विज्ञापन

मणिपुर में बवाल: 6 नगा बंधकों की हत्या से उबाल, हॉस्पिटल में जुटे हजारों लोग, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

मणिपुर में 6 नगा बंधकों की हत्या के बाद बवाल शुरू हो गया है. जिस हॉस्पिटल में नगा बंधकों के शव के पोस्टमार्टम हुए, वहां बीती रात हजारों लोगों की भीड़ जुटी रही. इसके अलावा नगा बहुल इलाकों में भी आगजनी और विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया है. इस घटना के बाद नगा सिविल सोसाइटी ने 24 घंटे के बंद का आह्वान भी किया है.

मणिपुर में बवाल: 6 नगा बंधकों की हत्या से उबाल, हॉस्पिटल में जुटे हजारों लोग, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
मणिपुर में नगा बंधकों की हत्या के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया है.
इंफाल:

Manipur Naga Hostage Killed: 6 नगा बंधकों की हत्या के बाद मणिपुर फिर से सुलगता नजर आ रहा है. नगा बहुल इलाकों में आगजनी और विरोध-प्रदर्शन की खबरें सामने आ रही है. मणिपुर के पहाड़ी इलाकों में भारी अतिरिक्त बल भेजा गया है. दूसरी ओर बीती रात इम्फाल ईस्ट के जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (JNIMS) के मोर्चरी में हजारों लोगों की भीड़ जुटी. जहां विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे. मालूम हो कि 13 मई, 2026 को मणिपुर के लेइलोन वाइफेई गांव से उग्रवादियों ने कथित तौर पर छह नगा लोगों को अगवा कर लिया था. इन लोगों की हत्या कर दी गई. अब नगा समुदाय इन लोगों का शव लेने को तैयार नहीं है. नगाओं की मांग है कि कुकी उग्रवादियों के खिलाफ 'ऑपरेशन सस्पेंशन' (अभियान रोकने का फैसला) रद्द किया जाए.

यूनाइटेड नगा काउंसिल ने 24 घंटे के बंद का किया आह्वान

मणिपुर के नगा समुदायों की मुख्य संस्था - यूनाइटेड नगा काउंसिल (UNC) ने कहा है कि बंधक बनाए गए छह नगाओं के शवों का मिलना मानवाधिकारों का सबसे अस्वीकार्य और घोर उल्लंघन है. UNC ने एक प्रेस बयान में कहा, "हम निर्दोष नगा नागरिकों के साथ की गई इस घिनौनी हरकत की कड़ी निंदा करते हैं. हम पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस गहरे दुख और नुकसान की घड़ी में उनके साथ खड़े हैं." 

KNF(P) उग्रवादियों ने नगाओं की हत्या की

यूनाइटेड नगा काउंसिल ने इस घटना के खिलाफ 24 घंटे के बंद का आह्वान किया है. UNC के बयान में आगे कहा गया, "यह चौंकाने वाली बात है कि 13 मई को लीलोन वैफेई गांव के लोगों और KNF(P) उग्रवादियों द्वारा बंधक बनाए गए 6 निर्दोष नागाओं के शव न केवल बेजान हालत में मिले, बल्कि वे बुरी तरह क्षत-विक्षत और कटे-फटे हुए थे."

जब तक हमारी मांग पर कार्रवाई नहीं होगी, हम बंधकों के शव नहीं लेंगेः नगा

नगाओं ने अब मांग की है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे 6 नगा बंधकों के शव नहीं लेंगे. UNC ने राज्य सरकार से सभी कुकी उग्रवादी समूहों के साथ 'सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन्स' (SoO) समझौते को रद्द करने और नागा और कुकी समुदाय के बीच संघर्ष के दौरान 18 नगा नागरिकों के अपहरण में शामिल कुकी नेशनल फ्रंट - प्रेसिडेंट ग्रुप (KNF-P) के सभी सदस्यों की तुरंत गिरफ्तारी और उन पर मुकदमा चलाने की मांग की है.

नगाओं ने नेमचा किपजेन को उपमुख्यमंत्री के पद से तुरंत हटाने की भी मांग की है. मणिपुर सरकार ने भी कांगपोकपी जिले के लीलोन वैफेई गांव में 13 मई को संदिग्ध सशस्त्र उग्रवादियों द्वारा अगवा किए गए छह निर्दोष नागा ग्रामीणों की हत्या की कड़ी निंदा की है.

 
सीएम ने कहा- ऐसी क्रूर हिंसा बर्दाश्त नहीं, जिम्मेदारों पर होगा एक्शन

मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और इस क्रूर घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी क्रूर हिंसा बर्दाश्त नहीं करेगी और इन अत्याचारों को मूकदर्शक बनकर नहीं देखेगी. उन्होंने कहा कि हत्या के लिए जिम्मेदार दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा और देश के कानून के अनुसार सजा दी जाएगी.

यह भी पढ़ें - मणिपुर में 14 कुकी नागरिकों की रिहाई के अगले दिन मिले 6 लापता नगा पुरुषों के शव

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manipur, Manipur Voilence, Manipur Naga Kuki, Manipur Nagas, Naga Hostages
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com