विज्ञापन

5 करोड़ रिश्वत केस में बड़ा एक्शन, CM की पत्नी से जुड़े आरोपों में पंजाबी फिल्म प्रोड्यूसर ED की हिरासत में

5 करोड़ रुपये रिश्वत मामले में ईडी ने पंजाबी फिल्म निर्माता अमरदीप सिंह ग्रेवाल को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया है. जांच एजेंसी कथित लेन-देन, वित्तीय स्रोतों और विदेशी फंडिंग से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

5 करोड़ रिश्वत केस में बड़ा एक्शन, CM की पत्नी से जुड़े आरोपों में पंजाबी फिल्म प्रोड्यूसर ED की हिरासत में
अमरदीप सिंह ग्रेवाल को ED ने हिरासत में लिया
NDTV
  • CM मान की पत्नी से जुड़े 5 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत मामले में ED ने अमरदीप सिंह ग्रेवाल को हिरासत में लिया
  • अमरदीप सिंह ग्रेवाल पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हैं और उनकी कंपनी ने कई पंजाबी फिल्मों का निर्माण किया है
  • ईडी इस मामले में विदेशी फंडिंग और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर से जुड़े 5 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत के मामले में अब ईडी ने अमरदीप सिंह ग्रेवाल को हिरासत में ले लिया है. ईडी ने ग्रेवाल को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया. अमरदीप सिंह ग्रेवाल पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं. वह एम/एस ईस्ट सनशाइन प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े हैं. ईडी ने इस मामले में अमरदीप सिंह ग्रेवाल को समन भेजकर पूछताछ के लिए तलब किया था.

दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया

अमरदीप सिंह ग्रेवाल के प्रोडक्शन और रिलीज में विदेशी कनेक्शन भी रहे हैं. वे कनाडा से  भारत वापस आ रहे थे, तभी उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिया गया. ग्रेवाल की कंपनी ने ‘मौजां ही मौजां' (2023) और ‘स्नोमैन' (2022) जैसी पंजाबी फिल्मों का निर्माण किया है. ‘मौजां ही मौजां' में गिप्पी ग्रेवाल और बिन्नू ढिल्लों मुख्य भूमिकाओं में थे.

ईडी विदेशी फंडिंग की भी कर रही जांच

अमरदीप ग्रेवाल से जुड़े प्रोडक्शन हाउस की फिल्मों के ओवरसीज प्रोडक्शन और रिलीज से जुड़े लिंक भी बताए जाते हैं. इसी वजह से ईडी कथित 5 करोड़ रुपये के लेन-देन से जुड़े वित्तीय पहलुओं और विदेशी फंडिंग की जांच कर रही है.

क्या है मामला?

यह मामला एक रेप केस को कथित तौर पर दबाने के लिए 5 करोड़ रुपये मांगने के आरोप से जुड़ा है. पूर्व जज जस्टिस रंजीत सिंह और अकाली दल के नेताओं बिक्रम मजीठिया और हरसिमरत कौर बादल ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री की पत्नी के करीबी अमरदीप ग्रेवाल ने एक रेस्टोरेंट में आरोपी के साथी और मीडिया इन्फ्लुएंसर गुरि चहल के साथ कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की डील तय की थी.

आरोपों के मुताबिक, अमरदीप ग्रेवाल ने मुख्यमंत्री की पत्नी की तस्वीर दिखाकर अपनी पहुंच का हवाला दिया था. यह भी आरोप लगाया गया कि कथित डील के बाद आरोपी को दो महीने में छोड़ दिया गया और बाद में वह अमेरिका चला गया. हालांकि ये सभी आरोप अभी अदालत में साबित नहीं हुए हैं.

मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उन्होंने बिक्रम मजीठिया, हरसिमरत कौर बादल और खैरा के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दायर किया है. उनका आरोप है कि फर्जी ऑडियो, तस्वीरों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई.

चंडीगढ़ सिविल कोर्ट ने मजीठिया, खैरा और पूर्व जज जस्टिस रंजीत सिंह द्वारा असत्यापित मानहानिकारक सामग्री प्रकाशित किए जाने पर अंतरिम रोक लगा दी है. अदालत ने कहा है कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा का अधिकार भी महत्वपूर्ण है.

मानवाधिकार आयोग ने भी लिया संज्ञान

इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान लिया है. आयोग ने पंजाब सरकार और डीजीपी से दो सप्ताह के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि यह मामला पीड़िता के न्याय पाने के अधिकार का उल्लंघन करता है.

ईडी कथित 5 करोड़ रुपये के लेन-देन के मनी ट्रेल की जांच कर रही है. जांच एजेंसी को आशंका है कि कथित लेन-देन में फिल्म प्रोडक्शन कंपनी के खातों या फिल्मों की ओवरसीज रिलीज से जुड़े पैसों का इस्तेमाल हुआ हो सकता है.

इसी वित्तीय कड़ी को खंगालने के लिए अमरदीप ग्रेवाल को समन भेजा गया है. एजेंसी की ओर से उनके प्रोडक्शन हाउस के बैंक खातों, विदेशी निवेश और फिल्मों की फंडिंग से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं.

ईडी की जांच का मुख्य फोकस कथित 5 करोड़ रुपये के लेन-देन से जुड़े पैसों के स्रोत, उनके इस्तेमाल और संभावित मनी ट्रेल का पता लगाने पर है. मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि या उन्हें गलत साबित करने का अंतिम फैसला जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगा.

यह भी पढ़ें | पंजाब CM की पत्नी से जुड़े कथित रिश्वत केस में बड़ा ट्विस्ट, साले अमरदीप ग्रेवाल को ED ने बुलाया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amardeep Singh Gill, CM Bhagwant Maan, CM Bhagwant Mann, CM Bhagwant Mann Announcement
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com