत्तराखंड में दो बार से बीजेपी की सरकार है और कांग्रेस के लिए इस वक्त करो या मरो की स्थिति है. अगर कांग्रेस 2027 का विधानसभा चुनाव हारती है तो यह कांग्रेस संगठन में मौजूद तमाम कार्यकर्ताओं के लिए एक बहुत बड़ा आघात होगा. कांग्रेस संगठन पूरा रसातल पर चला जाएगा. वरिष्ठ पत्रकार भागीरथ शर्मा ने बताया कि भाजपा संगठन बेहद मजबूत है उसका ग्रास रूट का कार्य करता अभी मजबूती से पार्टी के लिए काम कर रहा है. अब राहुल गांधी अपने ग्रास रूट के कार्यकर्ता को मजबूत और उनमें जोश डालने के लिए उत्तराखंड में आ रहे हैं. राहुल गांधी को सबसे पहले उत्तराखंड कांग्रेस में चल रही गुटबाजी को खत्म करना होगा दूसरा राहुल गांधी को उत्तराखंड के वह मुद्दे उठाने होंगे जिससे कांग्रेस दोबारा से सत्ता में आ सके.

कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि राहुल गांधी के दौरे से उत्तराखंड कांग्रेस मजबूत होगी और कांग्रेस में चल रही गुटबाजी पर लगाम जरूर लगेगी. सभी नेता एक मंच पर आकर कांग्रेस को 2027 का चुनाव जिताएंगे. सुरेंद्र सिंह नेगी कहते हैं कि राहुल गांधी के दौरे से उत्तराखंड में कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी.उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर राहुल गांधी का दौरा विधानसभा 2027 के चुनाव का शंखनाद है. भाजपा सरकार की कई ऐसी नीतियां है जिसकी वजह से उत्तराखंड विकास की दौड़ में नहीं है. राहुल गांधी राष्ट्रीय नेता है और उनकी युवाओं में काफी पकड़ है. राज्य में बेरोजगारी चरम पर है यही वजह है कि राहुल गांधी का दौरा उत्तराखंड कांग्रेस के लिए एक संजीवनी का काम करेगा.

वहीं भाजपा के लैंसडाउन विधायक दिलीप सिंह रावत का कहना है कि राहुल गांधी उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं. वह एक राजनीतिक दल के नेता हैं. ऐसे में चुनाव से पहले चुनावी दौरे सभी राजनीतिक दल करते हैं. दिलीप रावत ने कहा कि राहुल गांधी यहां पर जाकर क्या बोलते हैं और क्या करते हैं यह उसके बाद ही पता चलेगा लेकिन कांग्रेस में  चल रही गुटबाजी ओर बढ़ेगी. राहुल गांधी जब भी उत्तराखंड में आते हैं तो उसका फायदा भाजपा को ही मिलता है.

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी बोले- इमरजेंसी लगा सकती है मोदी सरकार, बीजेपी ने बताया 'लीडर ऑफ प्रोपेगैंडा'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com