- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर सीनियर नेता नजर सिंह मनशाहिया ने चन्नी के पक्ष में जनता की आवाज बताई
- चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थक उनके मोरिंडा आवास पर जुटकर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग कर रहे हैं
- पार्टी ने अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को अध्यक्ष बनाए रखने का फैसला किया था, जिससे चन्नी नाराज हैं
पंजाब में कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान के बीच पार्टी के सीनियर नेता नजर सिंह मनशाहिया का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि यह संतुष्टि या असंतुष्टि की बात नहीं है. यह लोगों की आवाज है. लोग चन्नी साहब (चरणजीत सिंह चन्नी) के पक्ष में हैं.
जब उनसे पूछा गया कि क्या अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के राज्य कांग्रेस अध्यक्ष बने रहने पर कांग्रेस पंजाब में सरकार नहीं बना पाएगी, तो उन्होंने कहा, 'लोगों का यही कहना है कि तब यहां सरकार नहीं बन पाएगी. चन्नी साहब को अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए. वे राज्य में चुनाव जीतने की योजना बना सकते हैं.'
#WATCH | Morinda, Punjab: On rift over Punjab Congress president post, Congress leader Nazar Singh Manshahia says, "...This is not about satisfaction or dissatisfaction. It is the voice of the people. People's voices are in favour of Channi sahab (Charanjit Singh Channi)."
— ANI (@ANI) July 3, 2026
When… pic.twitter.com/Rqql85K3XH
चन्नी के आवास पर जुटे समर्थक, पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग
चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थक शुक्रवार को पंजाब के मोरिंडा स्थित उनके आवास पर जुटे और इस दौरान कई पूर्व विधायकों ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर बनाए रखने का फैसला किया है. साल 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की विभिन्न समितियों की घोषणा के साथ बुधवार को वड़िंग को पद पर बनाए रखने का ऐलान किया गया था.
चन्नी के मोरिंडा स्थित आवास पर समर्थकों के जुटने से पहले वहां पहुंचे पार्टी के कुछ पूर्व विधायकों ने कहा कि यदि कांग्रेस को अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में पंजाब में सत्ता में लौटना है, तो पूर्व मुख्यमंत्री को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए.
अध्यक्ष न बनाए जाने से नाराज हैं चन्नी
बताया जा रहा है कि यह पद नहीं मिलने से चन्नी नाराज हैं. कहा जा रहा है कि नई नियुक्तियों की घोषणा के बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद देने के लिए औपचारिक फोन तक नहीं किया. चन्नी के समर्थकों ने भी इस बात पर निराशा जतायी कि पूर्व मुख्यमंत्री को वह पद नहीं दिया गया, जिसके लिए वह लंबे समय से प्रयास कर रहे थे.
चन्नी के आवास पर पहुंचने वालों में पूर्व उपमुख्यमंत्री ओ.पी. सोनी, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु और गुरप्रीत सिंह कांगड़, पूर्व सांसद मोहम्मद सादिक, मौजूदा विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, पूर्व विधायक नजर सिंह मनशाहिया, गुरकीरत सिंह कोटली, लखवीर सिंह लखा, दर्शन सिंह बराड़ और तरसेम सिंह शामिल थे.
पूर्व विधायकों ने क्या कहा?
पूर्व विधायक दर्शन सिंह बराड़ ने कहा, ‘यदि चन्नी को प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया गया तो कांग्रेस पंजाब में सरकार नहीं बना सकती. राजा वड़िंग के नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता में नहीं आ सकती.' पूर्व मंत्री गुरप्रीत कांगड़ ने कहा, ‘हमें जनता के बीच जाकर वोट मांगने हैं और लोग चन्नी को ही प्रदेश अध्यक्ष के रूप में देखना चाहते हैं.'
यह भी पढ़ें: अमित शाह से मिले कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा, पंजाब चुनाव से पहले क्या BJP में होंगे शामिल?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं