विज्ञापन

राहुल गांधी पर महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी के बाद गर्भवती पत्रकार को धक्का देने का आरोप

बीजेपी ने उस महिला पत्रकार का एक वीडियो शेयर किया है, जिसे धक्का देने का आरोप राहुल गांधी पर लगा है. उसने रोते हुए मार्च के दौरान खुद के साथ हुई पूरी घटना बताई कि कैसे राहुल गांधी ने उसे धक्का दिया और उसके ऊपर चार-पांच लोग गिर पड़े.

राहुल गांधी पर महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी के बाद गर्भवती पत्रकार को धक्का देने का आरोप
बीजेपी ने राहुल गांधी पर लगाया प्रेग्नेंट पत्रकार से बदसलूकी का आरोप
  • बीजेपी ने राहुल गांधी पर बिहार की एक प्रेग्नेंट महिला पत्रकार पर मार्च के दौरान बदसलूकी का आरोप लगाया है
  • महिला पत्रकार ने बताया कि राहुल गांधी ने माइक लगाने पर गुस्से में उनका कंधा पकड़कर धक्का दिया था
  • राहुल गांधी ने उनके कैमरापर्सन को भी धक्का दिया, जिससे वह उनके ही ऊपर गिर पड़ा
नई दिल्ली:

बीजेपी ने दिल्ली में कांग्रेस के सुप्रीम कोर्ट मार्च के दौरान राहुल गांधी पर बिहार की एक प्रेग्नेंट महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी का आरोप लगाया है. बीजेपी के कुछ नेताओं ने आरोप लगाया है कि मार्च के दौरान राहुल ने गर्भवती महिला पत्रकार संग बदसलूकी की. बीजेपी ने महिला पुलिसकर्मी और उस महिला पत्रकार संग बदसलूकी वाले वीडियो भी शेयर किए हैं.  साथ ही अस्पताल में भर्ती महिला पत्रकार का एक वीडियो भी एक्स अकाउंट पर शेयर किया है, जिसमें उसने रोते हुए कांग्रेस सांसद पर बुरा बर्ताव करने का आरोप लगाया. बता दें कि जिस महिला पत्रकार से बदसलूकी करने का आरोप राहुल गांधी पर लगा है उनका नाम रिचा परासर है. वह बिहार के सिवान की रहने वाली हैं. वह एक डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म के लिए काम करती हैं. 

'कभी ऐसा नेता प्रतिपक्ष देखा है क्या'

बीजेपी ने इस घटना की कुछ तस्वीरों का एक कोलाज अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है.साथ ही उन्होंने कैप्शन में लिखा है- कभी ऐसा नेता प्रतिपक्ष देखा है क्या जो महिला पुलिस के साथ गलत हरकत करता हो. जो अपने ही कार्यकर्ता को कोहनी मारता और धकेलता हो. ⁠जो एक पत्रकार को धकेलता हो.

बीजेपी ने शेयर किया वीडियो

बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी और राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने महिला पत्रकार का अस्पताल का एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने साथ हुई पूरी घटना बयां की. उन्होंने कहा कि वह एक पत्रकार हैं, कोई सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर नहीं. वह एक ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए काम करती हैं, जिसके 22-23 मिलियन फॉलोअर्स हैं. 

महिला पत्रकार का राहुल गांधी पर आरोप

पत्रकार रिचा ने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वह जब राहुल गांधी के पास पहुंचीं तो उन्होंने अपना माइक आगे बढ़ा दिया, जिस पर राहुल ने माइक हटाने का इशारा किया तो उन्होंने माइक हटा दिया. जब उन्होंने देखा कि और माइक आईडी भी वहां लग रही हैं तो एक पत्रकार होने के नाते उन्होंने भी अपना माइक फिर से आगे बढ़ा दिया.राहुल गांधी बहुत ही खराब एक्सप्रेशन के साथ आगे आए और उनका लेफ्ट कंधा पकड़कर खींच दिया. इतने में उनके बॉडी गार्ड्स ने उनको पकड़कर पूरा पुश कर दिया. रिचा ने बताया कि वह मुंह के बल सीढ़ियों पर गिर गईं. उनका इसका एक वीडियो भी है. ये सब उनके कैमरापर्सन के कैमरे में रिकॉर्ड हो रहा था तो राहुल ने उनको भी धकेल दिया. उनको राहुल गांधी ने सबसे पहले उनको धक्का दिया. रिचा ने कहा कि वह घुटने और पेट के बल गिर गईं. उनके ऊपर उनका कैमरापर्सन भी गिर गया. इस घटना में उनका पूरा फोन भी टूट गया है. 

'कोई भी मेरी मदद के लिए आगे नहीं आया'

रिचा ने कहा कि मैंने बहुत प्यार से राहुल गांधी से कहा कि सर मुझे धक्का मत दीजिए. वह कई गुंडा-मलावी नहीं हैं. लेकिन उन्होंने मुझे बुरी तरह से धक्का दिया.मेरा फोन, माइक कहां गया, मुझे कुछ पता नहीं. मेरे ऊपर चार-पांच लोग और गिर पड़े. मैं पूरी तरह से नीच दब गई, मुझे लगा कि सांस नहीं आएगी. वे बहुत ही गंदे लोग थे. राहुल गांधी के साथ मौजूद लोग नहीं बल्कि गुंडे थे. पत्रकार ने रोते हुए कहा कि  इतना सब होने पर भी वे राहुल गांधी जिंदाबाद चिल्ला रहे थे. उन लोगों ने एक पत्रकार के साथ ऐसा व्यवहार किया. मैंने उसी दौरान चिल्लाकर कहा कि मैं चुप नहीं बैठूंगी. कोई भी मेरी मदद के लिए आगे नहीं आया,  वे लोग झूठ बोलने लगे कि कहां धक्का दिया है, झूठ बोल रही है. मैं वहां से रोते हुए निकल गई और एक जगह पर बैठ गई लेकिन कोई भी मेरी मदद के लिए आगे नहीं आया.

महिला पुलिसकर्मी से भी बदसलूकी का आरोप

बता दें कि बीजेपी की तरफ से शेयर किए गए वीडियो में एक वीडियो महिला पुलिसकर्मी का भी है. बीजेपी ने राहुल गांधी पर उसके साथ बदसलूकी का आरोप लगाया है, वीडियो में राहुल उस पुलिसकर्मी को पकड़कर धक्का देते दिखाई दे रहे हैं. अब महिला पत्रकार ने भी उन पर धक्का देने का आरोप लगायाहै.

ये भी पढ़ें-सुप्रीम कोर्ट में क्यों लिस्टेड नहीं हुई विपक्ष की ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका? प्वाइंट्स में जानें 14 खामियां और मांगें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Congress March, Congress Supreme Court, Supreme Court March, Delhi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com