विज्ञापन

PM Modi Kolkata Rally: 'निर्दयी सरकार' का खेल खत्म, बंगाल में होगा 'जंगल राज' का अंत... कोलकाला में बोले PM मोदी

पीएम मोदी ने कोलकाला में एक रैली को संबोधित करते हुए टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बंगाल से टीएमसी की विदाई तय है. बंगाल में जंगल राज का अंत होगा.

PM Modi Kolkata Rally: 'निर्दयी सरकार' का खेल खत्म, बंगाल में होगा 'जंगल राज' का अंत... कोलकाला में बोले PM मोदी
  • PM मोदी ने कोलकाता में रैली में TMC सरकार पर भ्रष्टाचार और कुशासन का आरोप लगाते हुए जंगल राज कहा
  • उन्होंने दावा किया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और बदलाव की मांग जोर पकड़ रही है
  • मोदी ने कहा कि टीएमसी के अत्याचारी नेताओं को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा और कानून का राज स्थापित होगा

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है. पीएम मोदी ने कोलकाता में ब्रिगेड परेड ग्राउंड एक रैली को संबोधित किया. रैली के दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार और कुशासन को जंगल राज करार दिया और दावा किया कि अब इसके अंत की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. उन्होंने कहा कि बंगाल में 'जंगल राज' का शासन अब खत्म होगा. इसीलिए बंगाल के हर कोने से एक ही आवाज उठ रही है कि इस बार बंगाल में BJP की सरकार बनने जा रही है.

'कुर्सी जाते देख TMC की सरकार बौखलाई'

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और बंगाल के लोगों के दिलों में भी छप चुका है. अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा, अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा. इसलिए बंगाल के हर कोने से आवाज उठ रही है- 'चाई बीजेपी सरकार, अबकी बार'. उन्होंने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'कल TMC ने इस रैली में आने वाले आप सभी लोगों को चोर कहकर गाली दी है. असली चोर कौन है, ये बंगाल की प्रबुद्ध जनता जानती है. अपनी कुर्सी जाते हुए देखकर यहां की निर्मम सरकार बौखला गई है.'

'TMC के किसी अत्याचारी को छोड़ा नहीं जाएगा'

PM ने कहा, 'आज भी इस सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए. आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाड़ियां रुकवा दी, ट्रैफिक जाम करवाया, भाजपा के झंडे उखड़वा दिए, पोस्टर फड़वा दिए. लेकिन निर्मम सरकार साफ-साफ देख लो, आज के जनसैलाब को रोक नहीं पाई हो.' उन्होंने कहा कि बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंट डाउन शुरू हो चुका है. वो दिन दूर नहीं, जब बंगाल में फिर से कानून का राज होगा. जो कानून तोड़ेगा, जो अत्याचार करेगा, TMC के किसी अत्याचारी को छोड़ा नहीं जाएगा, चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा.

'परिवर्तन की इस आंधी को रोक नहीं पाएगी TMC'

प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां की निर्मम सरकार चाहे अब जितना जोर लगा ले, परिवर्तन की इस आंधी को वो अब रोक नहीं पाएगी. भाजपा और NDA के साथ महिषासुर मर्दिनी का आशीर्वाद है. श्री रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, ऋषि बंकिमचंद्र, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, ईश्वरचन्द्र विद्यासागर, खुदीराम बोस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी सभी महान विभूतियों ने जिस बंगाल की कल्पना की थी. भाजपा की सरकार उस बंगाल का निर्माण करेगी, नवनिर्माण करेगी.

Latest and Breaking News on NDTV

पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'TMC सरकार का एक ही एजेंडा है. ये TMC वाले न खुद काम करेंगे, न करने देंगे.जब तक इनको अपना कटमनी नहीं मिल जाता, ये किसी भी योजना को गांव, गरीब तक नहीं पहुंचने देते. इसलिए TMC सरकार केंद्र की योजनाओं को रोककर रखती है.आज बंगाल के किसान की हालत भी किसी से छिपी नहीं है. किसानों से झूठे वायदे और सरकारी खरीद में घोटाला ही TMC की पहचान बन गया है. TMC के कट, कमीशन और करप्शन के कारण, राजनीति के लिए, किसानों की जिंदगी से, गरीबों और मध्यम वर्ग की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है.

'TMC की विदाई पक्की'

पीएम ने कहा कि TMC सरकार गुंडों और अपराधियों की बैसाखी पर चलती है. रंगबाजी और कटमनी, ये TMC की कमाई का जरिया है. ये लोग जानते हैं कि जिस दिन बंगाल के लोग खुलकर सामने आ गए. TMC की विदाई पक्की है. ये TMC मां, माटी, मानुष के नारे पर सत्ता में आई थी. आज वही मां रो रही है, माटी को लूटा जा रहा है और बंगाली मानुष बंगाल छोड़ने पर मजबूर हो रहा है. घुसपैठियों की वजह से आज बंगाल की रोटी, बेटी और माटी पर सबसे बड़ा खतरा आ गया है. ये लोग बंगाल के लोगों का रोजगार छीन रहे हैं और हमारी बहन-बेटियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है और बंगाल के लोगों की जमीनों पर इन घुसपैठियों को कब्जा दिलवाया जा रहा है.

'बंगाल के ज्यादातर इलाकों की डेमोग्राफी बदली'

प्रधानमंत्री ने बंगाल में बढ़ते घुसपैठ के मुद्दे पर ममता सरकार को घेरा. पीएम ने कहा, बीते दशकों में बंगाल के ज्यादातर इलाकों की डेमोग्राफी बदल गई है. बंगाली हिंदुओं को जानबूझकर अल्पसंख्यक बनाया जा रहा है. ये लोग SIR का भी विरोध करते हैं. ताकि घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट से न हट पाएं, वोटर लिस्ट शुद्ध न हो पाए. ये तो ऐसे लोग हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनके भी नाम निकालने के लिए तैयार नहीं हैं. डेमोग्राफी के इस खतरनाक बदलाव ने आज बंगाल को असुरक्षित बना दिया है. अब तो यहां खुलेआम धमकी दी जा रही है और कहा जा रहा है कि एक खास कम्युनिटी वाले मिलकर आपको खत्म कर देंगे. संविधान की कुर्सी पर बैठकर ऐसी धमकी, करोड़ों बंगाली लोगों को खत्म करने की बात आपके मुंह में शोभा नहीं देती है. मैं पूछना चाहता हूं कि वो कौन लोग हैं, जो TMC सरकार के इशारे पर करोड़ों लोगों को खत्म कर देंगे.

उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिन पहले हमारे देश की राष्ट्रपति, आदिवासी समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू बंगाल आई थी, उन्हें संथाल आदिवासी परंपरा के पावन उत्सव में शामिल होना था, लेकिन अहंकार में डूबी इस निर्मम सरकार ने न केवल उस कार्यक्रम का बहिष्कार किया, बल्कि उसे पूरी तरह बदइंतजामी के हवाले कर दिया. क्योंकि, एक आदिवासी बेटी इतने बड़े पद पर है, TMC वालों को उनका सम्मान मंजूर नहीं हुआ.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
West Bengal Election, Bengal Election, PM Modi Bengal, PM Modi Bengal Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com