आम आदमी पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर गुरुवार को बड़ा बदलाव किया. राज्यसभा में अपने सांसद राघव चड्ढा को पार्टी के उपनेता पद से हटाकर डॉ. अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंप दी. इसके लिए राज्यसभा सचिवालय पत्र भी भेज दिया. इस बदलाव के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या राघव चड्ढा नाराज हैं? राघव ने सीधा जबाव तो नहीं दिया, लेकिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करके राज्यसभा में उठाए गए मुद्दों की याद दिलाई है.
आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को हटाकर राज्यसभा में अशोक मित्तल को बनाया डिप्टी लीडर, जिसके बाद राघव चड्ढा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट किया वीडियो#RaghavChadha pic.twitter.com/gZ6Uqa6PN0
— NDTV India (@ndtvindia) April 2, 2026
राघव चड्ढा पिछले कुछ समय से संसद में जनहित से जुड़े कई मुद्दे जोर-शोर से उठा रहे थे. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट नए वीडियो में राघव को आम लोगों से जुड़े मुद्दे सदन में उठाते हुए दिखाया गया है. इनमें पैटरनिटी लीव से लेकर मिडिल क्लास पर टैक्स को बोझ, मोबाइल डेटा की लिमिट, मिनिमम अकाउंट बैलेंस जैसे मसले शामिल हैं.
इनके अलावा वीडियो में वह फ्लाइटों में एक्स्ट्रा बैगेज चार्ज, पेपर लीक, वायु प्रदूषण जैसे तमाम मुद्दे सदन में उठाने के वीडियो कंपाइल करके उन्होंने पोस्ट किए हैं. वीडियो के आखिर में वह संसद से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं.
देखें- पोंडा उपचुनाव: केजरीवाल बोले- '2027 में गोवा में हमारी सरकार बना दो, बिजली फ्री कर देंगे'
बता दें कि राज्यसभा में आप के नए डिप्टी लीडर अशोक मित्तल जाने-माने शिक्षाविद्, उद्यमी और राजनीतिज्ञ हैं. वह पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अशोक मित्तल ने मीडिया से कहा कि वह इस अहम जिम्मेदारी के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आभारी हैं. उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे.
अशोक मित्तल ने राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने को पार्टी की सामान्य प्रक्रिया बताया और कहा कि इसके पीछे कोई विशिष्ट कारण नहीं है. उनका कहना था कि पार्टी में हर नेता और सांसद को समय-समय पर अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जाती हैं. पहले यह जिम्मेदारी राघव चड्ढा के पास थी, अब उन्हें सौंपी गई है और भविष्य में यह किसी अन्य नेता को भी दी जा सकती है. ऐसे बदलाव से संगठन को मजबूती मिलती है.
अशोक मित्तल ने एनडीटीवी से कहा कि मैं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे डिप्टी लीडर पद की जिम्मेदारी सौंपी है. मैं इस जिम्मेदारी को अपनी पूरी मेहनत से निभाऊंगा और पार्टी के हित को सर्वोपरि रखकर अपनी आवाज बुलंद करता रहूंगा.
अशोक मित्तल ने NDTV से बातचीत में दावा किया कि इसमें पार्टी के अंदर कोई अंदरूनी मतभेद या गतिरोध की कोई बात नहीं है. आदमी पार्टी में सब कुछ ठीक-ठाक है. हमारी पार्टी में संगठन बहुत मजबूत है. पंजाब में हमारी सरकार है, जो मजबूत है. अगले साल जनवरी या फरवरी में पंजाब में चुनाव है. हम वहां सेंचुरी बनाने वाले हैं.
देखें - आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को हटाकर राज्यसभा में अशोक मित्तल को बनाया डिप्टी लीडर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं