विज्ञापन
This Article is From Apr 21, 2024

देश-दुनिया के ताकतवर लोग मुझे सत्ता से हटाने के लिए एकजुट हो गए हैं : PM मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता ‘पुराने टेप रिकॉर्डर’ के साथ घूम रहे हैं, जबकि मोदी और उनके दोस्त केंद्र सरकार के कामकाज को लेकर एक बार फिर से आशीर्वाद मांग रहे हैं.

देश-दुनिया के ताकतवर लोग मुझे सत्ता से हटाने के लिए एकजुट हो गए हैं : PM मोदी
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि देश और दुनिया के ताकतवर लोग उन्हें सत्ता से हटाने के लिए एकजुट हो गए हैं. मोदी ने कर्नाटक में कांग्रेस सरकार पर भी हमला किया. बेंगलुरु में हुए हालिया बम विस्फोटों और उत्तरी कर्नाटक के हुबली में एक युवती की हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य के लोगों से कांग्रेस के प्रति सचेत रहने का आग्रह किया. मोदी ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया.

उन्होंने चिक्कबल्लापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘माताएं और बहनें यहां बड़ी संख्या में आई हैं. आप जितनी मेहनत करती हैं, जिन चुनौतियों से अपने परिवार को पालती हैं, मोदी ने अपने घर में भी यह देखा है.''

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘देश-दुनिया के बड़े-बड़े ताकतवर लोग उन्हें सत्ता से हटाने के लिए एकजुट हो गए हैं. यह नारी शक्ति और मातृ शक्ति का आशीर्वाद है, उनका सुरक्षा कवच है कि मोदी हर चुनौती से टकराते हुए आगे बढ़ता जा रहा है. बहन-बेटी की सेवा और सुरक्षा मेरी प्राथमिकता है.''

उन्होंने केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार द्वारा पिछले 10 साल में महिलाओं के कल्याण के लिए उठाये गए कदमों का उल्लेख किया, जिनमें स्वयं सहायता समूहों से उन्हें जोड़ना और ‘लखपति दीदी' बनाना शामिल है. प्रधानमंत्री ने कहा कि शुक्रवार को, लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान राजग और विकसित भारत के पक्ष में गया.

विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अभी उसके पास कोई नेता नहीं है और भविष्य के लिए कोई दृष्टि नहीं है तथा उनका इतिहास घोटालों का रहा है.

मंच साझा करने वाले जद(एस) संस्थापक एवं पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की 90 वर्ष की आयु में ऊर्जा की सराहना करते हुए मोदी ने कहा कि वह उनसे प्रेरणा लेते हैं. मोदी ने कहा, ‘‘कर्नाटक के प्रति उनकी (देवेगौड़ा की) प्रतिबद्धता, राज्य की वर्तमान दशा के लिए उनके दिल में दर्द और आवाज में जोश, राज्य के उज्ज्वल भविष्य का गवाह है.''जद(एस) पिछले साल सितंबर में राजग में शामिल हुआ था.

इससे पहले, अपने भाषण में देवेगौड़ा ने (समाचार पत्र में प्रकाशित) एक व्यंग्यपूर्ण विज्ञापन को लेकर कांग्रेस, मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार की आलोचना की. चुनाव प्रचार संबंधी एक विज्ञापन में आरोप लगाया गया था कि मोदी सरकार का कर्नाटक को तोहफा एक खाली डिब्बा है.

संप्रग शासन के दौरान हुए टूजी और कोयला घोटाला जैसे भ्रष्टाचार की ओर इशारा करते हुए जद(एस) नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस शासन के दौरान राज्य और देश के संसाधनों को लूटे जाने के बाद, मोदी को एक खाली डिब्बा मिला था जिसे प्रधानमंत्री ने पिछले 10 साल में अक्षय पात्र में परिवर्तित कर दिया.'' मोदी ने बाद में बेंगलुरु में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में 2014 और 2019 में एक मजबूत सरकार बनी क्योंकि लोगों ने भाजपा को रिकार्ड संख्या में सीट दी थी, जिसने देश को मजबूत बनाया.

उन्होंने कहा कि इससे पहले भारत को आर्थिक रूप से पांच कमजोर देशों में से एक माना जाता था, लेकिन आज विश्व का हर देश भारत के साथ दोस्ती मजबूत करना चाहता है तथा यहां (भारत में) निवेश करना चाहता है. उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की पांच शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. मोदी ने कहा कि वर्तमान में भारत किसी के पीछे-पीछे चलने वाला देश नहीं, बल्कि आगे चलने वाला देश हो गया है. उन्होंने कहा कि यह महज 10 साल में हुआ है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में ‘इंडिया' गठबंधन के नेता ‘पुराने टेप रिकॉर्डर' के साथ घूम रहे हैं, जबकि मोदी और उनके दोस्त केंद्र सरकार के कामकाज को लेकर एक बार फिर से आशीर्वाद मांग रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और ‘इंडिया' गठबंधन का जोर चुनाव प्रचार के दौरान मोदी पर झूठे आरोप लगाने पर है, जबकि मोदी का जोर 21वीं सदी में भारत के विकास, इसकी समृद्धि और वैश्विक छवि पर है. मोदी ने आरोप लगाया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार का मुख्य जोर भ्रष्टाचार करने पर है.

उन्होंने कहा कि बेंगलुरु के संस्थापक नादप्रभु केम्पेगौड़ा ने एक शानदार शहर का सपना देखा था लेकिन कांग्रेस सरकार ने बहुत कम समय में ‘टेक सिटी' को ‘टैंकर सिटी' में बदल दिया और इसे पानी माफिया के भरोसे छोड़ दिया है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बेंगलुरु स्थित सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को एक मुद्दा बनाने की कोशिश की और देशभर में मोदी को बदनाम करने का प्रयास किया. उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन इसी एचएएल ने अब रिकार्ड मात्रा में लाभ दिया है और उसके पास कई सारे ऑर्डर है.''

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और ‘इंडिया' गठबंधन प्रौद्योगिकी विरोधी है पार्टी ने आधार एवं जनधन खातों का विरोध किया था तथा डिजिटल भुगतान का मजाक उड़ाया था. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने कोरोना के टीके को बदनाम करने की भी कोशिश की थी. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मोदी की गारंटी--5जी के बाद 6जी, कृत्रिम मेधा लाना, चंद्रयान के बाद गगनयान है और वे (कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन) कहते हैं कि वे मोदी को हटाएंगे.''उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवा, निवेश, करदाता, उद्यमिता विरोधी है.

मोदी ने कहा कि कर्नाटक में भजन-कीर्तन सुनने वाली ‘‘हमारी बेटियों पर हमले'' हो रहे हैं, बाजारों में बम विस्फोट हो रहे हैं, और ये सामान्य घटनाएं नहीं हैं.'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं कर्नाटक और बेंगलुरु के लोगों से कांग्रेस के प्रति सतर्क रहने का आग्रह करता हूं.''

कर्नाटक में दो चरणों में लोकसभा चुनाव होना है. राज्य के दक्षिणी हिस्से में 14 सीट पर 26 अप्रैल को जबकि शेष 14 सीट (उत्तरी क्षेत्र) पर सात मई को मतदान होना है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi, Lok Sabha Elections, Elections, Narendra Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com